हमारी बात मान लो वरना! Kapil Sharma के Cafe के पास चौथी बार फायरिंग, क्या है बिश्नोई गैंग से जुड़ी पोस्ट का सच?
कनाडा में Kapil Sharma के कैफे के पास फायरिंग की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. हालांकि, इस घटना की अब तक किसी भी आधिकारिक स्रोत या एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है.
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बड़ी खबर तेजी से वायरल हो रही है. इस खबर के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे के पास एक रेस्टोरेंट पर गोलीबारी की है. इस घटना से कपिल शर्मा और उनके कैफे की सुरक्षा को लेकर फिर से चिंता बढ़ गई है. फेसबुक पर "टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू" नाम के अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हुई है. इसमें दावा किया गया है कि कपिल शर्मा और उनके कैफे के मालिक दोनों को जान से मारने की धमकियां मिली हैं.
पोस्ट में आगे कहा गया है कि गैंग ने कपिल को साफ चेतावनी दी है 'हमारी बात मान लो, वरना तुम्हारा समय बर्बाद हो जाएगा'. अगर उन्होंने निर्देश नहीं माने तो उनके कैफे को भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है. यह घटना ब्रिटिश कोलंबिया के सरे इलाके में हुई बताई जा रही है, जहां 'चाय सुट्टा बार' नाम की जगह कपिल शर्मा के कैफे के बहुत पास है. ये सारी बातें अभी सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित हैं. किसी बड़ी न्यूज एजेंसी ने इनकी पुष्टि नहीं की है.
पुरानी घटनाओं का सिलसिला
यह नई घटना अकेली नहीं है. साल 2025 से कपिल शर्मा के कैफे को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है.
पहला हमला: 10 जुलाई 2025 को कैफे के खुलने के कुछ दिन बाद ही कैफे और आसपास की इमारतों पर गोलियां चलाई गईं
दूसरा हमला: 7 अगस्त 2025 को फिर उसी जगह पर कई राउंड फायरिंग हुई
तीसरा हमला: अक्टूबर 2025 के मध्य में तीसरी बार हमला हुआ. इस बार गैंग के लोग सोशल मीडिया पर खुद जिम्मेदारी लेते दिखे
इन तीनों घटनाओं ने एक पैटर्न बना दिया है. अब कोई भी नई खबर आती है तो लोग इसे पुरानी घटनाओं का ही हिस्सा समझते हैं. कपिल शर्मा का कैफे लगातार खतरे में महसूस हो रहा है.
कपिल शर्मा ने क्या कहा था?
कपिल शर्मा खुद इस मामले पर खुलकर बोल चुके है. अपनी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने कहा था कि 'वहां के नियम और पुलिस के पास शायद इतनी ताकत नहीं है कि ऐसी घटनाओं को रोक सकें.' इससे पता चलता है कि कपिल कितने परेशान हैं और उन्हें लगता है कि कनाडा में सुरक्षा की स्थिति कमजोर है.
असली वजह क्या है?
गैंग के लोगों का कहना है कि उन्होंने कपिल के कैफे को इसलिए टारगेट किया क्योंकि कपिल ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के लॉन्च इवेंट में सलमान खान को इन्वाइट किया था. लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान से बहुत नाराज है. इस नाराजगी की शुरुआत 1998 के काले हिरण शिकार मामले से हुई थी. गैंग के सदस्यों का कहना है कि 'सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी सजा मिलनी चाहिए.' इसी वजह से कपिल शर्मा को भी बार-बार धमकियां मिल रही हैं.
क्या है आगे का मंजर?
कपिल शर्मा भारत के बहुत पॉपुलर कॉमेडियन हैं. उनका कैफे कनाडा में भारतीय स्वाद और माहौल देने वाला था, जहां भारतीय लोग परिवार के साथ समय बिता सकते थे. लेकिन लगातार हो रही फायरिंग और धमकियों ने न सिर्फ बिजनेस को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि कपिल और उनके परिवार की मानसिक शांति भी छीन ली है. यह घटना सिर्फ एक कॉमेडियन की कहानी नहीं है. यह दिखाती है कि भारत में शुरू हुआ गैंग वॉर अब विदेशों तक फैल चुका है. कनाडा जैसे देश में रह रहे भारतीय कारोबारी और सेलिब्रिटी अब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. अभी तक पुलिस या कनाडा सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. उम्मीद है कि जल्द ही सुरक्षा बढ़ाई जाएगी ताकि कपिल शर्मा जैसे लोग बिना डरे अपना काम कर सकें.




