मैं वापिस आऊंगी... एशियन गेम्स ट्रायल में हार के बाद बोलीं Vinesh Phogat, कुश्ती महासंघ पर लगाए गंभीर आरोप; क्या बोला WFI?
विनेश फोगाट का 2026 एशियन गेम्स में खेलने का सपना टूट गया है. दिल्ली में हुए ट्रायल्स में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन एशियन ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मीनाक्षी गोयत से 4-6 से हार गईं. इससे पहले वजन वर्ग को लेकर भी उनका WFI के साथ विवाद हुआ था.
Wrestlers Vinesh Phogat
Vinesh Phogat Knocked Out of Asian Games 2026 Selection Trials: भारतीय महिला कुश्ती की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है. नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल्स में विनेश का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया, जिसके साथ ही एशियन गेम्स टीम में जगह बनाने की उनकी उम्मीदें भी टूट गईं.
53 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विनेश को एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मीनाक्षी गोयत के खिलाफ 4-6 से हार का सामना करना पड़ा. यह मुकाबला बेहद कड़ा रहा, लेकिन आखिर में मीनाक्षी ने बाजी मार ली और एशियन गेम्स की दौड़ से विनेश बाहर हो गईं.
विवादों से हुई दिन की शुरुआत
- दिन की शुरुआत भी विवादों से हुई थी. आधिकारिक वेट-इन के दौरान रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने विनेश को बताया कि वह केवल 50 किलोग्राम वर्ग में ही ट्रायल दे सकती हैं, क्योंकि हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों और पेरिस ओलंपिक में उन्होंने इसी वर्ग में हिस्सा लिया था.
- विनेश ने इस फैसले का विरोध किया और आरोप लगाया कि उन्हें अपनी पसंद की कैटेगरी में उतरने से रोका जा रहा है. बाद में मामला सुलझा और 53.9 किलोग्राम वजन के साथ उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में खेलने की अनुमति मिल गई.
- मैट पर उतरने के बाद विनेश ने शानदार शुरुआत की. उन्होंने पहले दौर में हरियाणा की ज्योति को 7-1 से हराया. इसके बाद क्वार्टरफाइनल में निशु के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबला खेला.
- क्वार्टरफाइनल में एक समय विनेश 0-5 से पीछे थीं. निशु ने शुरुआती दौर में पूरी तरह दबाव बनाया और लगभग उन्हें पिन भी कर दिया था. हालांकि, दूसरे पीरियड में विनेश ने जबरदस्त वापसी करते हुए चार अंकों का दांव लगाया और मुकाबले में लौट आईं.
इस मुकाबले के दौरान कई बार तकनीकी दिक्कतें आईं, स्कोरबोर्ड रुका और चुनौतियों के कारण खेल बार-बार बाधित हुआ. एक समय विनेश और उनके कोच सोमबीर राठी ने पिन की मांग भी की, लेकिन अधिकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया. आखिरकार विनेश ने संघर्षपूर्ण जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई.
हालांकि, सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत के खिलाफ वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और 4-6 से हार गईं. इस हार के साथ एशियन गेम्स 2026 में जगह बनाने का उनका सपना फिलहाल अधूरा रह गया. वहीं मीनाक्षी गोयत ने साबित कर दिया कि वह भारतीय महिला कुश्ती की अगली बड़ी दावेदारों में शामिल हैं.
मैं वापिस आऊंगी: विनेश फोगाट
विनेश फोगाट का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वह हारने का बाद कहती हैं- मैं वापिस आऊंगी.
विनेश ने हार के बाद क्या कहा?
एशियन गेम्स ट्रायल्स के सेमीफ़ाइनल में हारने के बाद विनेश फोगाट ने कहा, "मैंने अच्छा प्रदर्शन किया. मैंने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की... मुझे लगता है कि मैं और ज़्यादा मेहनत करूंगी... मुझे कुछ कहने की ज़रूरत नहीं है. सबने देखा कि चीज़ें कितनी ईमानदारी से हुईं और कितनी नहीं. सबको पता है कि कितनी हेरा-फेरी हुई. पूरा देश जानता है, और यह काफ़ी समय से चल रहा है; हर कोई इसे देख सकता है... पूरा मीडिया देख रहा था.
विनेश ने कहा, "सुबह से शाम तक दिक्कतें थीं. शाम के बाद से हर पॉइंट पर लड़ाई चल रही थी. पूरा सिस्टम एक तरफ़ खड़ा है, और हम सब दूसरी तरफ़ खड़े हैं, लेकिन हम गर्व से कह सकते हैं कि हम उनके ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़े हैं और लड़ते रहेंगे."
भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश के आरोपों पर क्या कहा?
एशियन गेम्स सिलेक्शन ट्रायल्स पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, "हमने निष्पक्ष ट्रायल्स करवाए. अगर किसी को कोई दिक्कत है, तो वह उनकी समस्या है, हमारी नहीं. वेट कैटेगरी अभी तय नहीं हुई थी, फिर भी हमने उन्हें (विनेश फोगाट को) 53 किलोग्राम कैटेगरी में एंट्री दी, जो उस कैटेगरी में उनके पिछले प्रदर्शन के रिकॉर्ड पर आधारित थी.
संजय सिंह ने कहा कि यह एक आम प्रक्रिया है, जब कोई एथलीट अभी तक यह तय नहीं कर पाता कि वह किस वेट कैटेगरी में मुक़ाबला करेगा. आख़िर में, मैं बस उनसे यह कहना चाहता हूं कि उनका हमेशा स्वागत है. WFI बाहें फैलाकर उनका स्वागत करता है. वहीं, WFI के उपाध्यक्ष ने कहा कि लोग हंगामा खड़ा करना चाहते थे, लेकिन ट्रायल एकदम साफ़-सुथरा था. अब कौन कहेगा कि कोई गड़बड़ हुई थी?




