RCB लगातार दूसरी बार बनेगी IPL चैंपियन या GT करेगी पलटवार? जानिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कैसा रहा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
IPL 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह GT का होम ग्राउंड है, लेकिन इस मैदान पर दोनों टीमों का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है.
GT और RCB के बीच 31 मई को होगा IPL फाइनल
IPL 2026 की लीग स्टेज की टॉप-2 टीमें ट्रॉफी के लिए 31 मई को भिड़ने के लिए तैयार हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही थी, जबकि गुजरात दूसरे स्थान पर थी. क्वालीफायर-1 में RCB ने GT को 92 रन से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार फाइनल में एंट्री की, जबकि GT ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की बनाई.
फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह गुजरात का होम ग्राउंड है. ऐसे में देखने वाली बात होगी कि क्या GT का दबदबा इस मैदान पर बरकरार रहेगा या RCB पलटवार कर गुजरात के फैंस को निराश करेगी.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में RCB Vs GT में किसका पलड़ा भारी?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का इतिहास पूरी तरह बराबरी (1-1 की टक्कर) का रहा है, जहां दोनों टीमों में से किसी का भी पलड़ा भारी नहीं रहा. इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच अब तक केवल 2 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की है.
पहला मैच: RCB की धमाकेदार जीत
GT और RCB के बीच अहमदाबाद में पहला मुकाबला 2024 में खेला गया, उस मैच में RCB ने धमाकेदार जीत हासिल की थी. गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205/1 का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन आरसीबी ने पलटवार करते हुए महज 16 ओवरों में 200+ का लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के हीरो विल जैक्स रहे थे, जिन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा था. आरसीबी ने यह मैच 9 विकेट से अपने नाम किया था.
दूसरा मैच: GT का शानदार पलटवार
दूसरा मुकाबला, इस साल 30 अप्रैल को खेला गया, जिसमें GT ने शानदार पलटवार किया. गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर आरसीबी को 155 रनों पर ढेर कर दिया. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल की आक्रामक शुरुआत और जेसन होल्डर के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत गुजरात ने इस लक्ष्य को केवल 15.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया.
GT Vs RCB : Heat to Head
अगर आईपीएल इतिहास की बात करें तो आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 तक दोनों टीमें आपस में 9 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें से RCB ने 5 बार, जबकि GT ने 4 बार जीत हासिल की है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में GT का IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में GT ने IPL 2026 में अब तक 7 मैच खेले हैं, जिसमें उसे केवल 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 5 मैचों में उसने जीत हासिल की. गुजरात को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स को शिकस्त दी.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में GT और RCB का कैसा रहा रिकॉर्ड?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस का होम ग्राउंड है. यहां खेले 30 मैचों में से GT ने 18 में जीत दर्ज की है, जबकि 12 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, RCB ने इस मैदान पर अब तक कुल 8 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 मैचों में उसे जीत और 4 मैचों में हार मिली है.




