उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का कंक्रीट स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे. भारी मलबे में दबने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना कुरारा क्षेत्र के मौरकंदर परसानी और नैठी गांव के बीच हुई. बताया जा रहा है कि इलाके में देर रात तेज बारिश और तेज हवाएं चल रही थीं. इसी दौरान पुल का एक बड़ा हिस्सा कमजोर होकर टूट गया और नीचे सो रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू किया गया. कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा. शुरुआती जानकारी के मुताबिक मजदूर निर्माण स्थल के पास ही अस्थायी तौर पर रह रहे थे और रात में पुल के नीचे सोए हुए थे. अचानक स्लैब गिरने से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं. अब यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर खराब मौसम के बावजूद सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे और मजदूरों को निर्माणाधीन हिस्से के नीचे रुकने की अनुमति कैसे दी गई.