बंगाल में नतीजे आने से पहले बवाल! स्ट्रॉन्ग रूम को 10 बार खोलने पर 6 अधिकारी सस्पेंड, 2 सीटों पर वोटिंग आज; टॉप-10 अपडेट्स
बंगाल में EVM स्ट्रॉन्ग रूम को 10 बार खोले जाने पर विवाद खड़ा हो गया है. इस मामले में 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है. आज 15 बूथों पर दोबारा मतदान किया जाएगा.
ममता बनर्जी और सुभेंदु अधिकारी
Bengal Election 2026 EVM Strongroom Controversy: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, लेकिन उससे ईवीएम की सुरक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि एक स्ट्रॉन्ग रूम, जहां पोल्ड EVM और VVPAT रखे गए थे, उसे कम से कम 10 बार खोला गया. बीजेपी का दावा है कि तय समय से पहले स्ट्रॉन्ग रूम खुला मिला. जब अधिकारियों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन ने 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है.
चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के 15 बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया है. वोटिंग 2 मई यानी आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी.
स्ट्रांग रूम पर बवाल को लेकर 10 अपडेट्स
1- TMC ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का आरोप है कि कई स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV बार-बार बंद हुआ. यह चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है.
2- टीएमसी ने कहा कि स्ट्रांग रूम की 24×7 निगरानी और रिकॉर्डिंग अनिवार्य है. पार्टी ने मांग की है कि CCTV खराबी की पूरी रिपोर्ट, बिना एडिट की गई रिकॉर्डिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग बहाल की जाए.
3- मामला अब कानूनी मोर्चे पर भी पहुंच गया है. सुप्रीम कोर्ट ने टीएमसी की याचिका पर सुनवाई के लिए विशेष बेंच गठित की है. जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जॉयमाल्या बागची की बेंच सुनवाई करेगी. टीएमसी ने हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें वोट काउंटिंग में केवल केंद्र/PSU कर्मचारियों को सुपरवाइजर बनाने की बात कही गई थी.
4- Kolkata Police ने 4 मई की मतगणना से पहले कड़े कदम उठाए हैं. काउंटिंग सेंटर के 200 मीटर के दायरे में 5 से ज्यादा लोगों के जुटने और प्रतिबंधित सामान ले जाने पर भी रोक लगाई गई है. इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
5- राज्य के कई जिलों, मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर 24 परगना, में पोस्ट-पोल हिंसा की खबरें सामने आई हैं. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
6- इससे पहले, कोलकाता के स्ट्रांग रूम में कथित ईवीएम छेड़छाड़ को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धरना दिया. विवाद के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
7- विवादों को देखते हुए 4 मई को होने वाली मतगणना के दिन स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना टेबल तक EVM ले जाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य कर दी गई है.
8- चुनाव आयोग ने नया निर्देश जारी किया है कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी हों या फिर उम्मीदवार या एजेंट, स्मार्टफोन या वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस अंदर नहीं ले जा सकते.
9- स्ट्रॉन्ग रूम के चारों ओर केंद्रीय बलों की 24x7 पहरेदारी, सीसीटीवी निगरानी और 'डबल लॉक' प्रणाली लागू कर दी गई है. विपक्ष ने चुनाव आयोग से मांग की है कि स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास इंटरनेट जैमर लगाए जाएं ताकि वायरलेस तरीके से EVM को हैक न किया जा सके.
10- विपक्षी दलों (BJP और ISF) ने आरोप लगाया कि कई केंद्रों पर CCTV कैमरे घंटों तक बंद रहे. चुनाव आयोग ने इसे 'तकनीकी खराबी' बताया है. चुनाव खत्म होने के बाद से ही बीजेपी और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर तंबू लगाकर 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं ताकि EVM के साथ छेड़छाड़ न हो.




