Begin typing your search...

IPL में 776 रन बनाने का मिला इनाम! वैभव सूर्यवंशी एशियन गेम्स की संभावित टीम में शामिल, लेकिन गिल-SKY का नाम क्यों गायब है?

IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की संभावित 30 सदस्यीय टीम में जगह मिली है. वहीं, T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट-वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम इस सूची में नहीं है.

Vaibhav Sooryavanshi Subhman Gill Suryakumar Yadav
X

वैभव सूर्यवंशी, शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव

( Image Source:  ANI )

IPL 2026 की सबसे बड़ी सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल गए हैं. राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के बल्लेबाज को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है. वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 776 रन बनाकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने न सिर्फ ऑरेंज कैप की दौड़ में उन्हें सबसे आगे पहुंचाया, बल्कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशियन गेम्स के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को भेज दी है. एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा. दिलचस्प बात यह है कि भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और वनडे-टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का नाम इस सूची में शामिल नहीं है.

गिल और SKY का नाम क्यों नहीं है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी कर सकते हैं, इसलिए उन्हें एशियन गेम्स टीम से बाहर रखा गया है. वहीं SKY को लेकर माना जा रहा है कि वह भविष्य की योजनाओं, खासकर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप के रोडमैप का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए उनका नाम भी संभावित खिलाड़ियों में नहीं रखा गया.

एशियन गेम्स में कौन करेगा कप्तानी?

कप्तानी की दौड़ में फिलहाल तीन बड़े नाम सामने आ रहे हैं. श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा एशियन गेम्स टीम की कप्तानी के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

गेंदबाजी की कमान कौन संभालेगा?

तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह का नाम सूची में जरूर है, लेकिन माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स नहीं भेजा जाएगा. अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा भी संभावित खिलाड़ियों में शामिल हैं. वहीं, स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे को जगह मिली है. इनमें से केवल दो खिलाड़ियों को एशियन गेम्स टीम में चुना जा सकता है, जबकि बाकी खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज सीरीज के लिए रखा जा सकता है.

अब सबसे ज्यादा नजरें वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी. IPL में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाला यह किशोर बल्लेबाज अगर अंतिम टीम में जगह बना लेता है, तो यह उसके करियर का सबसे बड़ा कदम होगा और भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल सकता है.

30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट

यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज़ अहमद, शिवम दुबे, विप्रज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर और वाशिंगटन सुंदर.

क्रिकेट न्‍यूजआईपीएल
अगला लेख