सबसे ज्यादा हिट विकेट की लिस्ट में कौन? साई सुदर्शन OUT होने पर गजब की चर्चा- देखिए VIDEO
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में साई सुदर्शन का अनोखा हिट विकेट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. शॉट खेलने के दौरान उनका बल्ला हाथ से छूटकर सीधे स्टंप्स पर जा लगा, जिसके बाद उन्हें हिट विकेट आउट दिया गया.
राजस्थान और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था. एक तरफ शुभमन गिल शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने शतक के करीब पहुंच गए थे, तो दूसरी ओर साई सुदर्शन 58 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे. तभी मैच में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. दरअसल, साई सुदर्शन जिस तरह आउट हुए, उसे क्रिकेट इतिहास के सबसे अनोखे हिट विकेट्स में से एक कहा जा सकता है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कैसे हेड विकेट हो गए साई सुदर्शन?
वीडियो में देखा जा सकता है कि साई सुदर्शन शॉट खेलने के लिए जोरदार स्विंग करते हैं. गेंद बल्ले से टकरा भी जाती है, लेकिन उसी दौरान उनका बल्ला हाथ से छूट जाता है. इसके बाद बल्ला हवा में उछलते हुए सीधे पीछे स्टंप्स पर जा गिरता है, जिससे विकेट बिखर जाते हैं और साई सुदर्शन हिट विकेट आउट करार दिए जाते हैं. इस अनोखे आउट को देखकर मैदान में मौजूद खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि फैंस भी हैरान रह गए.
दूसरी बार अनोखे तरीके से आउट हुए साई सुदर्शन
यह लगातार दूसरा मैच था, जब गुजरात टाइटंस के स्टार ओपनर साई सुदर्शन बेहद अजीब अंदाज में हिट विकेट आउट हुए. क्रिकेट में बल्लेबाज का हिट विकेट होना वैसे ही दुर्लभ माना जाता है, लेकिन आईपीएल 2026 में साई सुदर्शन के साथ जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया. शुक्रवार (29 मई) को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबले में वह एक बार फिर अनोखे अंदाज में अपना विकेट गंवा बैठे. खास बात यह रही कि इससे पहले क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी वह इसी तरह आउट हुए थे.
दरअसल, गुजरात टाइटंस की पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर यह पूरा घटनाक्रम देखने को मिला. राजस्थान के गेंदबाज ब्रिजेश शर्मा ने ऑफ स्टंप के बाहर लो फुलटॉस डाली. साई सुदर्शन ने शानदार शॉट खेलने के लिए बल्ले का फेस खोला और गेंद को ऑफ साइड में स्क्वायर के पीछे स्लाइस कर दिया. गेंद तेजी से चौके की तरफ निकल गई, लेकिन उसी दौरान उनका बल्ला हाथ से छूट गया और सीधा जाकर स्टंप्स पर गिर पड़ा. इसके साथ ही बेल्स बिखर गईं और अंपायर ने उन्हें हिट विकेट आउट करार दे दिया.
इस विकेट के साथ साई सुदर्शन आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार हिट विकेट होने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं. वह अब अपने आईपीएल करियर में तीसरी बार हिट विकेट आउट हुए हैं. टी20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक भी तीन-तीन बार हिट विकेट हो चुके हैं.
हालांकि आउट होने से पहले साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने मिलकर 77 गेंदों पर 167 रनों की विस्फोटक साझेदारी की और 215 रन के बड़े लक्ष्य को आसान बना दिया. साई सुदर्शन ने सिर्फ 32 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. अब गुजरात टाइटंस का सामना 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जहां टीम की नजर खिताब जीतने पर होगी.
वैभव सुर्यवंशी पर क्या बोले वीरेंद्र सहवाग?
बात करें जब पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान के दो विकेट गिर गए इस पर वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि 'सिर्फ 4 रन से शतक चूकना दुखद है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने आज क्या शानदार प्रदर्शन किया! जब राजस्थान रॉयल्स ने लगातार दो विकेट गंवाए, तो ज्यादातर 15 साल के बच्चे घबरा जाते और निराश हो जाते. लेकिन इस लड़के ने बेजोड़ परिपक्वता और अपने खास निडर बल्लेबाजी का परिचय देते हुए गुजरात टाइटन्स के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने 96 रन बनाए. 4 रन की चिंता मत करो, बेटा- जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब तुमने एक चैंपियन की तरह खेला.




