न घर था, न पैसा...मां बेचती थी फूल; मंदिर के बाहर किया था पहला कॉन्ट्रैक्ट साइन- कहानी Delhi Capitlas के मैच विनर की
पथुम निसांका ने बचपन में बहुत कुछ झेला है उनके मां-बाप ने गरीबी में भी अपने बेटे का क्रिकेटर बनने का सपना नहीं तोड़ा. आज ये खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 में धमाल मचा रहा है.
pathum nissanka
IPL 2026: आईपीएल 2026 में कई युवा खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से धमाल मचा रहे हैं. ये टूर्नामेंट कई युवा खिलाड़ियों को एक खास पहचान दे जाता है. अपनी मेहनत, कड़ी प्रैक्टिस के दम पर हर साल नए-नए युवा खिलाड़ी यहां तक पहुंचते हैं और फिर नेशनल टीम के लिए भी खेलते हैं. लेकिन कुछ खिलाड़ियों का क्रिकेट का सफर उतना आसान नहीं होता है.
बचपन में गरीबी और सीमित संसाधनों में गुजारा करके कई क्रिकेटरों ने आज अपनी अलग पहचान बना ली है. आज हम एक ऐसे ही युवा श्रीलंकाई क्रिकेटर पथुम निसांका की बात करने वाले हैं जिसने बचपन में बहुत कुछ झेला है उनके मां-बाप ने गरीबी में भी अपने बेटे का क्रिकेटर बनने का सपना नहीं तोड़ा. आज ये खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 में धमाल मचा रहा है.
कैसा रहा पथुम निसांका का बचपन?
पथुम निसांका का जन्म 18 मई 1998 को श्रीलंका के गाले में हुआ था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक समय ऐसा था कि उनके पास खुद का घर नहीं था. उनके पिता सुनील सिल्वा ग्राउंड बॉय का काम करते थे. वहीं उनकी मां कलूतारा मंदिर के बाहर फूल और अगरबत्ती बेचा करती थीं. परिवार की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन पथुम के मां-बाप ने कभी अपने बेटे के सपने को टूटने नहीं दिया. बेटे के लिए ज्यादा पैसा जुटाने के लिए उनकी मां मंदिर के बाहर कड़ी धूप और बारिश में भी घंटों-घंटों बैठा करती थीं. घर न होने के कारण पथुम ने अपना पहला क्रिकेट कॉन्ट्रैक्ट मंदिर के बाहर ही साइ किया था.
कहां से हुई क्रिकेट की शुरुआत?
कलुतारा राष्ट्रीय विद्यालय में पथुम ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की. इसके बाद स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप में पथुम का वो अंदाज देखने को मिला, जिसने उनको एक अलग पहचान दिलाई. कोलंबो के कोल्ट्स ग्राउंड में खेले गए मैच में पथुम ने राजगिरिया के खिलाफ 190 गेंदों पर शानदार 205 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद 17 मार्च 2017 को उन्होंने अपने लिस्ट ए क्रिकेट करियर की शुरुआत की. एसएलसी ट्वेंटी 20 टूर्नामेंट में 24 फरवरी 2018 को पथुम ने अपना टी20 डेब्यू किया था. इसके बाद से वे लगातार घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते रहे.
कैसा रहा इंटरनेशनल करियर?
श्रीलंका के लिए पथुम निसांका को तीनों फॉर्मेट में डेब्यू करने का मौका साल 2021 में मिला था. अभी तक वे 18 टेस्ट, 77 वनडे और 91 टी20 मैच खेल चुके हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू में पथुम ने शानदार शतक लगाया था. इसके अलावा वनडे दोहरा शतक लगाने वाले पथुम इकलौते श्रीलंकाई क्रिकेटर हैं. अभी तक वनडे में उनके बल्ले से 2920 रन निक चुके हैं. जिसमें 7 शतक शामिल है. इसके अलावा टी20 में 2648 रन बना चुके हैं. वहीं टेस्ट में पथुम ने अभी तक 1305 रन बनाए हैं.
IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
आईपीएल 2026 में अभी तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 8 मुकाबले खेलते हुए पथुम 209 रन बना चुके हैं. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके बल्ले से इस सीजन की बेस्ट पारी खेली. जिसमें उन्होंने 62 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स ने पथुम को 4 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा था.




