IPL 2026: बल्लेबाजी के दौरान बार-बार तिलक पर क्यों चिल्ला रहे थे Hardik Pandya? मैच के बाद किया खुलासा
तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शतक लगाया. वहीं बल्लेबाजी के दौरान कप्तान हार्दिक पांड्या को कई बार तिलक के ऊपर चिल्लाते हुए देखा गया था. जिसका खुलासा मैच के बाद हार्दिक ने किया.
Tilak Varma
IPL 2026, GT vs MI: लगातार 4 मैच हारने के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 में दूसरी जीत मिल ही गई. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के साथ खेले गए मैच में मुंबई ने 99 रनों से शानदार जीत हासिल की. मुंबई इंडियंस की जीत में तिलक वर्मा ने अहम भूमिका निभाई. कई पारियों से तिलक का बल्ला खामोश था, लेकिन इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने शतक जड़ा जो तिलक के आईपीएल करियर का पहला शतक भी है.
वहीं मुंबई की बल्लेबाजी के दौरान जब कप्तान हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा क्रीज पर थे तो कई बार हार्दिक को तिलक पर चिल्लाते हुए देखा गया. वहीं मैच के बाद हार्दिक ने खुलासा किया कि आखिर दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी और बार-बार चिल्लाकर हार्दिक क्या बोल रहे थे?
क्यों चिल्ला रहे थे हार्दिक?
मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया कि "हां, मुझे लगता है कि मैं दो-तीन बार इतना जोर से चिल्लाया कि मुझे चक्कर आने लगा. तो हां, लेकिन यह टीम के लिए बहुत जरूरी था. तिलक के लिए बहुत जरूरी था. मुंबई इंडियंस के लिए बहुत जरूरी था और एक कप्तान के तौर पर भी, इस तरह की ऊर्जा ही सब कुछ बदल देती है. तिलक के पास जिस तरह की प्रतिभा है, उसे ज्यादा चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. इसलिए मैं उसे बस यही कहता रहा कि तुम बस गेंद को देखो और चाहे कुछ भी हो जाए, गेंद को मारो."
बुमराह के पहले विकेट पर क्या रिएक्शन?
बुमराह ने इस मैच में पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया, जो उनका इस सीजन का पहला विकेट भी था. इसको लेकर हार्दिक ने कहा "यह वाकई दिलचस्प है. मैंने कई लोगों को यह कहते सुना है कि जसप्रीत बुमराह ने कभी गेंदबाजी क्यों नहीं की... लेकिन अगर आप देखें तो उन्होंने 138 मैच खेले हैं और मुझे लगता है कि जसप्रीत ने सिर्फ 8 या 9 बार ही पहला ओवर फेंका है. इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह हार्दिक पांड्या की समस्या है. बात बस इतनी है कि जसप्रीत बुमराह इतने खास हैं कि टीम की जरूरत के हिसाब से उनका इस्तेमाल किया जाता है, न कि शुरुआती ओवरों में."
तिलक वर्मा का शानदार शतक
बल्लेबाजी की शुरुआत में तिलक वर्मा काफी धीमा खेल रहे थे और उनका स्ट्राइक रेट भी 100 से नीचे था, लेकिन टाइम आउट के बाद तिलक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. मैदान के चारों तरफ तिलक ने बड़े शॉट लगाए. इस मैच में उन्होंने 45 गेंदों पर 101 रनों की नाबाद पारी खेली. जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. इस दौरान तिलक का स्ट्राइक रेट 224.44 का था.




