Begin typing your search...

IPL 2026 में Mumbai Indians को लगातार क्यों मिल रही हार? ये हैं 4 बड़ी वजहें

IPL 2026 में Mumbai Indians का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है. टीम को 8 मैचों में से केवल 2 में ही जीत मिल सकी है. इसकी क्या वजहें हैं, आइए जानते हैं...

mumbai indians
X

मुंबई इंडियंस की टीम 

( Image Source:  BCCI )

8 मैच, 2 जीत और 4 अंक... ये आंकड़े IPL 2026 में Mumbai Indians के बुरे दौर की कहानी खुद-ब-खुद बयां करते हैं. पांच बार की आईपीएल चैंपियन रही टीम की कमान जब से हार्दिक पांड्या के हाथों में गई है, टीम के लिए कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है. इस समय प्वाइंट्स टेबल में टीम लखनऊ सुपर जायंट्स से एक पायदान ऊपर नौवें नंबर पर है.

MI के लिए पिछला सीजन भी बुरे सपने जैसा ही रहा. टीम 14 मैचों में से महज 4 में ही जीत हासिल कर पाई, जबकि 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में फैन्स के मन में सवाल उठ रहे हैं कि टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन खिलाड़ियों से सजी इस टीम की यह दुर्दशा कैसे हुई और इसके जिम्मेदार कौन हैं. आइए इस बारे में डिटेल से जानते हैं...

जसप्रीत बुमराह का खराब फॉर्म

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालने वाले और डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट गेंदबाज माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह इस आईपीएल में अपनी लय से भटके हुए नजर आए. उनकी गेंद पर अनकैप्ड प्लेयर सलिल अरोड़ा नौ लुक शॉट खेलते हैं, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है. इतनी ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी भी उनकी पहली ही गेंद को हवाई यात्रा पर भेजते हैं. बुमराह का कोई खौफ अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन पर नहीं दिखाई दिया. उन्होंने आराम से उनकी गेंदों को बाउंड्री लाइन के पार भेजा.

बुमराह शुरुआती पांच मैचों में कोई विकेट नहीं चटका पाए. उनके विकेटों का खाता खुला गुजरात टाइटंस के खिलाफ, जब उन्होंने पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन को आउट किया. इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बुमराह ने कार्तिक शर्मा को मिचेल सैंटनर के हाथों कैच आउट कराकर अपना दूसरा विकेट लिया. हालांकि, इसके बाद फिर वे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 54 रन देने के बावजूद कोई विकेट नहीं ले पाए.

2- सूर्यकुमार यादव का लय में न होना

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस सीजन लगभग खामोश ही रहा है. अब तक वे 8 मैचों में 20.25 की औसत से केवल 162 रन ही बना पाए हैं. इसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 36 गेंद पर बनाए गए 51 रन भी शामिल हैं.

किस टीम के खिलाफ सूर्या ने कितने रन बनाए?

  • KKR- 8 गेंद पर 16 रन
  • DC- 36 गेंद पर 51 रन
  • RR- 3 गेंद पर 6 रन
  • RCB- 22 गेंद पर 33 रन
  • PBKS- पहली ही गेंद पर आउट
  • GT- 10 गेंद पर 15 रन
  • CSK- 30 गेंद पर 36 रन
  • SRH- 5 गेंद पर 5 रन

3- रोहित शर्मा का चोटिल होना

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस को आईपीएल ट्रॉफी दिलाई थी. यही नहीं, वे बतौर खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स के साथ भी आईपीएल खिताब जीत चुके हैं. इस तरह उनके नाम 6 आईपीएल ट्रॉफी है. उनका मैदान पर मौजूद न होना, MI को काफी भारी पड़ रहा है. ओपनर और एक पूर्व कप्तान के रूप में उनका अनुभव टीम के बहुत काम आता है. वे अक्सर फील्डिंग के दौरान हार्दिक को सलाह देते हुए नजर आते हैं.

रोहित ने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 78 रन की तूफानी पारी खेली थी. इसके बाद उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 35 रन और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 5 रन बनाए. वहीं, RCB के खिलाफ जब वे 19 रन बनाकर खेल रहे थे, उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई, जिसके बाद से वे अब तक मैदान से बाहर हैं.

4- मिडिल ऑर्डर का फेल होना

इस पूरे सीजन MI का मिडिल ऑर्डर फेल रहा. लगातार विकेट गिरने के सिलसिले को मध्य क्रम का कोई भी खिलाड़ी रोक पाने में नाकाम रहा. कई बार मुंबई जीत की तरफ आगे बढ़ती हुई नजर आई, लेकिन फिर लगातार विकेट गिरने से वह बैकफुट पर चली गई और मैच हार गई.

MI के लिए अब तक कैसा रहा IPL 2026 का सफर?

  • 29 मार्च- KKR को 6 विकेट से हराया
  • 4 अप्रैल- DC ने 6 विकेट से हराया
  • 7 अप्रैल- RR ने 27 रन से हराया
  • 12 अप्रैल- RCB ने 18 रन से हराया
  • 16 अप्रैल- PBKS ने 7 विकेट से हराया
  • 20 अप्रैल - GT को 99 रन से हराया
  • 23 अप्रैल- CSK को 103 रन से हराया
  • 29 अप्रैल- SRH को 6 विकेट से हराया
आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख