Begin typing your search...

Pune में 4 साल की बच्ची का रेप कर पत्थर से कुचला, फिर गोबर से ढक दी लाश; 65 साल का आरोपी गिरफ्तार

पुणे के भोर में एक 65 साल के शख्स ने चार साल की बच्ची का रेप किया और फिर उसे पत्थर से कुचल कर मार डाला. आरोपी यहीं नहीं रुका, इसके बाद उसने बच्ची की लाश को गोबर से ढक दिया.

Pune में 4 साल की बच्ची का रेप कर पत्थर से कुचला, फिर गोबर से ढक दी लाश; 65 साल का आरोपी गिरफ्तार
X
( Image Source:  X-@ANI )

Pune News: पुणे जिले के भोर तहसील से एक दिल दहला देने वाली और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. बच्ची गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपनी नानी के घर आई हुई थी.

इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. वारदात के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मासूम बच्ची इन दिनों अपनी नानी के घर छुट्टियां बिताने आई हुई थी. शनिवार को वह घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान 65 साल का भीमराव कांबले उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के सामने स्थित पशुओं के तबेले में ले गया. आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. पहले उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और फिर बच्ची की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. इस जघन्य वारदात के बाद आरोपी ने शव को तबेले में पड़े गाय के गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया, ताकि किसी को इस घटना की भनक न लगे और उस पर शक न हो.

जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता होने लगी और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. परिवार के लोग और गांव के अन्य लोग मिलकर बच्ची को ढूंढने लगे. गांवभर में खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार की बेचैनी और बढ़ गई. इसी दौरान तबेले में खोजबीन के समय बच्ची का शव बरामद हुआ. यह मंजर देखकर परिजन चीख पड़े और पूरे घर में मातम पसर गया. गांव के लोग भी यह दृश्य देखकर सन्न रह गए और इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बन गया.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को खबर दी गई. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीमराव कांबले को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद पूरे गांव में गुस्से का माहौल है. सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करने लगे. गांव वालों का गुस्सा इतना ज्यादा है कि उन्होंने बच्ची का शव लेने से भी इनकार कर दिया. उनका कहना है कि जब तक आरोपी को उनके हवाले नहीं किया जाता, वे शव नहीं लेंगे.

ग्रामीणों ने तबेले के सामने ही कैंप लगा लिया है और अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन लोग अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. हालात को काबू में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

गुस्साई भीड़ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. स्थिति को संभालने के लिए पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

अगला लेख