Today Weather: दिल्ली-NCR में हो सकती है बारिश, बिहार में येलो अलर्ट, राजस्थान में आंधी बरसाएगी कहर, जानें अपने शहर का हाल
दिल्ली-NCR में जहां हल्की राहत के साथ बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है, वहीं बिहार में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. यहां तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.
मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. भीषण गर्मी से जूझ रहे कई राज्यों में तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. उत्तर भारत से लेकर मध्य और पश्चिम भारत तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक कई क्षेत्रों में अस्थिर मौसम और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है.
लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन कई जगहों पर आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है. ऐसे में अलग-अलग राज्यों में मौसम का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. 2 मई को मौसम साफ रहने और तापमान 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 3 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसके बाद 4 और 5 मई को मौसम में बदलाव के आसार हैं. इन दिनों गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 6 मई तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है.
मध्य प्रदेश में कई जिलों में बारिश
मध्य प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है. ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और पन्ना जैसे क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. वहीं सीधी और बालाघाट में हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भोपाल में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. यहां दिन का तापमान लगभग 39 डिग्री और रात का करीब 23 डिग्री रहने का अनुमान है.
बिहार में येलो अलर्ट जारी
बिहार में मौसम ने करवट ली है और कई जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 3 मई तक बनी रह सकती है. पटना में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है. राज्य के 33 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा और बिजली गिरने का खतरा बताया गया है.
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी मौसम खराब बना हुआ है. मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर और उदयपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है. कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.




