Begin typing your search...

पहले टी-20 वर्ल्‍ड कप का फाइनल मुकाबला, धोनी की टीम बनी थी चैंपियन- पढ़ें खून जमा देने वाले अंतिम ओवर का पूरा किस्‍सा

भारत ने पहली बार 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था. उसने आखिरी ओवर तक चले फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 रन से शिकस्त दी थी. पढ़ें, आखिरी ओवर का पूरा किस्सा...

पहले टी-20 वर्ल्‍ड कप का फाइनल मुकाबला, धोनी की टीम बनी थी चैंपियन- पढ़ें खून जमा देने वाले अंतिम ओवर का पूरा किस्‍सा
X

T20 World Cup 2007 India vs Pakistan Final Match Highlights: 24 सितंबर 2007, जोहान्सबर्ग का मैदान और भारत की एतिहासिक जीत... यह कहानी है पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया के पहली बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने की... इस फाइनल मुकाबले में क्रिकेट फैंस को शानदार मुकाबला देखने को मिला. मैच अंतिम ओवर तक चला और आखिरी गेंद तक मुकाबले में रोमांच बना रहा. जैसे ही भारत ने जीत हासिल की, स्टेडियम में बैठे दर्शक झूम उठे, जबकि भारतीय सपोर्ट स्टाफ, कोचिंग स्टाफ और बाकी खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े.

भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर लगाकर पाकिस्तान के खिलाफ मिली एतिहासिक जीत का जश्न मनाया. स्टैंड्स में लहराते तिरंगे और खिलाड़ियों के हाथों में झंडे… लगभग हर खिलाड़ी के कंधे पर तिरंगा था. पूरा मैदान जश्न में डूबा हुआ था.

2007 की वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ टीम इंडिया के खिलाड़ी

पाकिस्तान को मिली मायूसी

पाकिस्तान के लिए यह हार मायूसी लेकर जरूर आई, लेकिन उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया. मिस्बाह-उल-हक ने आखिरी ओवर तक धैर्य बनाए रखा. बस अंत में एक गलती भारी पड़ गई और मुकाबला हाथ से निकल गया.

धोनी ने छोटे फैन को दे दी जर्सी

मुकाबला खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई दी. कुछ पल शांति के रहे, फिर भारतीय टीम दोबारा जश्न में डूब गई. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी जर्सी एक छोटे फैन को दे दी और खुद बिना शर्ट के मैदान में घूमते नजर आए. ICC के चीफ एग्जीक्यूटिव मैल्कम स्पीड ने आकर टीम को बधाई दी.

शोएब मलिक ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान क्या कहा?

  • प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान यूनिस खान, मोहम्मद हफीज, कप्तान शोएब मलिक और शाहिद अफरीदी समेत पाकिस्तान के सभी खिलाड़ियों के चेहरों पर निराशा साफ झलक रही थी, जबकि भारतीय खिलाड़ी खुशी से झूम रहे थे.
  • सबसे पहले मैच अधिकारियों को मेडल दिए गए. इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी एक-एक कर मंच पर आए.
  • शोएब मलिक ने कहा, “हमने पूरी कोशिश की. भारत की बल्लेबाज़ी मजबूत थी. हमने उन्हें 160 से कम पर रोका, लेकिन हमारी बल्लेबाज़ी साथ नहीं दे पाई. भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया”

इरफान पठान बने प्लेयर ऑफ द मैच

मैन ऑफ द मैच भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान बने. उन्होंने कहा, “ये मेरे लिए शानदार वापसी है. पिच थोड़ी धीमी थी, इसलिए मैंने स्पीड में बदलाव किया. आख़िर में मैच किसी भी तरफ जा सकता था, लेकिन हमने टीम की तरह खेला.” वहीं, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए शाहिद अफरीदी ने कहा, “जीत-हार खेल का हिस्सा है. हमने अच्छा क्रिकेट खेला. भारत को जीत की बधाई.”

धोनी ने क्या कहा?

भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, “ये पल मैं जिंदगी भर याद रखूंगा. किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि हम जीतेंगे. आज हमने साबित कर दिया कि हम जश्न के हकदार हैं. पाकिस्तान ने अच्छा खेला, लेकिन हमें भरोसा था कि हमारे पास बोर्ड पर पर्याप्त रन हैं. आखिरी ओवर के लिए मैंने जोगिंदर शर्मा पर भरोसा किया और उन्होंने कमाल कर दिया.”

वर्ल्ड कप 2007 की ट्रॉफी के साथ कप्तान धोनी

युवराज सिंह को छह छक्के लगाने के लिए मिले 1 करोड़ रुपये

इसके बाद आतिशबाजी शुरू हो गई. मंच पर भारतीय टीम ने ट्रॉफी उठाई और जश्न चरम पर पहुंच गया. इसी बीच खबर आई कि BCCI ने टीम के लिए 20 लाख डॉलर (US$ 2 million) का बोनस घोषित किया है. साथ ही युवराज सिंह को एक ओवर में छह छक्के लगाने के लिए 1 करोड़ रुपये का विशेष इनाम दिया जाएगा. भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को जश्न में डुबो दिया.

INDIA Vs Pakistan T20 World Cup 2007 Final Match Highlights

भारत की पारी

  • अब बात करते हैं मैच हाईलाइट्स की... भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया. हालांकि, शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं हुई.
  • गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग करने उतरे यूसुफ पठान तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर 25 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. उन्होंने 8 गेंद में 15 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 1 छक्का शामिल रहा. उन्हें मोहम्मद आसिफ ने शोएब मलिक के हाथों कैच आउट कराकर वापस ड्रेसिंग रूम की राह दिखाई.
  • टीम इंडिया का स्कोर 5.4 ओवर में 40 रन ही था कि रॉबिन उथप्पा भी सोहैल तनवीर की गेंद पर शाहिद अफरीदी को कैच थमा बैठे. उथप्पा ने 11 गेंद में 8 रन बनाए, जिसमें 1 चौका शामिल रहा.
  • हालांकि, इसके बाद युवराज सिंह और गौतम गंभीर के बीच तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी हुई. युवराज को उमर गुल ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन की राह दिखाई. युवराज 19 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें एक चौका शामिल था.
  • युवराज सिंह के बाद बैटिंग करने आए कप्तान धोनी भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए. वे 10 गेंद में 6 रन बनाकर उमर गुल की गेंद पर बोल्ड हो गए. उस समय समय टीम का स्कोर 111 रन था.
  • इस बीच गौतम गंभीर ने एक छोर संभालते हुए शानदार अर्धशतक लगाया. वे 130 रन के स्कोर पर 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए. उन्होंने 54 गेंद में 2 छक्के और 8 चौके लगाते हुए 75 रन बनाए.
  • इसके बाद रोहित शर्मा और इरफान पठान ने टीम इंडिया का विकेट गिरने नहीं दिया. दोनों के बीच 27 रन की साझेदारी हुई.
  • रोहित ने 16 गेंद में 1 छक्का और 2 चौके जड़ते हुए नाबाद 30 रन बनाए, जबकि पठान 3 गेंद में 3 रन बनाकर नाबाद रहे.
  • इस तरह भारत ने 20 ओवर में 7.85 की स्ट्राइक रेट के साथ 5 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए.
  • पाकिस्तान की ओर से उमर गुल सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए. गुल की इकॉनमी 7 की रही. वहीं, मोहम्मद आसिफ और सोहैल तनवीर को 1-1 विकेट मिला.

पाकिस्तान की पारी

  • भारत की ओर से रखे गए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही.
  • पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद हफीज 1 रन के स्कोर पर आरपी सिंह की गेंद पर उथप्पा को कैच थमा बैठे.
  • इसके बाद तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कामरान अकमल भी वापस ड्रेसिंग रूम लौट गए. अकमल को आरपी सिंह ने क्लीन बोल्ड कर दिया. वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
  • पाकिस्तान को छठे ओवर की चौथी गेंद पर 53 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा. इमरान नजीर को उथप्पा ने शानदार थ्रो के जरिए रन आउट कर पवेलियन भेजा. नजीर खतरनाक दिख रहे थे. उन्होंने 14 गेंद में 33 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.
  • अभी टीम के स्कोर में 12 रन ही जुड़े थे कि अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान भी नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर जोगिंदर शर्मा की गेंद पर यूसुफ पठान को कैच थमा बैठे. यूनिस ने 24 गेंद में 24 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे. उनके आउट होने के बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा.
  • टीम के स्कोर में 11 रन ही जुड़े थे कि कप्तान शोएब मलिक भी 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए. उन्हें इरफान पठान ने वापस ड्रेसिंग रूम भेजा. मलिक ने 17 गेंद पर 8 रन बनाए.
  • इरफान पठान के इसी ओवर की अगली लीगल डिलीवरी गेंद (क्योंकि अगली फेंकी गई गेंद वाइड थी) पर शाहिद अफरीदी भी श्रीसंत को कैच थमा कर वापस पवेलियन लौट गए. अफरीदी अपना खाता भी नहीं लौट सके.
  • यहां से पाकिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई. उसके 6 विकेट 12वें ओवर में ही महज 77 रन पर ही गिर गए.
  • पाकिस्तान को सातवां झटका 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर 104 रन के स्कोर पर लगा. यासिर अराफात को इरफान पठान ने क्लीन बोल्ड कर दिया. अराफात ने 11 गेंद में 15 रन बनाए.
  • इसके बाद 18वें ओवर में टीम को आठवां झटका लगा. सोहैल तनवीर को श्रीसंत ने अपनी गेंद पर बोल्ड कर दिया. तनवीर ने 4 गेंद में 12 बनाए, जिसमें 2 चौके शामिल रहे.
  • हालांकि, मिस्बाह उल हक एक छोर पर टिके रहे. वे टीम को तेजी से लक्ष्य की ओर से ले जा रहे थे. इसी दौरान टीम को उमर गुल के रूप में नौवां झटका लगा. गुल को आरपी सिंह ने क्लीन बोल्ड कर वापस ड्रेसिंग रूम की राह दिखाई. इस समय टीम का स्कोर 18.5 ओवर में 141 रन था.
  • 19वें ओवर के बाद टीम को मैच जीतने के लिए अंतिम 6 गेंद में 13 रन की जरूरत थी, जबकि सिर्फ 1 विकेट ही बाकी था.

जोगिंदर शर्मा के आखिरी ओवर का पूरा रोमांच

भारत की तरफ से अंतिम ओवर फेंकने आए जोगिंदर शर्मा... उनके सामने थे- मिस्बाह-उल-हक. दबाव जोगिंदर शर्मा पर था. दो सिक्स से मैच पाकिस्तान के पक्ष में जा सकता था. मिस्बाह 3 छक्के जड़ चुके थे. जोगिंदर ने पहली गेंद वाइड फेंकी. इसके बाद पहली लीगल डिलीवरी आई, जिस पर मिस्बाह कोई रन नहीं ले पाए.

जोगिंदर शर्मा ने मिस्बाह-उल-हक को आउट कर भारत को दिलाई जीत

इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का जड़ते हुए गेंद को हवाई यात्रा पर भेज दिया. हालांकि, इसकी अगली ही गेंद पर वे श्रीसंत के हाथों कैच आउट हो गए और भारत ने 5 रन से मैच जीतकर पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया.

जोगिंदर शर्मा

आखिरी ओवर का पूरा रोमांच

  • पहली गेंद- वाइड
  • पहली गेंद- 0 रन
  • दूसरी गेंद- 6 रन
  • तीसरी गेंद- आउट

भारत की प्लेइंग 11

  1. गौतम गंभीर
  2. यूसुफ पठान
  3. रॉबिन उथप्पा
  4. युवराज सिंह
  5. एमएस धोनी
  6. रोहित शर्मा
  7. इरफान पठान
  8. हरभजन सिंह
  9. जोगिंदर शर्मा
  10. श्रीसंत
  11. आरपी सिंह

पाकिस्तान की प्लेइंग 11

  1. मोहम्मद हफीज
  2. इमरान नजीर
  3. कामरान अकमल
  4. यूनिस खान
  5. शोएब मलिक
  6. मिस्बाह-उल-हक
  7. शाहिद अफरीदी
  8. यासिर अराफात
  9. सोहैल तनवीर
  10. उमर गुल
  11. मोहम्मद आसिफ

भारत का टी-20 वर्ल्ड कप 2007 में फाइनल तक का सफर

  • पहला मैच- स्कॉटलैंड के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द हुआ
  • दूसरा मैच- पाकिस्तान के खिलाफ मैच टाई हुआ
  • तीसरा मैच- न्यूजीलैंड ने 10 रन से हराया
  • चौथा मैच- इंग्लैंड को 18 रन से हराया
  • पांचवां मैच- साउथ अफ्रीका को 37 रन से हराया
  • सेमीफाइनल- ऑस्ट्रेलिया को 15 रन से हराया
  • फाइनल- पाकिस्तान को 5 रन से हराया

पाकिस्तान का टी-20 वर्ल्ड कप 2007 में फाइनल तक का सफर

  • पहला मैच- स्कॉटलैंड को 51 रन से हराया
  • दूसरा मैच- भारत के खिलाफ मैच टाई हुआ
  • तीसरा मैच- श्रीलंका को 33 रन से हराया
  • चौथा मैच- ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया
  • पांचवां मैच- बांग्लादेश को 4 विकेट से हराया
  • सेमीफाइनल- न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया
  • फाइनल- भारत से 5 रन से हारा

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

  1. मैथ्यू हेडेन (ऑस्ट्रेलिया)- 265 रन (6 मैच)
  2. गौतम गंभीर - 227 रन (7 मैच, 6 पारी)
  3. मिस्बाह-उल-हक- 218 (7 मैच)
  4. शोएब मलिक- 195 (7 मैच)
  5. केविन पीटरसन (इंग्लैंड)- 178 (5 मैच)

लीग स्टेज में भी भारत ने मारी बाजी

बता दें कि भारत ने इससे पहले 1983 में, जबकि पाकिस्तान ने 1992 में वनडे वर्ल्ड कप जीता था. इससे पहले भी लीग स्टेज पर दोनों टीमों का मुकाबला हुआ था, जो टाई रहा. दोनों टीमों ने 141 रन बनाए.

मैच का नतीजा बॉल आउट से हुआ. इसमें भारत ने जीत दर्ज की, जबकि पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा.

टी-20 वर्ल्‍ड कपक्रिकेट न्‍यूजमहेंद्र सिंह धोनीरोहित शर्मास्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख