पूजा के नाम पर दिया जहर का 'प्रसाद', फिर 2 लाख रुपये लेकर हुआ फरार; पीरागढ़ी फ्लाईओवर मौत मामले में तांत्रिक 'बाबा' गिरफ्तार
दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार में मिले तीन शवों के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, यूपी के एक तांत्रिक ने ‘धनवर्षा’ के नाम पर तीनों को जहरीले लड्डू खिलाकर हत्या की और फिर 2 लाख रुपये लेकर फरार हो गया. फिलहाल, तांत्रिक को गिरफ्तार कर पुलिस जांच में जुटी हुई है.
पीरागढ़ी फ्लाईओवर मौत कांड मामले में तांत्रिक 'बाबा' को पुलिस किया गिरफ्तार
Delhi Piragarhi Triple Death Case: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास खड़ी एक कार से तीन लोगों के शव मिलने का मामला अब चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने दावा किया है कि तीनों की जहरीले लड्डू खिलाकर हत्या की गई.
इस मामले में यूपी के फिरोजाबाद का रहने वाला कथित तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ ‘बाबा’ गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि उसने ‘धनवर्षा’ और पूजा के नाम पर तीनों को झांसा दिया, उनसे करीब 2 लाख रुपये लिए, फिर प्रसाद बताकर जहरीले लड्डू खिला दिए और पैसे लेकर फरार हो गया.
क्या है पूरा मामला?
- रविवार (8 फरवरी) को दोपहर करीब 3:50 बजे पुलिस को PCR कॉल मिली कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर की सर्विस लेन में खड़ी एक सफेद कार में बैठे लोग कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे.
- मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर तीन शव बरामद किए.
- मृतकों की पहचान 76 वर्षीय बुजुर्ग रणधीर सिंह, 47 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर नरेश सिंह और 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई. कुछ रिपोर्ट्स में बुजुर्ग की उम्र 60 साल और प्रॉपरी डीलर की उम्र 40 साल बताई गई है.
- कार बुजुर्ग के नाम पर थी.
- कार के अंदर किसी तरह के संघर्ष या लूट के निशान नहीं मिले.
- पुलिस को एक प्लास्टिक बोतल और गिलास भी मिले, जिनमें जहर के अंश पाए जाने की बात सामने आई.
- शुरुआती तौर पर मामला जहर खाकर आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन परिवारों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया.
बाबा से मुलाकात बनी कड़ी
जांच में पता चला कि घटना से एक दिन पहले तीनों की मुलाकात एक बाबा से हुई थी. पुलिस ने उस तांत्रिक से पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि बाबा ने पूजा के नाम पर जहरीले लड्डू खिलाए. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद जहर से मौत की पुष्टि होने की बात कही जा रही है.
मृतकों के परिवार का क्या कहना है?
मृतकों के परिवारों ने आत्महत्या की संभावना को नकार दिया. बुजुर्ग की बेटी का कहना था कि उसके पिता पर कोई आर्थिक या पारिवारिक दबाव नहीं था. 47 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर के परिवार का कहना है कि वह घर का इकलौता कमाने वाला था और आत्महत्या का सवाल ही नहीं उठता.
क्या कर रही पुलिस?
पुलिस जबरन वसूली, ब्लैकमेल और अन्य साजिशों के एंगल से भी जांच कर रही है. फिलहाल मुख्य आरोपी तांत्रिक पुलिस हिरासत में है. उससे पूछताछ जारी है. यह मामला अब अंधविश्वास, ठगी और सुनियोजित साजिश के खतरनाक मेल की ओर इशारा कर रहा है.





