Begin typing your search...

IPL ऑक्शन के 'रॉकस्टार' मैदान पर निकले फुस्स! KKR के 25 करोड़ के प्लेयर पर भारी पड़ा GT का 7 करोड़ वाला खिलाड़ी- Analysis

IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों ने बड़े-बड़े नामों पर करोड़ों रुपये लुटाए, लेकिन ज्यादातर महंगे खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. सबसे ज्यादा फायदा गुजरात टाइटंस को जेसन होल्डर से मिला, जबकि कैमरून ग्रीन, लियाम लिविंगस्टोन और पाथिराना जैसे महंगे खिलाड़ी अपनी कीमत के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर सके.

Cameron Green vs Jason Holder
X

कैमरन ग्रीन और जेसन होल्डर

( Image Source:  ANI )

दिसंबर 2025 में अबू धाबी में हुए IPL 2026 मिनी ऑक्शन के बाद लगभग हर फ्रेंचाइजी को लगा था कि उसने अपनी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी दूर कर ली है. करोड़ों रुपये खर्च किए गए, रिकॉर्ड टूटे और कई खिलाड़ियों पर उम्मीदों का पहाड़ खड़ा कर दिया गया, लेकिन पांच महीने बाद जब लीग खत्म हुई, तो तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई.

सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने कैमरून ग्रीन पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए. उम्मीद थी कि ग्रीन बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताएंगे. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने अनकैप्ड खिलाड़ियों कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर पर 14.20-14.20 करोड़ रुपये लगाकर सबको चौंका दिया.

प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा

खर्च हुए 122.80 करोड़, लेकिन रिटर्न हुआ सिर्फ 55.32 करोड़

सनराइजर्स हैदराबाद ने लियाम लिविंगस्टोन को 13 करोड़ में खरीदा, जबकि कई अन्य टीमों ने भी बड़े नामों पर भरोसा जताया.. लेकिन आंकड़े बताते हैं कि टॉप-10 सबसे महंगे खिलाड़ियों पर कुल 122.80 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि मैदान पर उनके प्रदर्शन की अनुमानित कीमत सिर्फ 55.32 करोड़ रुपये रही.. यानी फ्रेंचाइजियों को अपने निवेश का आधा भी रिटर्न नहीं मिला।

जेसन होल्डर निकले सबसे फायदे का सौदा

अगर IPL 2026 ऑक्शन का सबसे सफल सौदा चुनना हो, तो नाम होगा जेसन होल्डर... गुजरात टाइटंस ने उन्हें सिर्फ 7 करोड़ रुपये में खरीदा था. शुरुआत में उन्हें मौका नहीं मिला, लेकिन टीम में आने के बाद उन्होंने पूरे सीजन का रुख बदल दिया. होल्डर ने 10 मैचों में 15 विकेट लिए और 7.54 की शानदार इकॉनमी से गेंदबाजी की. बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग जैसी पिचों पर भी उन्होंने रन रोकने का काम किया. विश्लेषण के मुताबिक होल्डर ने गुजरात को लगभग 11.98 करोड़ रुपये का ऑन-फील्ड वैल्यू दिया, यानी टीम को करीब 5 करोड़ रुपये का सीधा फायदा हुआ.

जोश इंग्लिस ने भी कराया मुनाफा

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए जोश इंग्लिस सीजन के आखिरी हिस्से में जुड़े, लेकिन आते ही छा गए. सिर्फ पांच मैचों में 262 रन बनाकर उन्होंने लगभग 9 करोड़ रुपये का वैल्यू पैदा किया. 8.60 करोड़ की कीमत वाले इंग्लिस उन गिने-चुने खिलाड़ियों में रहे जिन्होंने अपनी कीमत से ज्यादा योगदान दिया.

कैमरून ग्रीन पर उल्टा पड़ा दांव

कैमरून ग्रीन का मामला दिलचस्प रहा. उन्होंने 322 रन बनाए और 7 विकेट लिए. प्रदर्शन के हिसाब से वे टॉप-10 खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा योगदान देने वाले खिलाड़ी थे. लेकिन समस्या उनकी कीमत थी. ग्रीन ने लगभग 12.71 करोड़ रुपये का वैल्यू दिया, जबकि KKR ने उन पर 25.20 करोड़ खर्च किए थे. यानी टीम को लगभग 12.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

Cameron Green

CSK के करोड़ों के दांव नहीं चले

चेन्नई सुपर किंग्स ने कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर पर कुल 28.40 करोड़ रुपये खर्च किए. कार्तिक शर्मा ने कुछ हद तक उम्मीदें पूरी कीं और 295 रन बनाए, लेकिन फिर भी अपनी कीमत को पूरी तरह सही साबित नहीं कर सके. वहीं चोटों और सीमित मौकों के कारण प्रशांत वीर सिर्फ 2.25 करोड़ रुपये का वैल्यू ही दे पाए.

सबसे बड़ी निराशा बने ये खिलाड़ी

लियाम लिविंगस्टोन, मथीशा पाथिराना और ऑकिब नबी डार पर कुल 39.40 करोड़ रुपये खर्च हुए... लेकिन चोट, खराब फॉर्म और चयन संबंधी कारणों से इन खिलाड़ियों का योगदान लगभग ना के बराबर रहा. कई मुकाबलों में ये खिलाड़ी टीम की रणनीति का हिस्सा ही नहीं बन सके.

IPL 2026 ने क्या सिखाया?

इस सीजन का सबसे बड़ा सबक साफ है. ऑक्शन में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करने से सफलता नहीं मिलती. सही भूमिका के लिए सही खिलाड़ी चुनना ज्यादा जरूरी है. गुजरात टाइटंस ने जेसन होल्डर जैसे खिलाड़ियों से फायदा उठाया, जबकि कई टीमों के महंगे सितारे पूरे सीजन संघर्ष करते रहे. IPL 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ट्रॉफी सिर्फ बड़े नाम नहीं, बल्कि स्मार्ट फैसले जिताते हैं.

आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख