Begin typing your search...

खून से सना पुणे! 24 घंटे में दूसरी मासूम के साथ दरिंदगी, चाकण में हैवानियत की सारी हदें पार

पुणे के चाकण में 3 साल की मासूम की गला रेतकर हत्या और दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नसरापुर की घटना के ठीक बाद हुई इस वारदात से पूरा महाराष्ट्र दहल उठा है.

खून से सना पुणे! 24 घंटे में दूसरी मासूम के साथ दरिंदगी, चाकण में हैवानियत की सारी हदें पार
X
( Image Source:  X-@ANI )

Pune: पुणे जिले में मासूम बच्चियों के खिलाफ हिंसा की दो लगातार घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. भोर तालुका के नसरापुर में चार साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की खबर अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि चाकण क्षेत्र से एक और वैसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है.

चाकण के महालुंगे दक्षिण पुलिस स्टेशन की सीमा में एक तीन साल की बच्ची के साथ यौन शोषण के बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई. इन घटनाओं के कारण नागरिकों में भारी आक्रोश और डर का माहौल बना हुआ है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, चाकण इलाके की यह बच्ची अपने घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई थी. जब काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिली, तो परिवार ने पुलिस को सूचित किया. तलाशी अभियान के दौरान बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर एक सुनसान जगह पर बरामद हुआ. लाश की शुरुआती जांच से पता चला कि बच्ची के साथ पहले यौन उत्पीड़न किया गया और फिर किसी धारदार हथियार से उसका गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई.

घटना की सूचना मिलते ही महालुंगे दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इलाके के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर एक 16 साल के संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस कृत्य के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके.

इससे पहले क्या आया था मामला?

इससे पहले कल ही भोर तालुका के नसरापुर गांव में एक चार साल की बच्ची की प्रताड़ना और हत्या का मामला सामने आया था. उस घटना ने पूरे राज्य में गुस्से की लहर पैदा कर दी थी और अब अगले ही दिन चाकण में हुई इस वारदात ने लोगों को डरा दिया है.

भोर में एक 65 साल के शख्स ने 6 साल की बच्ची का रेप किया और फिर उसकी लाश को पत्थर से कुचल दिया. इसके बाद आरोपी ने शरीर को गोबर से ढक दिया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि आरोपी को फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाएगा.

इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे को गंभीर बना दिया है. नागरिक प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं. फिलहाल महालुंगे दक्षिण पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

अगला लेख