मैं नशे में धूत रहती थी! Janhvi Kapoor के दर्द का सहारा थी शराब, बॉडी से आने लगी थी बदबू; ऐसे छूटी लत
जान्हवी कपूर ने पहली बार अपने कठिन दौर और शराब के सहारे की सच्चाई साझा की. उन्होंने बताया कि कैसे धीरे-धीरे एहसास होने पर उन्होंने अपनी आदत बदलकर खुद को संभाला.
एक्ट्रेस जान्हवी कपूर (Janhvi Kapoor), जो आमतौर पर अपनी निजी परेशानियों को दूसरों से छिपाकर रखती हैं, हाल ही में पहली बार अपने एक बहुत कठिन दौर के बारे में खुलकर बात की हैं. उन्होंने शराब के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी ईमानदारी से चर्चा की. यह बात उन्होंने राज शमानी के लोकप्रिय पॉडकास्ट 'फिगरिंग आउट' में बताई. जान्हवी ने साफ-साफ कहा कि वे उस समय को शराब की लत या मिसयूज नहीं कहेंगी. लेकिन उन्होंने यह जरूर माना कि जीवन के उस दर्द भरे दौर में वे तनाव और इमोशनल डिस्ट्रेस से निपटने के लिए अक्सर शराब का सहारा लेती थीं.
जान्हवी ने क्या कहा?
उन्होंने पॉडकास्ट में बताया, 'मैं यह नहीं कहूंगी कि मुझे शराब की लत थी या मैं शराब का गलत इस्तेमाल कर रही थी, लेकिन मैं अक्सर शराब पीती थी. यह मेरे जीवन के एक बहुत ही दर्दनाक एक्सपीरियंस के बाद शुरू हुआ था. मुझे लगता था कि मुझे नशे में धुत हो जाना चाहिए, ताकि सब कुछ भूल जाऊं.' जान्हवी ने बताया कि वे उस समय इतना दुख महसूस कर रही थीं कि शराब उन्हें एक तरह का सहारा लगती थी. हालांकि उन्होंने इस बात को सनसनीखेज बनाने की कोशिश नहीं की. बल्कि उन्होंने इसे एक ऐसी बात के रूप में बताया जिसका उन्हें बाद में सामना करना पड़ा.
कैसे छोड़ पाई शराब की लत?
जान्हवी ने कहा कि उन्हें अचानक कोई बड़ा झटका जैसा नहीं था. उनकी फीलिंग्स धीरे-धीरे हुई, जब उन्होंने देखा कि शराब पीने से उनके शरीर पर क्या बुरा असर हो रहा है, तो उन्हें खुद को रोकना पड़ा. उन्होंने बताया, 'मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा था कि शराब मेरे शरीर पर क्या कर रही है. सुबह उठने पर जो हालत होती थी, वह अच्छी नहीं लगती थी. हैंगओवर मुझे बहुत परेशान करता था.' सबसे बड़ी बात जो उन्हें चौंकाने वाली लगी, वो यह थी कि उनके शरीर से एक ऐसी बदबू आने लगी थी जो आमतौर पर उन लोगों से आती है जो शराब की लत से जूझ रहे होते हैं. जान्हवी ने कहा, 'मुझे अपनी ही बॉडी से वो बदबू आ रही थी. मैं उसे पहचानती थी और सोचती थी कि 'आज का दिन फिर खराब होने वाला है'. यह छोटा-सा लेकिन गहरा अहसास उनके लिए काफी था. उन्होंने अपनी आदतों पर दोबारा विचार किया और तय किया कि अब उन्हें अपने शरीर और मन दोनों का ख्याल रखना है.
जान्हवी कपूर की आने वाली फिल्में
काम की बात करें तो जाह्नवी कपूर अब जल्द ही दर्शकों के सामने नई फिल्म में नजर आएंगी. वे राम चरण के साथ फिल्म 'पेड्डी' में काम कर रही हैं. इस फिल्म की रिलीज डेट कई बार बदली है, लेकिन अब यह 6 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. उनकी पिछली फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' थी, जिसमें वे वरुण धवन के साथ नजर आई थी. यह फिल्म पिछले साल अक्टूबर में रिलीज हुई थी. जान्हवी कपूर का यह खुलकर अपनी कमजोरियों के बारे में बात करना कई लोगों के लिए इंस्पिरेशनल है.




