क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज, T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने को राजी हुआ पाकिस्तान; आखिर कैसे बनी बात? जानें इनसाइड स्टोरी
पाकिस्तान आखिरकार टी-20 वर्ल्ड कप में भारत से खेलने को तैयार हो ही गया, अब तय शेड्यूल के मुताबिक, 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला होगा.
भारत और पाकिस्तान के कप्तान टॉस के समय
T20 World Cup 2026 India vs Pakistan Match: भारत-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर चल रहा विवाद अब धीरे-धीरे सुलझने की ओर बढ़ता दिख रहा है. रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर पाकिस्तान राजी हो गया है. इसका आधिकारिक एलान जल्द ही होगा. वहीं, सोमवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पाकिस्तान से साफ तौर पर अपील की कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला T20 वर्ल्ड कप मैच खेले, क्योंकि इससे पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम को फायदा होगा.
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान के अपने हालिया दौरे के बाद जारी बयान में कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है और अब पाकिस्तान को तय कार्यक्रम के मुताबिक भारत के खिलाफ मैच खेलना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फैसला सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यापक हित से जुड़ा है.
मोहसिन नकवी की BCB ने क्यों की तारीफ?
ढाका से जारी बयान में BCB ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उसके चेयरमैन मोहसिन नकवी की भी तारीफ की. BCB ने कहा कि बातचीत के दौरान PCB ने खेल भावना और एकजुटता का उदाहरण पेश किया.
ICC ने क्या कहा?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ICC ने भी स्थिति साफ कर दी है. क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने कहा कि बांग्लादेश की T20 वर्ल्ड कप 2026 में गैर-मौजूदगी के बावजूद BCB पर कोई वित्तीय या खेल संबंधी प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा. ICC ने बांग्लादेश को एक अहम फुल मेंबर बताते हुए भरोसा दिलाया कि 2028 से 2031 के बीच वह एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी भी करेगा.
ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि बांग्लादेश की अनुपस्थिति दुर्भाग्यपूर्ण जरूर है, लेकिन इससे ICC की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने यह भी कहा कि ICC, BCB के साथ मिलकर बांग्लादेश में क्रिकेट के विकास, प्रतिस्पर्धा और वैश्विक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा.
PCB पर क्या अन्य बोर्ड भी बना रहे दबाव?
दूसरी ओर, PCB पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी पाकिस्तान से भारत-पाक मैच के बहिष्कार पर पुनर्विचार करने को कहा था. SLC ने अपने दो पन्नों के पत्र में पाकिस्तान को याद दिलाया कि किस तरह श्रीलंका ने 2009 के लाहौर आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान का साथ दिया और 2019 में 10 साल बाद वहां टेस्ट मैच खेला. SLC ने चेतावनी दी थी कि इतने बड़े मुकाबले से हटने पर न सिर्फ भारी आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि सह-मेजबान देशों की साख, पर्यटन और अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा.
इस बीच खबर आई कि ICC और PCB 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मुकाबले पर अंतिम फैसला लेने के करीब हैं. ICC के डिप्टी चेयर इमरान ख्वाजा, ECB के जनरल सेक्रेटरी मुबाशिर उस्मानी और BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने PCB चीफ मोहसिन नकवी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा की. आखिरकार, यह तय हो गया पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में हिस्सा लेगी.
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
विवाद की जड़ उस वक्त पड़ी थी, जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप में शामिल किया गया. इसके जवाब में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था. अब लगातार बातचीत और दबाव के बाद संकेत मिल रहे हैं कि भारत-पाक मुकाबले की उम्मीद फिर से जिंदा हो सकती है.





