Census 2027: अब मोबाइल ऐप से होगी जनगणना, UP में 22 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम: जानिए आपको क्या करना है
उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 का पहला चरण 22 मई से शुरू होगा, जिसमें घर और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी. इस बार प्रक्रिया डिजिटल होगी और लोग खुद भी ऑनलाइन जानकारी भर सकते हैं.
Census 2027: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है. इस बार पहला चरण यानी हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस (HLO) 22 मई से 20 जून तक चलेगा. अधिकारियों के मुताबिक, 1 अप्रैल से ही इसकी तैयारियां तेज थीं और कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही थी. इस चरण में आपके घर से जुड़ी जानकारी, जैसे- मकान की स्थिति, पानी, शौचालय, सुविधाएं आदि, इकट्ठा की जाएंगी.
ध्यान रहे, इस फेज में घर में रहने वाले लोगों की संख्या या उनकी व्यक्तिगत जानकारी नहीं ली जाएगी. यह काम दूसरे चरण में होगा, जो फरवरी 2027 में पूरे देश में एक साथ किया जाएगा.
कितने लोग होंगे शामिल?
यह प्रक्रिया बेहद बड़ी है. इसमें करीब 5.25 लाख कर्मचारी शामिल होंगे. इसमें 18 हजार चार्ज ऑफिसर, 75 हजार सुपरवाइजर और लाखों गणनाकर्मी (enumerators) शामिल हैं. ये लोग घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे.
इस बार क्या है नया?
इस बार जनगणना डिजिटल होने जा रही है. पहली बार मोबाइल ऐप के जरिए डेटा कलेक्ट किया जाएगा. हालांकि, जहां जरूरत होगी, वहां कागजी फॉर्म भी इस्तेमाल होंगे.
क्या आप खुद जानकारी दे सकते हैं?
हां, सरकार ने Self Enumeration (SE) प्लेटफॉर्म दिया है. आप 20 मई तक खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं. बाद में अधिकारी इसे वेरिफाई करेंगे.
क्या कर्मचारी घर आएंगे?
हां, 20 मई तक गणनाकर्मी हर घर पर आएंगे. वे आपके घर, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी जानकारी लेंगे.
क्या डेटा सुरक्षित रहेगा?
अधिकारियों का कहना है कि आपकी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी. इसका इस्तेमाल सिर्फ सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा.
कितना बड़ा है ऑपरेशन?
- 75 जिले
- 783 शहर
- 1.04 लाख गांव
- 845 शहरी क्षेत्र
- करीब 39 लाख एन्यूमरेशन ब्लॉक
लोगों को कैसे किया जा रहा जागरूक?
अब तक 1800 से ज्यादा जागरूकता अभियान चलाए जा चुके हैं, ताकि लोग सही जानकारी दें और सहयोग करें. लोगों से जनगणना के काम में सहयोग करने, सही जानकारी देने और हिस्सा लेने की अपील की गई है.




