Begin typing your search...

कौन थे इंटरनेशनल पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी? GF से मिलने के बीच आई मर्डर की खबर- पुलिस ने बताया कैसे हुई मौत

गाजियाबाद के इंटरनेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या ने खेल जगत को झकझोर दिया है. बेंगलुरु से गोल्ड जीतकर लौटे चिराग एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाई कर चुके थे.

कौन थे इंटरनेशनल पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी? GF से मिलने के बीच आई मर्डर की खबर- पुलिस ने बताया कैसे हुई मौत
X
( Image Source:  @SachinGuptaUP- X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Updated on: 31 May 2026 12:26 AM IST

चिराग त्यागी… एक ऐसा नाम जिसने अपनी कमजोरी को ही अपनी ताकत बना लिया था. आंखों से कम दिखाई देने के बावजूद उसने ट्रैक पर ऐसी रफ्तार दिखाई कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर एशियन पैरा गेम्स तक पहुंच गया. लेकिन जिस खिलाड़ी ने भारत का नाम रोशन किया, उसकी जिंदगी गाजियाबाद में दर्दनाक तरीके से खत्म हो गई. शनिवार को दक्षिण भारत से जीत का परचम लेकर लौटे 25 वर्षीय इंटरनेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या कर दी गई. उनका शव जीटी रोड स्थित साईं उपवन के पास लहूलुहान हालत में मिला, जिससे पूरे खेल जगत में सनसनी फैल गई.

पुलिस को शुरुआती जांच में चिराग की पीठ पर गोली का निशान मिला है, जबकि शरीर पर चोटों के भी कई निशान थे. डॉक्टरों को शुरुआत में करंट लगने की आशंका हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पेशेवर दुश्मनी, प्रेम संबंध और पैसों के लेनदेन समेत कई एंगल से जांच कर रही है.

कौन थे पैरा एथलीट चिराग त्यागी?

गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव निवासी चिराग त्यागी एक इंटरनेशनल पैरा रनर थे. उन्हें आंखों से देखने में दिक्कत थी और वे T12 कैटेगरी में हिस्सा लेते थे. यह कैटेगरी उन खिलाड़ियों के लिए होती है जिन्हें गंभीर विजुअल इम्पेयरमेंट होता है. चिराग ने बेहद कम उम्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी. वे 100 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते थे.

बेंगलुरु से गोल्ड जीतकर लौटे थे चिराग

26 से 28 मई के बीच बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2026 में चिराग ने 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा उन्होंने 1500 मीटर में सिल्वर मेडल भी हासिल किया. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स के लिए भी क्वालिफाई कर लिया था. अक्टूबर 2026 में जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स में उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करना था.

चिराग त्यागी की हत्या कैसे हुई?

शनिवार शाम करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गाजियाबाद के साईं उपवन इलाके में एक युवक का शव पड़ा हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक का चेहरा खून से लथपथ था और पीठ पर गोली जैसा निशान था. बाद में उसकी पहचान चिराग त्यागी के रूप में हुई.

पुलिस को मौके से चिराग का मोबाइल फोन और बैग भी बरामद हुआ है. इसी वजह से पुलिस लूटपाट की आशंका को फिलहाल कमजोर मान रही है. घटनास्थल पर बिखरे खून और संघर्ष के निशानों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले चिराग की आरोपियों से हाथापाई हुई थी.

क्या चिराग के परिचितों ने की हत्या?

पुलिस की शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि हत्या में चिराग के जानने वाले लोग शामिल हो सकते हैं. जांच में सामने आया कि बेंगलुरु से दिल्ली लौटने के बाद चिराग मेट्रो से नया बस अड्डा स्थित शहीद स्थल स्टेशन पहुंचे थे. इसके बाद वे किसी परिचित के साथ साईं उपवन की ओर गए. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार चिराग किसके साथ थे.

गर्लफ्रेंड एंगल की भी जांच क्यों?

सूत्रों के मुताबिक, चिराग की एक लड़की से दोस्ती थी, जिससे उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी. बताया जा रहा है कि वह लड़की इंदौर की रहने वाली है और शनिवार को चिराग से मिलने गाजियाबाद आई थी. पुलिस अब चिराग की गर्लफ्रेंड, कोच, साथी खिलाड़ियों और परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले की जांच के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं.

इंटरनेशनल स्तर पर क्या थीं चिराग की उपलब्धियां?

  • 400 मीटर दौड़ में इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट
  • 1500 मीटर में सिल्वर मेडल विजेता
  • दुबई 2026 पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में ब्रॉन्ज मेडल
  • राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में कई मेडल
  • एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाई

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

अगला लेख