8 मैच, 6 हार और महज 4 अंक- अब IPL 2026 के प्लेऑफ में कैसे पहुंचेगी Mumbai Indians?
SRH के खिलाफ Mumbai Indians को 243 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा. इससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है.
विकेट लेने का जश्न मनाते मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी
एक और शतक, एक और हार... हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की तरफ से जब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रेयान रिकेलटन ने सेंचुरी जड़ी तो लगा कि आज का मैच तो MI की मुट्ठी में है, लेकिन ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में जो जीत की नींव तैयार की, उस पर हेनरिक क्लासेन और सलिल अरोड़ा ने इमारत तैयार कर दी. इस तरह मुंबई को 243 रन बनाने के बावजूद 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.
मुंबई की तरफ से अब तक क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा और रेयान रिकेलटन ने नाबाद शतक जड़ा है, लेकिन इनमें से जीत केवल तिलक के शतक वाले मैच में ही मिली है. बाकी दोनों बल्लेबाजों के शतक पर गेंदबाजों ने पानी फेर दिया.
MI कैसे प्लेऑफ में पहुंचेगी ?
MI की यह 8 मैचों में छठी हार है. वह 4 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में नौवें नंबर है. ऐसे में यह सवाल भी फैन्स के मन में उठ रहे हैं कि क्या मुंबई इंडियंस अभी भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर पाएगी. उसके अब 6 मैच ही बचे हुए हैं.
ऐसे में अगर वह सभी मैच जीतती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे. इससे वह प्लेऑफ में पहुंच सकती है. लेकिन अगर इनमें से एक भी मैच हारती है तो उसके लिए प्लेऑफ में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा.
गेंदबाजों ने मुंबई इंडियंस को किया निराश
मुंबई इंडियंस की ओर से इस बार गेंदबाजों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया. जसप्रीत बुमराह से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वे दो मैचों के अलावा, किसी मैच में विकेट नहीं चटका पाए. गेंदबाजों के लिए अब 200 से ज्यादा रन देना आम बात हो गई है. इससे उसके नेट रन रेट पर बुरा असर पड़ा है.
मुंबई के अगले मैच कब, कहां और किससे होंगे?
- 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स से चेन्नई में
- 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से वानखेड़े में
- 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से रायपुर में
- 14 मई को पंजाब किंग्स से धर्मशाला में
- 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स से ईडन गार्डन्स में
- 24 मई को राजस्थान रॉयल्स से वानाखेड़े में




