फ्लाइट डायवर्ट हुई, होटल में रोके गए लोग और SC पहुंचा मामला! मोदी ने खोला IPL का सबसे बड़ा राज, शरद पवार का क्यों किया जिक्र?
आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उन्होंने ही शरद पवार को BCCI अध्यक्ष पद की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार किया था. मोदी ने 2005 के BCCI चुनावों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए, जिनमें वोट खरीदने, फ्लाइट डायवर्ट करने और सुप्रीम कोर्ट के आदेश तक की बातें शामिल हैं.
Lalit Modi Reveals Explosive Story Behind IPL Launch And 2005 BCCI Election Battle: भारतीय क्रिकेट को बदल देने वाली इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के पीछे की कहानी सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि सत्ता, राजनीति, रणनीति और बड़े दांव-पेचों से भरी हुई थी. IPL के जनक माने जाने वाले ललित मोदी ने अब उन दिनों को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं, जब BCCI के अंदर सत्ता की सबसे बड़ी जंग चल रही थी. मोदी ने दावा किया कि अगर शरद पवार BCCI के अध्यक्ष नहीं बनते, तो शायद IPL कभी अस्तित्व में ही नहीं आता.
एक यूट्यूब इंटरव्यू में मोदी ने बताया कि 2005 में उन्होंने और उनके सहयोगियों ने शरद पवार को BCCI चुनाव लड़ने के लिए मनाया था. उस समय BCCI के अंदर जगमोहन डालमिया गुट बेहद मजबूत था और चुनाव किसी राजनीतिक युद्ध से कम नहीं था.
मोदी के मुताबिक, पहली बार उनकी टीम सिर्फ एक वोट से चुनाव हार गई. उन्होंने आरोप लगाया कि आखिरी वक्त में कुछ सदस्यों का पक्ष बदल गया और वोटिंग में बड़ा खेल हुआ.
ललित मोदी ने क्या दावा किया?
ललित मोदी ने दावा किया कि चुनाव के दौरान दोनों गुट किसी भी कीमत पर जीतना चाहते थे. उन्होंने कहा कि कई BCCI सदस्यों को होटल के कमरों में रोका गया, कुछ की फ्लाइट्स डायवर्ट कराई गईं और उनकी टीम ने भी विरोधी गुट के कुछ लोगों की फ्लाइट दूसरी जगह भेज दी थी. मोदी ने कहा, “यह बिल्कुल चुनाव जैसा था. हर हाल में जीतना था.”
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
मोदी ने 29 नवंबर 2005 का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन उनके जीवन का सबसे बड़ा मोमेंट था. उसी दिन उनका जन्मदिन भी था और उसी दिन कोलकाता में BCCI चुनाव हो रहे थे. उन्होंने बताया कि उनके वकील हरीश साल्वे ने सुप्रीम कोर्ट से आदेश दिलवाया कि चुनाव दो रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जजों की निगरानी में होंगे.
मोदी के मुताबिक जब उन्होंने अचानक मीटिंग में सुप्रीम कोर्ट का आदेश पेश किया, तो वहां हंगामा मच गया. दरवाजे बंद कर दिए गए, पुलिस बुलानी पड़ी और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. उन्होंने कहा कि जो चुनाव आधे घंटे में खत्म होना था, वह शाम तक चलता रहा.
“यहीं से शुरू हुई आधुनिक क्रिकेट की क्रांति”
ललित मोदी ने दावा किया कि उस चुनाव में कई बड़े क्रिकेट प्रशासक विरोधी गुट के साथ थे, लेकिन आखिरकार शरद पवार का गुट जीत गया. मोदी का कहना है कि यही वह मोड़ था, जहां से आधुनिक क्रिकेट की सबसे बड़ी क्रांति शुरू हुई और बाद में IPL का जन्म हुआ. आज IPL सिर्फ एक क्रिकेट लीग नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग्स में शामिल है. इसने BCCI को दुनिया का सबसे ताकतवर क्रिकेट बोर्ड बना दिया.
हालांकि, IPL को खड़ा करने वाले ललित मोदी खुद बाद में विवादों में घिर गए और लंबे समय से भारत से बाहर रह रहे हैं, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में यह बात शायद ही कोई नकार सके कि IPL की नींव रखने में उनका रोल बेहद बड़ा था.




