पीरागढ़ी फ्लाईओवर मिस्ट्री! कार में 3 मौतें, बाबा की एंट्री ने बढ़ाया सस्पेंस; जानें अब तक का अपडेट
पीरागढ़ी फ्लाईओवर मामले में पुलिस एक बाबा से पूछताछ कर रही है. रविवार को फ्लाईओवर के नीचे एक कार में तीन लाशें मिली थीं. अब इस केस में नए-नए खुलासे हो रहे हैं.
Peeragarhi Case Update: बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार में तीन लोगों की लाश मिलने के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है. घटना के एक दिन बाद, सोमवार को दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच के तहत एक 'बाबा' से भी पूछताछ की गई है.
पुलिस को अब तक की जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि तीनों की मौत जहर से हो सकती है. दरअसल, रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे राहगीरों ने फ्लाईओवर की सर्विस लेन में खड़ी एक सफेद टिगोर कार की सूचना पुलिस को दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर तीन शव मिले थे.
घटना से पहले बाबा से हुई थी तीनों की मुलाकात
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले सुबह तीनों की मुलाकात एक बाबा से हुई थी. यह साफ नहीं है कि वह बाबा उनकी कार में बैठा था या नहीं. कार और शवों की जांच में किसी तरह की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिसके बाद पुलिस को शक है कि यह मामला जहर खाकर आत्महत्या का हो सकता है.
हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है, लेकिन पुलिस को कार से एक प्लास्टिक की बोतल और कुछ गिलास मिले हैं, जिनमें जहर के अंश पाए गए हैं. मामले से जुड़े एक अन्य अधिकारी ने बताया कि डॉक्टरों की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि तीनों की मौत ज़हर खाने से हुई है.
पुलिस के मन में क्या हैं सवाल?
जांचकर्ताओं के मुताबिक, कार करीब पांच घंटे तक उसी जगह खड़ी रही और इस दौरान कोई भी अन्य व्यक्ति कार के पास आता-जाता नहीं दिखा. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम आत्महत्या और किसी साजिश, दोनों एंगल से जांच कर रहे हैं. अभी यह साफ नहीं है कि असल में क्या हुआ.
क्या लूट या जबरन वसूली का है मामला?
पुलिस जबरन वसूली और ब्लैकमेल के आरोपों की भी जांच कर रही है. इसके साथ ही पुलिस ने दोनों पुरुषों के परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की, लेकिन वहां से भी कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी.
पीरागढ़ी में तीन लाशें किसकी थीं?
ड्राइविंग सीट पर 76 साल के बुजुर्ग, आगे की पैसेंजर सीट पर 47 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर और पीछे की सीट पर 40 साल की महिला बैठी हुई थी. रिपोर्ट के मुताबिक यह कार उस बुज़ुर्ग की थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों पुरुष बापरोला गांव के रहने वाले थे और एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन शुरुआत में महिला से उनका कोई संबंध साफ नहीं हो पा रहा था.
क्या था महिला से कनेक्शन?
सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में यह जानकारी सामने आई है कि महिला जहांगीरपुरी की रहने वाली थी और पश्चिमी दिल्ली इलाके में केयरगिवर के तौर पर काम करती थी. पुलिस का कहना है कि वह 47 साल के शख्स को जानती थी, हालांकि इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई. अब तक इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों से पूछताछ की है, जिनमें वह बाबा भी शामिल है.
मरने वाले लोगों के परिवार वालों ने क्या कहा?
वहीं, दोनों पुरुषों के परिवारों ने आत्महत्या की आशंका को खारिज किया है और हत्या का शक जताया है. 76 साल के शख्स की बेटी ने कहा कि घटना वाले दिन सब कुछ सामान्य था. कोई आर्थिक या पारिवारिक परेशानी नहीं थी. मेरे पिता कभी आत्महत्या नहीं कर सकते. 47 वर्षीय व्यक्ति के परिवार का कहना है कि वह पांच सदस्यों के परिवार का इकलौता कमाने वाला था. उसके 40 वर्षीय भाई ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे भाई की किसी ने हत्या की है.





