तेंदुलकर भी हुए सूर्यवंशी के फैन! 15 साल का लड़का कैसे बना IPL का सबसे खतरनाक बल्लेबाज, क्यों हो रही ब्रैडमैन से तुलना?
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. SRH के खिलाफ 29 गेंदों पर 97 रन की पारी के बाद सचिन तेंदुलकर तक उनके bat swing और तकनीक के फैन हो गए. अब क्रिकेट जगत उन्हें भविष्य का सबसे बड़ा सुपरस्टार मान रहा है.
वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते पैट कमिंस
How Vaibhav Sooryavanshi Became IPL Biggest Superstar: अब सवाल सिर्फ यह नहीं रहा कि वैभव सूर्यवंशी कितने रन बनाएंगे… अब सवाल यह है कि दुनिया का कौन सा गेंदबाज़ उन्हें रोक पाएगा? 15 साल का एक लड़का…जिसके सामने IPL के सबसे बड़े बॉलर प्लान बना रहे हैं... और दूसरी तरफ क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर खुद उसकी बल्लेबाज़ी देखकर ट्वीट कर रहे हैं.
राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में ऐसा तूफान मचाया है कि क्रिकेट की दुनिया हैरान रह गई है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद हर तरफ बस उसी की चर्चा हो रही है.
लेकिन इस बार सबसे बड़ी बात सिर्फ उनकी पारी नहीं रही… बल्कि वो तारीफ रही जो सचिन तेंदुलकर ने उनके लिए की... सचिन ने लिखा कि वैभव का bat swing बेहद खास है. खासकर जिस तरह वह फ्रंट फुट हटाकर अपने लिए जगह बनाते हैं और गेंद को ताकत से मारते हैं, वो उन्हें बाकी बल्लेबाज़ों से अलग बनाता है.
क्रिकेट में बैट स्विंग को समझना हर किसी के बस की बात नहीं... और जब खुद सचिन तेंदुलकर किसी बल्लेबाज के bat swing की तारीफ करें… तो समझ जाइए कि मामला कितना बड़ा है.
11 साल की उम्र में शुरू हुआ ‘मिशन बल्लेबाज़’
वैभव का ये खेल सिर्फ टैलेंट की देन नहीं है. इसके पीछे घंटों की मेहनत छिपी है. उनके कोच मनीष ओझा के मुताबिक, 2022 में जब वैभव सिर्फ 11 साल के थे, तब वो सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4-5 बजे तक लगातार अभ्यास करते थे. तेज गेंदबाज़ों की 125-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों का सामना करते थे.
नेट्स में सिर्फ डिफेंस नहीं…हर तरह के शॉट्स की प्रैक्टिस होती थी. कट, पुल, अपर कट, लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का, फ्रंट फुट अटैक… वैभव हर गेंद को मारने की कला सीख रहे थे. यही वजह है कि आज IPL में कोई length उनके लिए safe नहीं बची है.
गेंद कहीं भी डालो… छक्का तय!
IPL 2026 में वैभव के आंकड़े गेंदबाज़ों के लिए डरावने सपने जैसे हैं.
- Length ball पर स्ट्राइक रेट 240+
- Full ball पर स्ट्राइक रेट 278
- Short ball पर भी लगातार छक्के
- 15 मैचों में 680 रन
- 65 छक्के
यानी गेंद फुल डालो तो मारेंगे… शॉर्ट डालो तो भी मारेंगे…Good length डालो तो भी स्टैंड में भेज देंगे. सबसे खतरनाक बात ये है कि वैभव गेंद की स्पीड से नहीं डरते, बल्कि गेंद जितनी तेज आती है, उतनी तेज boundary के बाहर जाती है.
‘ब्रैडमैन’ जैसी तकनीक?
क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि वैभव की बल्लेबाज़ी में Don Bradman जैसी झलक दिखाई देती है. उनका body balance, बैक फुट पर वजन रखना और गेंद को आखिरी पल तक देखना… यही उनकी ताकत है. यही कारण है कि वो LBW बहुत कम होते हैं. अब तक IPL, First Class, List-A और youth cricket मिलाकर करीब 80 मैचों में वैभव सिर्फ 2 बार LBW आउट हुए हैं. यह आंकड़ा बताता है कि उनका बैलेंस और तकनीक कितनी अलग है.
SRH के खिलाफ क्यों खास थी वो पारी?
एलिमिनेटर मैच में SRH के गेंदबाज़ों ने शुरुआत में yorker डालकर रोकने की कोशिश की. पैट कमिंस ने field भी बदली, लेकिन वैभव नहीं रुके. उन्होंने 12 छक्के लगाए और सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए. वो IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने वाले थे, क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटने ही वाला था, लेकिन 97 पर आउट हो गए.
दिलचस्प बात ये रही कि आउट होने के बाद भी वैभव खुश नहीं दिखे. पूरा स्टेडियम खड़ा होकर तालियां बजा रहा था… लेकिन उनके चेहरे पर सिर्फ एक बात लिखी थी, “इतिहास छूट गया.” और यही चीज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है.
सिर्फ ताकत नहीं… दिमाग भी खतरनाक
वैभव सिर्फ हाथ खोलकर बल्लेबाज़ी नहीं करते. वे मैच से पहले visualization करते हैं... कौन गेंदबाज़ क्या करेगा… Boundary कितनी बड़ी है…कहां gap मिलेगा… वो सब पहले सोचते हैं. फिर मैदान पर वही करते हैं जिसकी कल्पना की होती है. यही वजह है कि इतने कम उम्र में भी उनके अंदर घबराहट नहीं दिखती.
क्रिकेट को मिल गया नया सुपरस्टार?
सचिन तेंदुलकर, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल…हर दौर में क्रिकेट को एक ऐसा बल्लेबाज़ मिला है जिसे देखने के लिए लोग टीवी ऑन करते थे. अब IPL 2026 में वही एहसास वैभव सूर्यवंशी दे रहे हैं. वो सिर्फ 15 साल के हैं. लेकिन उनकी बल्लेबाज़ी में बचपना नहीं दिखता. दिखती है सिर्फ तबाही.




