दिल्ली में जहरीले लड्डू से तीन लोगों की हत्या करने वाला कमरुद्दीन पहले भी ले चुका है जान, फिरोजाबाद में दो लोगों को उतारा मौत के घाट
दिल्ली में तीन लोगों की मौत के मामले में पकड़ा गया तांत्रिक कमरुद्दीन पहले भी यूपी के फिरोजाबाद में दो दोस्तों की जान ले चुका था. वह लोगों को तंत्र-मंत्र से धन दिलाने का झांसा देता था, पैसे ठगता था और फिर जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतार देता था. दोनों मामलों में लड्डू में जहर मिलाने और ‘गड़ा हुआ धन’ का लालच देने का तरीका सामने आया है.
Delhi Piragadhi triple death case: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार में तीन लोगों के शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस केस में कमरुद्दीन नाम के एक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, उसने तंत्र-मंत्र के जरिए धनवर्षा कराने का झांसा देकर तीन लोगों को अपने जाल में फंसाया. आरोप है कि कमरुद्दीन ने उन्हें लड्डू में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि कमरुद्दीन पहले भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है. फिलहाल गाजियाबाद के लोनी इलाके में रह रहा था.
फिरोजाबाद में दो लोगों की हत्या करने का आरोप
पिछले साल 9 मई को फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में बंद पड़ी फारुकी ग्लास फैक्ट्री के पास रामनाथ और पूरन नाम के दो दोस्तों के शव मिले थे. आरोप है कि कमरुद्दीन ने उन्हें 'गड़ा हुआ धन' निकालने का लालच दिया था. पहले उनसे लाखों रुपये ठगे गए और जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो कथित तांत्रिक ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची.
घर पर बुलाकर खिलाया जहरीला पदार्थ
8 मई को कमरुद्दीन ने दोनों को अपने घर बुलाया और तंत्र क्रिया के नाम पर कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया. परिजनों का आरोप है कि उन्हें मानसिक रूप से आत्महत्या के लिए उकसाया गया. मौके से लड्डू, गिलास, नींबू और अन्य सामग्री मिली थी.
रामनाथ के भाई के FIR में क्या आरोप लगाए गए हैं?
रामनाथ के भाई ने FIR में लिखा था कि कमरुद्दीन तंत्र-मंत्र का काम करता था और पैसे के विवाद के कारण रंजिश रखता था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कमरुद्दीन के प्रभाव में वे वहां से निकल नहीं पाए.
क्या दिल्ली और फिरोजाबाद की घटना में कोई कनेक्शन है?
अब दिल्ली और फिरोजाबाद की घटनाओं को जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं और भी इस तरह के मामले तो नहीं जुड़े हैं.





