Begin typing your search...

विनेश फोगाट ने फिर बृजभूषण के खिलाफ वीडियो जारी किया, बोलीं-मैं 6 पीड़ितों में से एक, गोंंडा कुश्ती टूर्नामेंट पर उठाए सवाल

विनेश फोगाट ने बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि वह बृजभूषण शरण सिंह पर आरोप लगाने वाली छह पीड़ितों में से एक हैं. उन्होंने WFI द्वारा गोंडा में कराए जा रहे कुश्ती ट्रायल्स पर भी गंभीर चिंता जताई और निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए.

विनेश फोगाट ने फिर बृजभूषण के खिलाफ वीडियो जारी किया, बोलीं-मैं 6 पीड़ितों में से एक, गोंंडा कुश्ती टूर्नामेंट पर उठाए सवाल
X

ओलंपियन और पहलवान विनेश फोगाट ने एक बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि वह उन छह महिला पहलवानों में शामिल हैं, जिन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

विनेश ने एक वीडियो संदेश जारी कर पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी पहचान इस मामले में एक पीड़िता के रूप में बताई. उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियों के कारण उन्हें अपनी पहचान उजागर करनी पड़ी, क्योंकि वर्तमान कुश्ती महासंघ द्वारा उनके 2026 एशियन गेम्स में वापसी को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.

क्या बोलीं विनेश फोगाट?

उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश कहते हैं कि किसी भी पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि यह उनकी गरिमा और सम्मान से जुड़ा मामला है. लेकिन आज कुछ परिस्थितियों के कारण मैं यह कहना चाहती हूं कि मैं खुद उन छह पीड़ितों में से एक हूं जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी और हमारी गवाही अभी भी जारी है.” विनेश 2023 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर बृजभूषण के खिलाफ हुए बड़े प्रदर्शन का प्रमुख चेहरा रही थीं.

कुश्टी टूर्नामेंट्स पर उठा सवाल!

विनेश ने आगे आरोप लगाया कि अब कुश्ती महासंघ द्वारा रैंकिंग टूर्नामेंट और ट्रायल्स उत्तर प्रदेश के गोंडा में कराए जा रहे हैं, जो बृजभूषण का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है. उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता उनके निजी कॉलेज में कराई जा रही है, जिससे निष्पक्ष प्रतियोगिता की संभावना मुश्किल हो जाती है.

उन्होंने यह भी कहा कि भले ही बृजभूषण को आधिकारिक तौर पर हटाया गया हो, लेकिन महासंघ पर अब भी उनका प्रभाव बना हुआ है, जो मौजूदा अध्यक्ष संजय सिंह के जरिए दिखाई देता है. विनेश ने कहा, "कौन रेफरी होगा, कौन कितना अंक देगा, यह सब बृजभूषण और उनके लोग नियंत्रित कर सकते हैं और सरकार व खेल मंत्रालय इसे चुपचाप देख रहे हैं."

विनेश की वापसी?

2024 पेरिस ओलंपिक के बाद लगभग 18 महीने के ब्रेक के बाद विनेश फिर से वापसी की तैयारी कर रही हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर संदेह जताया कि क्या वे ऐसे माहौल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाएंगी.

उन्होंने कहा, “ऐसे माहौल में उनके इलाके में जाकर खेलना बहुत कठिन है. वहां हर व्यक्ति उनसे जुड़ा हो सकता है. ऐसे में मैं अपना 100 प्रतिशत दे पाऊंगी या नहीं, यह कहना मुश्किल है.” इस खुलासे के बाद भारतीय खेल मंत्रालय पर भी खेल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

क्या है मामला ?

यह मामला 2023 में तब सामने आया था जब कई शीर्ष पहलवानों ने जंतर-मंतर पर महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया था. बाद में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ गया था. हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह सभी आरोपों से इनकार करते रहे हैं. उन पर अभी भी कुछ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और पीछा करने के आरोपों के मामले अदालत में चल रहे हैं.

अगला लेख