बिहार के वैशाली जिले से सामने आए एक मामले ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. लोग इस केस की तुलना चर्चित ‘ज्योति मौर्य विवाद’ से कर रहे हैं. आरोप है कि एक पति ने मजदूरी करके, जमीन बेचकर और हर मुश्किल झेलकर अपनी पत्नी को पढ़ाया-लिखाया ताकि वह बीपीएससी टीचर बन सके, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसे और उनके बेटे को छोड़ दिया. मामला हाजीपुर इलाके का बताया जा रहा है, जहां पति ने अपनी पत्नी पर रिश्ते में दरार, परिवार से दूरी और धोखा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पति का कहना है कि उसने अपनी पत्नी की पढ़ाई और तैयारी के लिए दिन-रात मेहनत की, यहां तक कि जमीन तक बेच दी, लेकिन सरकारी नौकरी मिलने के बाद पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया.