गिल की सेंचुरी से सूर्यवंशी की 96 रन की पारी पर फिरा पानी, RR को 7 विकेट से हराकर तीसरी बार फाइनल में पहुंची GT; मैच में बने कई रिकॉर्ड
शुभमन गिल की सेंचुरी और साई सुदर्शन के अर्धशतक की बदौलत गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में एंट्री कर ली है. इसके साथ ही, वैभव सूर्यवंशी के 47 गेंद पर 96 रन की पारी पर पानी फिर गया.
शुभमन गिल, वैभव सूर्यवंशी और साई सुदर्शन
IPL 2026 Qualifier 2 Highlights: गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को रौंदकर तीसरी बार आईपीएल फाइनल में एंट्री कर ली. गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने तूफानी शतक लगाया, जबकि साई सुदर्शन के बल्ले से भी अर्धशतक निकला. दोनों के बीच हुई रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी ने वैभव सूर्यवंशी की 96 रन की पारी पर पानी फेर दिया.
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए, जिसे गुजरात ने 18.4 ओवर में 219 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया. राहुल तेवतिया ने छक्का लगातार GT को 7 विकेट से जीत दिला दी. अब टीम का फाइनल में RCB से मुकाबला होगा.
शुभमन गिल ने 53 गेंद में जड़े 104 रन
शुभमन गिल के बल्ले ने इस मुकाबले में जमकर आग उगला. उन्होंने 53 गेंद में 104 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 15 चौके शामिल रहे. गिल ने कप्तान के रूप में दूसरी बार आईपीएल में शतक जड़ा. सबसे ज्यादा बार कप्तान के रूप में शतक जड़ने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 5 बार यह कारनामा किया है, जबकि केएल राहुल ने तीन बार यह उपलब्धि हासिल की है.
साई सुदर्शन ने दूसरी बार आईपीएल में पूरे किए 700 रन
साई सुदर्शन ने 32 गेंद में 1 छक्का और 8 चौके लगाते हुए 58 रन बनाए. वे दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से लगातार दूसरी बार हिट विकेट आउट हुए. सुदर्शन ने दूसरी बार आईपीएल में 700 रन पूरे किए.
IPL के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा 50+ स्कोर
- 11 - विराट कोहली (2016 में)
- 9 - डेविड वॉर्नर (2016 में)
- 9 - डेविड वॉर्नर (2019 में)
- 9 - साई सुदर्शन (2026 में)
IPL के दो अलग-अलग सीज़न में 700+ रन
- क्रिस गेल (2012 और 2013)
- विराट कोहली (2016 और 2024)
- साई सुदर्शन (2025 और 2026)
- शुभमन गिल (2023 और 2026)
पुरुषों के T20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतकीय साझेदारियां (किसी भी विकेट के लिए)
- 11 - शुभमन गिल, साई सुदर्शन (48 पारियां)
- 10 - क्रिस गेल, विराट कोहली (63 पारियां)
- 10 - बाबर आज़म, मोहम्मद रिज़वान (75 पारियां)
- 10 - AB de Villiers, विराट कोहली (77 पारियां)
- 7 - अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह (44 पारियां)
- 7 - इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (49 पारियां)
वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद पर बनाए 96 रन
इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद पर 96 रन की विस्फोटक पारी खेली. इसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. वे एक सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस सीजन 72 छक्के और 63 चौके लगाए.
सूर्यवंशी के अलावा, यशस्वी जायसवाल ने 1, ध्रुव जुरेल ने 7, रियान पराग ने 11, दासुन शनाका ने 3 और जोफ्रा आर्चर ने 7 रन बनाए. रविंद्र जडेजा 45 और डोनोवन फरेरा 38 रन बनाकर नाबाद रहे. गुजरात की ओर से कैगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट लिए.
IPL प्लेऑफ़ में सबसे बड़ा रनचेज
- 215 - GT बनाम RR, मुल्लांपुर, 2026 Q2
- 204 - PBKS बनाम MI, अहमदाबाद, 2025 Q2
- 200 - KKR बनाम PBKS, बेंगलुरु, 2024 फ़ाइनल
- 191 - KKR बनाम CSK, चेन्नई, 2012 फ़ाइनल
- 189 - GT बनाम RR, कोलकाता, 2022 Q1
IPL में GT द्वारा 200 से ज़्यादा का रन चेज
- 215 बनाम RR, मुल्लांपुर, 2026 Q2
- 204 बनाम DC, अहमदाबाद, 2025
- 200 बनाम DC, दिल्ली, 2025
IPL के किसी एक सीज़न में सबसे ज़्यादा पार्टनरशिप रन (किसी भी विकेट के लिए)
- 939 - विराट कोहली और AB डिविलियर्स (RCB, 2016)
- 939 - विराट कोहली और फ़ाफ़ डु प्लेसिस (RCB, 2023)
- 912 - साई सुदर्शन, शुभमन गिल (GT, 2025)
- 886 - साई सुदर्शन, शुभमन गिल (GT, 2026)
- 849 - डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़ (CSK, 2023)
गिल IPL प्लेऑफ़ में शतक लगाने वाले पहले कप्तान हैं. यह पहली बार है जब IPL के किसी एक सीज़न में तीन अलग-अलग बल्लेबाज़ों ने 700 से ज़्यादा रन बनाए हैं. यह भी पहली बार है जब एक ही टीम के दो बल्लेबाज़ों (गिल और सुदर्शन) ने यह आंकड़ा पार किया है. सूर्यवंशी के नाम 16 मैचों में 776 रन दर्ज हैं, जबकि गिल के नाम 15 मैचों में 722 रन हैं, जबकि सुदर्शन ने 16 मैचों में 710 रन बनाए हैं.




