जब सलामी बल्लेबाजों ने मैदान पर मचाई थी तबाही, बिना आउट हुए 20 ओवर में जड़ डाले थे 210 रन; कहानी 18 मई 2022 के IPL मैच की
IPL में एक बार ऐसा कारनामा हुआ है, जब दोनों सलामी बल्लेबाज अंत तक आउट नहीं हुए थे. वे बल्लेबाज थे- केएल राहुल और क्विंटन डी कॉक. दोनों ने 2022 में LSG की ओर से खेलते हुए KKR के खिलाफ नाबाद 210 रन की पार्टनरशिप की थी.
IPL 2022 KKR Vs LSG Match Highlights: 18 मई 2022, मुंबई का डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी और आमने-सामने कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) और लखनऊ सुपरजायंट्स (Lucknow Super Giants) की टीम... किसी ने शायद ही सोचा हुआ होगा कि यह मुकाबला आईपीएल के इतिहास में सुनहरे पन्नों में दर्ज हो जाएगा.. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि इस मैच में केएल राहुल और क्विंटन डी कॉक ने ऐसा कारनामा किया, जो आईपीएल में पहले कभी नहीं हुआ था.
दरअसल, इस मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट खोए 20 ओवर में 210 रन जड़ दिए. विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और कप्तान केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की. डी कॉक 140 और राहुल 68 रन बनाकर नाबाद रहे.
KL Rahul और Quinton De Kock ( क्रेडिट- BCCI)
डी कॉक और राहुल ने कितने चौके-छक्के जड़े?
डी कॉक ने 70 गेंद की अपनी पारी में 200 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 10 छक्के और 10 चौके जड़े. वहीं, राहुल ने 51 गेंद की पारी में 133 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 छक्के और 3 चौके जड़े. यह IPL इतिहास में पहली बार था, जब किसी टीम के दोनों ओपनर्स ने पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की.
KL Rahul (क्रेडिट- BCCI)
क्यों यादगार माना जाता है यह मुकाबला?
यह मैच IPL के इतिहास के सबसे यादगार और रोमांचक मुकाबलों में से एक माना जाता है. डी कॉक और राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 210 रनों की नाबाद साझेदारी उस समय IPL इतिहास की किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी और ओपनिंग के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी. डी कॉक के नाबाद 140 रन IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था.
KL Rahul और Quinton De Kock (क्रेडिट- BCCI)
क्या KKR ने आसानी से हार मान लिया था?
LSG की ओर से रखे गए 211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR ने हार नहीं मानी. मैच की आखिरी गेंद तक रोमांच बना रहा. नीतीश राणा और श्रेयस अय्य की पारियों ने KKR को मैच में बनाए रखा. आखिरी ओवर में KKR को जीत के लिए 21 रनों की जरूरत थी. रिंकू सिंह ने मार्कस स्टोइनिस की गेंदों पर 4, 6, 6 और 2 रन मारकर समीकरण 2 गेंदों में 3 रन पर ला दिया.
Marcus Stoinis (फोटो- BCCI)
मैच का टर्निंग पॉइंट क्या रहा?
मैच का टर्निंग पॉइंट एविन लुईस का कैच रहा. स्टोइनिस की पांचवीं गेंद पर रिंकू सिंह ने एक बड़ा शॉट खेला, जिसे एविन लुईस ने एक हाथ से दौड़ते हुए अविश्वसनीय कैच में बदल दिया. रिंकू 15 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए. अंतिम गेंद पर KKR को 3 रन चाहिए थे, लेकिन स्टोइनिस ने उमेश यादव को बोल्ड कर दिया.
Evin Lewis (क्रेडिट- BCCI)
केकेआर 8 विकेट पर 208 रन ही बना सकी. इस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स ने यह मैच मात्र 2 रनों से जीता. इस जीत के साथ ही LSG ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया था. क्विंटन डी कॉक को उनकी 140 रनों की नाबाद पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. इस मैच में कुल 27 छक्के लगाए. इसमें से LSG ने 14 और KKR ने 13 छक्के जड़े.
KKR vs LSG : एक नजर
- KKR की ओर से सलामी जोड़ी पहले ओवर की चौथी गेंद पर ही बिना कोई रन जोड़े ही टूट गई. वेंकटेश अय्यर बगैर खाता खोले मोहसिन खान की गेंद पर क्विंटन डी कॉक को कैच थमा बैठे.
- इसके बाद दूसरे ओपनर अभिजीत तोमर भी 4 रन बनाकर मोहसिन खान का दूसरा शिकार बने. उनका विकेट तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर गिरा. उस समय टीम का स्कोर महज 9 रन था.
- तीसरे विकेट के लिए नीतीश राणा और श्रेयस अय्यर के बीच 27 गेंद पर 56 रन की साझेदारी हुई. राणा जब आउट हुए, उस समय टीम का स्कोर 65 रन था. राणा 22 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें के गौतम न स्टोइनिस के हाथों कैच आउट कराया.
- इसके बाद चौथे विकेट के लिए अय्यर और सैम बिलिंग्स के बीच 40 गेंद में 66 रन की पार्टनरशिप हुई. अय्यर 29 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए. जब उनका विकेट गिरा, उस समय टीम का स्कोर 131 रन था.
- केकेआर को 142 रन पर सैम बिलिग्स के रूप में पांचवां, 150 के स्कोर पर आंद्रे रसेल के रूप में छठा, 208 रन के स्कोर पर रिंकू सिंह के रूप में सातवां और उमेश यादव के रूप में आठवां विकेट गिरा.
- आंद्रे रसेल ने 5, सैम बिलिंग्स ने 36 और उमेश यादव बिना खाता खोले आउट हुए. रिंकू सिंह ने 15 गेंद में 40 रन की तूफानी पारी खेली. हालांकि, वे टीम को जीत नहीं दिला पाए.सुनील नरेन 7 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे.
- LSG की ओर से मोहसिन खान और मार्कस स्टोइनिस ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि कृष्णप्पा गौतम और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट लिया.
'प्लेयर ऑफ द मैच' डी कॉक ने क्या कहा?
प्लेयर ऑफ द मैच बने Quinton de Kock ने आखिरी ओवर के बारे में कहा, "मुझे लगा स्टोइनिस आसानी से मैच बचा लेंगे, लेकिन पहली तीन गेंदों में चौके-छक्के लगे, तब लगा मैच हमारे हाथ से निकल गया. फिर आया वो कैच… उस कैच ने मैच पलट दिया… जैसा कहते हैं, अच्छे कैच मैच जिताते हैं."
केएल राहुल ने क्या कहा?
- KL Rahul ने मैच को लेकर मजेदार प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "ऐसे मैचों के लिए मुझे ज्यादा पैसे मिलने चाहिए."
- राहुल ने कहा कि इस सीजन में ऐसे रोमांचक मैच कम मिले. आखिरी गेंद तक मैच गया. हम हार भी सकते थे.
- LSG कप्तान ने आखिरी ओवर में Marcus Stoinis की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि स्टोइनिस ने आखिरी दो गेंदों पर शानदार गेंदबाजी की. दबाव में प्लान पर टिके रहे. यही मैच का फर्क बना.
- राहुल ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि डी कॉक शानदार लय में थे. टीम को ऐसे ही बड़े स्कोर चाहिए थे. ऐसे में एविन लुईस का कैच मैच का टर्निंग पॉइंट रहा.
- लखनऊ के कप्तान ने युवा तेज गेंदबाज Mohsin Khan की भी तारीफ की और कहा, "जिस तरह वह खेल रहे हैं, जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी पहन सकते हैं."
शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने कब किया गिल- डी कॉक जैसा करारनाम?
18 मई 2025 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात टाइटंस (GT) की ओर से कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए आईपीएल इतिहास में एक नया अध्याय लिखा. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 3 विकेट के नुकसान पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. DC के कप्तान केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 65 गेंदों में नाबाद 112 रन ठोक दिए, जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे. अभिषेक पोरेल (30) और अक्षर पटेल (25) ने भी शानदार पारी खेली.
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम ने एक भी विकेट नहीं खोया और 19 ओवर में ही 205 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया. सुदर्शन ने मात्र 61 गेंदों में 108 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उन्हें उनकी इस पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. वहीं, गिल ने 53 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, दोनों के बीच 205 रनों की नाबाद साझेदारी हुई, जो आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 10 विकेट की सबसे बड़ी जीत है.




