IPL 2026 Qualifier 2 में बड़ा ड्रामा! पहले GT जीती टॉस, फिर RR को मिला फायदा; गुस्से में नजर आए Shubman Gill- वीडियो वायरल
IPL 2026 के क्वालिफायर-2 से पहले टॉस को लेकर बड़ा विवाद हो गया. पहली बार टॉस में गुजरात टाइटंस ने जीत हासिल कर ली थी, लेकिन मैच रेफरी ने कहा कि उन्हें रियान पराग की कॉल सुनाई नहीं दी, जिसके बाद दोबारा टॉस कराया गया. दूसरी बार राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीत लिया, जिससे शुभमन गिल साफ नाराज नजर आए.
GT Vs RR मैच में दो बार हुआ टॉस
Why IPL 2026 Qualifier 2 Toss Was Conducted Twice in RR vs GT Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले से पहले ही मैदान पर ऐसा ड्रामा देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुल्लांपुर में खेले गए इस बड़े मुकाबले में टॉस को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
दरअसल, पहली बार जब सिक्का उछाला गया, तब राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कॉल की. सिक्का टेल्स पर गिरा और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीत लिया, लेकिन तभी मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने कहा कि उन्हें रियान पराग की कॉल सुनाई नहीं दी.
रियान पराग ने जीता टॉस
इसके बाद दोबारा टॉस कराने का फैसला लिया गया. दूसरी बार रियान पराग ने जोर से 'हेड्स' कहा और इस बार सिक्का हेड्स पर गिरा. यानी दूसरी कोशिश में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीत लिया. यहीं से विवाद शुरू हो गया.
नाराज दिखाई दिए गिल
शुभमन गिल साफ तौर पर नाराज दिखाई दिए क्योंकि पहली बार टॉस जीतने के बावजूद उन्हें दोबारा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. कैमरे में भी गिल का रिएक्शन कैद हुआ, जहां वे हेड कोच आशीष नेहरा से नाराजगी जताते नजर आए.
हालांकि बाद में गिल ने कहा कि गुजरात भी पहले बल्लेबाजी ही करना चाहती थी. उन्होंने कहा कि विकेट पर पहले ही 40 ओवर का खेल हो चुका था और ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं थी, लेकिन रेफरी को रियान की कॉल सुनाई नहीं दी, इसलिए दोबारा टॉस करना पड़ा.
पहले भी मैच में दो बार हो चुका है टॉस
दिलचस्प बात यह है कि क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार नहीं हुआ. इससे पहले 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में भी भारत और श्रीलंका के बीच टॉस दोबारा कराया गया था क्योंकि वानखेड़े स्टेडियम में शोर इतना ज्यादा था कि मैच रेफरी और एमएस धोनी, कुमार संगकारा की कॉल सुन नहीं पाए थे.
रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद क्या कहा?
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद कहा कि उनकी टीम पहले बल्लेबाजी ही करना चाहती थी, क्योंकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी हो सकती है और उनके गेंदबाज स्लोअर गेंदों का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं.
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दो हिस्सों में बंट गए. कुछ लोगों ने इसे रेफरी की गलती बताया, जबकि कई फैंस का कहना था कि IPL जैसे बड़े मुकाबले में ऐसी बेसिक गलती नहीं होनी चाहिए.




