47 गेंद में 96 रन, 7 छक्के और 8 चौके! Vaibhav Sooryavanshi फिर शतक से चूके, लेकिन रच दिया इतिहास- कई रिकॉर्ड हुए ध्वस्त
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर IPL 2026 में तूफान मचा दिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में उन्होंने 47 गेंदों पर 96 रन ठोक दिए और सबसे तेज 1000 IPL रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। हालांकि शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने पूरे मैच का रंग बदल दिया।
Vaibhav Sooryavanshi Creates IPL History Again With Explosive 96 Against Gujarat Titans: वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ एक युवा बल्लेबाज नहीं रहे... वो IPL 2026 की सबसे बड़ी सनसनी बन चुके हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में 97 रन की तबाही के बाद अब गुजरात टाइटंस भी इस 15 साल के बल्लेबाज के तूफान में उड़ती नजर आई. क्वालिफायर-2 में वैभव ने 47 गेंदों पर 96 रन की ऐसी पारी खेली, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह लड़का सिर्फ बड़े शॉट नहीं मारता... इतिहास लिखता है.
मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को तेज शुरुआत की जरूरत थी और वैभव ने आते ही इरादे साफ कर दिए. कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज जैसे बड़े गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने बिना किसी डर के बल्लेबाजी की.
इस बार सिर्फ पावर नहीं, मैच्योरिटी भी दिखी. वैभव ने शुरुआत में थोड़ा समय लिया, स्ट्राइक रोटेट की और फिर धीरे-धीरे गियर बदला. प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर मिडविकेट की तरफ सिंगल लेकर उन्होंने सीजन का अपना छठा 50+ स्कोर पूरा किया. दिलचस्प बात यह रही कि यह उनके IPL करियर की सबसे 'धीमी' फिफ्टी थी, जो 31 गेंदों में आई, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने फिर स्टेडियम को हिला दिया.
वैभव ने देखते ही देखते गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. कट, पुल, अपर कट और लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के... हर शॉट में आत्मविश्वास दिख रहा था। उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के उड़ाते हुए सिर्फ 47 गेंदों पर 96 रन ठोक दिए. हालांकि शतक से सिर्फ 4 रन दूर वो आउट हो गए.
कगिसो रबाडा की शॉर्ट गेंद पर उन्होंने वही अपर कट खेलने की कोशिश की, जिसने पिछले मैच में खूब रन दिलाए थे, लेकिन इस बार गेंद हवा में चली गई और प्रसिद्ध कृष्णा ने कैच पकड़ लिया. आउट होने के बाद वैभव के चेहरे पर निराशा साफ दिख रही थी... क्योंकि यह सिर्फ एक और बड़ी पारी नहीं थी... यह लगातार दूसरा IPL प्लेऑफ शतक बनने जा रहा था.
लेकिन इस पारी के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए... वैभव अब IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने सिर्फ 440 गेंदों में यह आंकड़ा छू लिया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल और ट्रैविस हेड जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के आसपास था. सिर्फ 23 पारियों में 1000 रन तक पहुंचकर उन्होंने शॉन मार्श और लेंडल सिमंस जैसे दिग्गजों की बराबरी भी कर ली.
एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक रन
- 973 - 2016 में विराट कोहली
- 890 - 2023 में शुभमन गिल
- 863 - 2022 में जोस बटलर
- 848 - 2016 में डेविड वार्नर
- 775 - 2026 में वैभव सूर्यवंशी
- 759 - साई सुदर्शन 2025 में
सबसे बड़ी बात यह है कि वैभव की बल्लेबाजी में उम्र दिखाई ही नहीं देती... 15 साल की उम्र में जिस तरह वो दुनिया के टॉप गेंदबाजों के खिलाफ खेल रहे हैं, उसने क्रिकेट एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है. अब हर मैच में सिर्फ एक सवाल रहता है - वैभव सूर्यवंशी अगली बार क्या नया करने वाले हैं?




