Begin typing your search...

50 लाख की सुपरबाइक पर घूमते दिखे BJP के मंत्री, पेट्रोल बचाने की नसीहतों के बीच वायरल VIDEO पर मचा बवाल

पश्चिम बंगाल BJP नेता दिलीप घोष का 50 लाख की Honda Gold Wing सुपरबाइक चलाते वीडियो वायरल. पेट्रोल बचाने की बहस के बीच उठे सवाल.

50 लाख की सुपरबाइक पर घूमते दिखे BJP के मंत्री, पेट्रोल बचाने की नसीहतों के बीच वायरल VIDEO पर मचा बवाल
X
( Image Source:  @JaikyYadav16-X )

देश में इन दिनों पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और तेल संकट को लेकर लगातार बहस छिड़ी हुई है. सरकार से लेकर आम जनता तक हर कोई ईंधन बचाने की बात कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार लोगों से अपील कर चुके हैं कि जरूरत पड़ने पर ही पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल करें और फिजूल खर्ची से बचें. भाजपा के कई नेता भी सोशल मीडिया पर साइकिल चलाते या सादा जीवन अपनाने वाले वीडियो शेयर करते नजर आते हैं. लेकिन इसी बीच पश्चिम बंगाल से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

Honda Gold Wing Tour बाइक की कितनी है कीमत?

दरअसल, पश्चिम बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री दिलीप घोष हाल ही में एक लग्जरी सुपरबाइक चलाते नजर आए. यह कोई आम बाइक नहीं बल्कि Honda Gold Wing Tour है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिलीप घोष इस हाई-एंड बाइक पर सवारी करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

वीडियो शेयर कर क्या बोले भाजपा नेता?

दिलीप घोष ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार इस 1800cc, 6-सिलेंडर सुपर बाइक को चलाया और इसका अनुभव बेहद शानदार रहा. उन्होंने बाइक की स्पीड, आरामदायक सीट और लंबी दूरी के सफर के लिए इसकी सुविधाओं की जमकर तारीफ की. घोष ने कहा कि पहले कोलकाता की सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण की वजह से काफी संकरी हो गई थीं, लेकिन अब भाजपा सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने के बाद ऐसी बाइक्स चलाना आसान हो गया है. उनके मुताबिक, नई सरकार जिस तेजी से काम कर रही है, उसी तरह शहर की रफ्तार भी तेज होगी.

हालांकि, दिलीप घोष का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर सवालों की बौछार शुरू हो गई. कई यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि जिस समय देश में पेट्रोल बचाने की बातें हो रही हैं, उसी वक्त 1800cc इंजन वाली सुपर बाइक पर सवारी करना विरोधाभासी लगता है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि यह बाइक पेट्रोल बचाती नहीं बल्कि “पानी की तरह पीती” है.

बता दें कि Honda Gold Wing Tour को दुनिया की सबसे प्रीमियम टूरिंग बाइक्स में गिना जाता है. इसमें 1833cc का फ्लैट 6-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो लगभग 125 bhp की पावर और 170 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. यह बाइक करीब 230 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक जा सकती है. इसमें 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, TFT डिस्प्ले, Apple CarPlay, क्रूज कंट्रोल और बेहद आरामदायक सीटिंग जैसे लग्जरी फीचर्स दिए गए हैं. भारत में इसकी कीमत करीब 39 लाख से 43 लाख रुपये के बीच बताई जाती है, जबकि इसका माइलेज लगभग 14 kmpl है.

अब दिलीप घोष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कुछ लोग इसे नेताओं का लग्जरी शौक बता रहे हैं, तो कुछ इसे आम जनता को दिए जाने वाले संदेश से जोड़कर देख रहे हैं.

वायरल
अगला लेख