पागल है क्या, फील्डिंग ले पहले-सूर्यकुमार यादव से बोले रोहित शर्मा; टॉस छोड़कर हिटमैन से गले मिलने पहुंच गए SKY, वीडियो हुआ वायरल
रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की खास बॉन्डिंग एक बार फिर देखने को मिली है. यूएसए के खिलाफ टॉस के समय हिटमैन को देखते ही SKY गले मिलने दौड़ पड़े.
Suryakumar Yadav Rohit Sharma Viral Video: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की बॉन्डिंग हमेशा खास रही है. भारत और अमेरिका के बीच ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले वानखेड़े स्टेडियम में यही रिश्ता एक बार फिर देखने को मिला. टॉस के लिए मैदान में उतरते ही सूर्यकुमार की नजर रोहित शर्मा पर पड़ी. वह कुछ सेकेंड के लिए रुके, फिर दौड़कर अपने पूर्व कप्तान को गले लगा लिया.
यह नज़ारा देखते ही पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठा. पल भर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वायरल वीडियो में सूर्यकुमार यादव से क्या बोले रोहित शर्मा?
वीडियो में देखा जा सकता है कि टॉस के लिए सूर्यकुमार यादव मैदान पर तैयार रहते हैं. ठीक उसी दौरान रोहित शर्मा वहां से गुजर रहे होते हैं. जैसे ही सूर्या की नजर रोहित पर पड़ी, वह तुरंत दौड़कर उनसे मिलने पहुंच गए. इस वीडियो में SKY हिटमैन से पूछते हुए नजर आ रहे हैं कि वे पहले फील्डिंग करें बैटिंग, जिस पर रोहित कहते हैं- पागल है क्या. पहले फील्डिंग कर. इसके अलावा, वीडियो में पूर्व भारतीय कप्तान अन्य खिलाड़ियों से बात करते और उन्हें गले लगाते हुए भी नजर आए.
टॉस के बाद शुरू हुई भारत की असली परीक्षा
हालांकि, टॉस के बाद भारत की असली परीक्षा शुरू हुई. भारत की बल्लेबाज़ी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी. 13 ओवर में स्कोर 77 रन पर 6 विकेट हो चुका था. अमेरिकी तेज़ गेंदबाज़ शैडली वैन शाल्कविक ने कहर बरपाते हुए ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को आउट कर दिया. ऐसा लग रहा था कि भारत बड़ा स्कोर नहीं बना पाएगा. यहीं से सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला. उन्होंने हालात की गंभीरता को समझते हुए आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की और मैदान के चारों ओर शॉट लगाए.
सूर्या ने 49 गेंदों पर बनाए 84 रन
सूर्या 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाकर लौटे और भारत को सम्मानजनक 161/9 तक पहुंचाया. इसके बाद गेंदबाज़ों ने जिम्मेदारी निभाई. जसप्रीत बुमराह की तबीयत खराब होने के कारण प्लेइंग इलेवन में आए मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके.
9 विकेट पर 132 रन ही बना सकी यूएसए की टीम
अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने भी कसी हुई गेंदबाज़ी की, जिससे यूएसए की टीम 9 विकेट पर 132 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रन से जीत लिया. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और एक बार फिर दिखा दिया कि मुश्किल हालात में टीम किस तरह एकजुट होकर लड़ती है.





