IPL 2026: शुरुआती 7 मैचों में से 4 गंवाए, फिर भी फाइनल तक कैसे पहुंची गुजरात टाइटंस? जानिए GT की सफलता के 3 सबसे बड़े राज
गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर पांच साल में तीसरी बार IPL फाइनल में जगह बना ली है. शुभमन गिल-साई सुदर्शन की विस्फोटक ओपनिंग, जेसन होल्डर की एंट्री और रबाडा-सिराज की घातक गेंदबाजी ने GT को फिर से खिताब के दरवाजे तक पहुंचा दिया है.
गिल-सुदर्शन, रबाडा-सिराज और जेसन होल्डर
How Gujarat Titans Reached IPL 2026 Final: गुजरात टाइटंस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें IPL की सबसे मजबूत और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों में क्यों गिना जाता है. राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर-2 में हराकर गुजरात ने पांच साल में तीसरी बार IPL फाइनल में जगह बनाई है. अब उनकी नजर दूसरे खिताब पर है.
2022 में डेब्यू सीजन में ट्रॉफी जीतने वाली GT एक बार फिर इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है... लेकिन यह सफर आसान नहीं था. सीजन के पहले हाफ में गुजरात संघर्ष कर रही थी. टीम ने शुरुआती 7 मैचों में सिर्फ 3 जीत हासिल की थी और 4 मुकाबले गंवाए थे. कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने गुजरात को प्लेऑफ की दौड़ से बाहर तक मान लिया था, फिर अचानक सबकुछ बदल गया... इसके पीछे की 3 वजह सामने आई है...
1. शुभमन गिल और साई सुदर्शन: GT की सबसे बड़ी ताकत
अगर IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की सफलता को एक तस्वीर में दिखाना हो तो उसमें सिर्फ दो चेहरे होंगे- शुभमन गिल और साई सुदर्शन. दोनों बल्लेबाजों ने पूरे सीजन विपक्षी टीमों के गेंदबाजों की नींद उड़ाकर रखी. क्वालिफायर-2 में राजस्थान के खिलाफ 215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़कर मैच लगभग खत्म कर दिया.
गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने सिर्फ 32 गेंदों पर 58 रन ठोक दिए. इस सीजन दोनों बल्लेबाज 700 रन के आंकड़े को पार कर चुके हैं. गिल 722 रन के साथ ऑरेंज कैप की दौड़ में हैं, जबकि सुदर्शन 710 रन के साथ उनके पीछे हैं. पिछले सीजन भी यही जोड़ी गुजरात की सबसे बड़ी ताकत थी. अब लगातार दूसरे साल दोनों ने GT को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.
2. जेसन होल्डर की एंट्री ने बदल दिया पूरा सीजन
सीजन की शुरुआत में GT का संतुलन बिगड़ा हुआ नजर आ रहा था, लेकिन जब Jason Holder को टीम में नियमित मौका मिला, तब गुजरात का अभियान पूरी तरह बदल गया. 7 करोड़ रुपये में खरीदे गए होल्डर शुरुआत में बेंच पर बैठे रहे, लेकिन ग्लेन फिलिप्स की जगह टीम में आने के बाद उन्होंने गेंद से कमाल कर दिया. 10 मैचों में 15 विकेट और सिर्फ 7.54 की इकॉनमी...
क्वालिफायर-2 में होल्डर ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 अहम विकेट लिए. क्वालिफायर-1 में भी उन्होंने एक ही ओवर में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को आउट कर मैच में जान फूंक दी थी. 6 फीट 7 इंच लंबे होल्डर ने अपनी अतिरिक्त उछाल और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया.
3. रबाडा-सिराज की जोड़ी बनी GT का सबसे बड़ा हथियार
IPL 2026 बल्लेबाजों का सीजन रहा, लेकिन गुजरात के गेंदबाजों ने दिखाया कि मैच सिर्फ बल्ले से नहीं जीते जाते. कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज की नई गेंद वाली जोड़ी पूरे टूर्नामेंट में विपक्षी टीमों पर भारी पड़ी.
रबाडा ने 28 विकेट लिए, जिनमें रिकॉर्ड 18 विकेट पावरप्ले में आए. सिराज ने 17 विकेट लेने के अलावा पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकीं. दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 31 विकेट झटके और लगभग हर मैच में विपक्षी टीम के टॉप ऑर्डर को हिला दिया.
हार से सीखा, फिर फाइनल में पहुंचे
क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात को 54 रन से करारी हार मिली थी. 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 51/5 पर सिमट गई थी और ऐसा लग रहा था कि उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा... लेकिन GT ने शानदार वापसी की.
राजस्थान के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में रबाडा-सिराज ने शुरुआती झटके दिए और फिर शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए शतक जड़ दिया. नतीजा- गुजरात टाइटंस एक बार फिर IPL फाइनल में...
GT का फाइनल तक का सफर
- पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से हराया
- राजस्थान रॉयल्स ने 6 रन से हराया
- दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया
- लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया
- कोलकाता नाइटराइडर्स को 5 विकेट से हराया
- मुंबई इंडियंस ने 99 रन से हराया
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 विकेट से हराया
- चेन्नई सुपरकिंग्स को 8 विकेट से हराया
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराया
- पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराया
- राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराया
- सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराया
- कोलकाता नाइटराइडर्स ने 29 रन से हराया
- चेन्नई सुपरकिंग्स को 89 रन से हराया
- क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 92 रन से हराया
- क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया
अब खिताबी मुकाबले में GT का सामना फिर से RCB से होगा. एक तरफ विराट कोहली का दूसरा IPL खिताब जीतने का सपना होगा, तो दूसरी तरफ गुजरात का दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का मिशन. कुल मिलाकर, फाइनल मुकाबला ब्लॉकबस्टर होने जा रहा है. अब तक 2022 से लेकर 2025 तक गुजरात 3 बार प्लेऑफ में पहुंची है. इस दौरान टीम ने एक बार ट्रॉफी उठाई है, जबकि एक बार टीम रनर-अप रही.




