मिस्टर यूनिवर्स, AI Generated बच्चा और... 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के बारे में पाकिस्तान के लोग और एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं?
वैभव सूर्यवंशी की 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी ने सिर्फ भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी सनसनी मचा दी है. पाकिस्तानी क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस उन्हें ‘मिस्टर यूनिवर्स’ और क्रिकेट का अगला सुपरस्टार बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनकी उम्र को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं.
Pakistan Reactions on Vaibhav Sooryavanshi’s Explosive Innings in Eliminator Against SRH: वैभव सूर्यवंशी… इस वक्त क्रिकेट की दुनिया में शायद ही कोई ऐसा फैन होगा, जिसने यह नाम न सुना हो, IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के इस बल्लेबाज ने जो तबाही मचाई है, उसकी गूंज अब पाकिस्तान तक पहुंच चुकी है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए. इस पारी में 12 छक्के और कई ऐसे शॉट्स थे, जिन्हें देखकर दुनिया हैरान रह गई.
भारत में तो उनकी तारीफ हो ही रही है, लेकिन अब पाकिस्तान के क्रिकेट एक्सपर्ट्स, यूट्यूबर्स और फैंस भी वैभव को क्रिकेट का अगला सुपरस्टार बता रहे हैं.
‘कॉम्प्लान बॉय’ बना पाकिस्तान का नया फेवरेट
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कोच Basit Ali ने अपने यूट्यूब शो में वैभव की जमकर तारीफ की. उन्होंने मजाकिया अंदाज में वैभव को 'कॉम्प्लान बॉय' कहा, लेकिन साथ ही उन्हें क्रिस गेल से भी बड़ा खिलाड़ी बता दिया. बासित ने कहा, “पहले क्रिस गेल मिस्टर यूनिवर्स थे, लेकिन अब ये बच्चा मिस्टर यूनिवर्स बन गया है. आने वाले समय में ये गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ देगा.” उन्होंने आगे कहा, “जब ये इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेगा तो पूरी दुनिया में छा जाएगा. East to West, Sooryavanshi is the best.”
गेल का रिकॉर्ड टूटते-टूटते रह गया
IPL इतिहास में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड Chris Gayle के नाम है, जिन्होंने 2013 में 30 गेंदों में सेंचुरी ठोकी थी. वैभव उस रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए. 29 गेंदों पर 97 रन बनाकर वह इतिहास के बेहद करीब पहुंच चुके थे, लेकिन प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर आउट हो गए. फिर भी उनकी पारी ने क्रिकेट फैंस को ऐसा रोमांच दिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
“ये बच्चा AI Generated तो नहीं?”
पाकिस्तान के कई स्पोर्ट्स शोज में वैभव की बल्लेबाजी चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है. एक शो के दौरान एंकर ने कहा,“29 गेंदों में 97 रन… साढ़े तीन सौ की स्ट्राइक रेट… दुनिया हैरान है कि ये बच्चा कहीं AI Generated तो नहीं है.” कराची के एक क्रिकेट फैन ने तो यहां तक कह दिया, “आज पाकिस्तान में ईद है, लेकिन सबसे ज्यादा बधाई वैभव सूर्यवंशी को दी जा रही है.”
“पैट कमिंस तक को नहीं छोड़ा”
पाकिस्तानी स्पोर्ट्स एनालिस्ट मोहम्मद मोहसिन ने वैभव की बल्लेबाजी को “गॉड गिफ्टेड” बताया. उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा क्रिकेट पहले कभी नहीं देखा. कोई गेंद ऐसी नहीं लगी जिसे वो खेल न सके. पैट कमिंस जैसे गेंदबाज को भी आसानी से खेल गया.” मोहसिन के मुताबिक वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका निडर रवैया है. उसे फर्क नहीं पड़ता कि वो 93 पर आउट हो रहा है या 97 पर... उसके दिमाग में सिर्फ गेम खेलने की बात होती है.”
पाकिस्तानी गेंदबाजों को भी दी चेतावनी
एक पाकिस्तानी स्पोर्ट्स एंकर ने अपने शो में यहां तक कह दिया कि अगर भविष्य में वैभव का सामना Shaheen Afridi या Haris Rauf से हुआ, तो '6 गेंदों में 6 छक्के' भी लग सकते हैं. उन्होंने अपने क्रिकेटर्स पर तंज कसते हुए कहा, “पाकिस्तान में IPL बैन है, लेकिन लोग VPN लगाकर वैभव की पारी बार-बार देख रहे हैं और हमारे खिलाड़ियों को शर्म दिला रहे हैं.”
उम्र पर भी उठे सवाल
हालांकि, पाकिस्तान में कुछ लोग वैभव की उम्र को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं. वरिष्ठ पाकिस्तानी खेल पत्रकार Abdul Ghaffar ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें नहीं लगता कि वैभव सिर्फ 15 साल के हैं. उन्होंने कहा कि असली परीक्षा इंटरनेशनल क्रिकेट में होगी, लेकिन फिलहाल क्रिकेट की दुनिया सिर्फ एक चीज देख रही है- 15 साल का एक बल्लेबाज, जिसने गेंदबाजों के डर का मतलब बदल दिया है.




