संभल में ‘पॉटी’ ब्रेक पर हंगामा! टॉयलेट करने गया सिपाही तो ASI ने गैरहाजिरी लगाकर लिख दी रिपोर्ट, SP ने लिया एक्शन- देखिए VIDEO
संभल में गंगा एक्सप्रेसवे ड्यूटी के दौरान ‘पॉटी ब्रेक’ को लेकर हेड कांस्टेबल और ASI के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि टॉयलेट के लिए गए सिपाही की गैरहाजिरी लगाकर ASI ने रिपोर्ट दर्ज कर दी, जिससे मामला बढ़ गया.
संभल से सामने आई यह खबर पुलिस महकमे की छवि पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है. यहां ऑन ड्यूटी एक हेड कांस्टेबल और ट्रैफिक प्रभारी के बीच ऐसी भिड़ंत हुई कि मामला सीधे एसपी तक पहुंच गया. गंगा एक्सप्रेसवे की ड्यूटी के दौरान शुरू हुआ यह विवाद अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है.
मामला इतना तूल पकड़ गया कि दोनों अधिकारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और विभागीय जांच बैठा दी गई है. आरोप-प्रत्यारोप, तीखी बहस और ‘पॉटी’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल ने इस पूरे विवाद को और भी ज्यादा सुर्खियों में ला दिया है.
क्या है पूरा मामला, कैसे शुरू हुआ बवाल?
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. इसी दौरान हेड कांस्टेबल जय भगवान की तबीयत बिगड़ गई और वह कुछ समय के लिए पास के पेट्रोल पंप पर फ्रेश होने चले गए. इसी बीच मौके पर पहुंचे ट्रैफिक प्रभारी Dushyant Baliyan ने उन्हें ड्यूटी पॉइंट पर नहीं पाया. इसे लापरवाही मानते हुए उन्होंने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर दी, जिससे विवाद की चिंगारी भड़क उठी.
हेड कांस्टेबल का पक्ष क्या है?
हेड कांस्टेबल Jai Bhagwan ने इस कार्रवाई को पूरी तरह गलत बताया. उन्होंने कहा कि वह किसी निजी काम से नहीं गए थे, बल्कि अचानक तबीयत खराब होने की वजह से फ्रेश होने गए थे. उन्होंने बताया कि 'मुझे सुबह 8 बजे से लेकर रात 8 बजे तक ड्यूटी दी गई थी. इस बीच मुझे पॉर्टी आ गई तो मैं फ्रेश होने चला गया. जब वापस आया तो फोन आया कि तुम्हारी रिपोर्ट लिख गई है. मैंने कहा सर, किस बात की? तो बोले गैरहाजिरी लगी है. मैंने कहा मैं फ्रेश होने गया था, तो उन्होंने कहा कि‘मैंने तेरे पॉर्टी का ठेका ले रखा है क्या?’”
क्या प्रभारी पर भी लगे गंभीर आरोप?
जय भगवान ने सिर्फ अपनी सफाई ही नहीं दी, बल्कि ट्रैफिक प्रभारी पर गंभीर आरोप भी लगाए. उनका कहना है कि 'ASI हमसे चिढ़े हुए हैं और अवैध तरीके से ट्रंक (डंपर-ट्रक) चलवाते हैं.' उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वह ऐसे वाहनों का चालान करते हैं, तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है. कांवड़ यात्रा के दौरान भी एक डंपर को रोकने पर उन्हें दबाव का सामना करना पड़ा था.
क्या पहले से चल रही थी दोनों के बीच खटास?
हेड कांस्टेबल के मुताबिक, यह विवाद अचानक नहीं हुआ बल्कि पहले से ही दोनों के बीच तनाव था. अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर प्रभारी उनसे नाराज रहते थे, जो इस घटना में खुलकर सामने आ गया.
एसपी ने क्या लिया एक्शन?
मामले की गंभीरता को देखते हुए Krishna Kumar Bishnoi ने तुरंत दोनों को लाइन हाजिर कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए. एसपी का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
क्या गंगा एक्सप्रेसवे ड्यूटी बनी विवाद की वजह?
दरअसल, Ganga Expressway के उद्घाटन के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी. इसी ड्यूटी के दौरान यह पूरा विवाद हुआ, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.




