मर्डर या सुसाइड! दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार के अंदर जिन तीन लोगों के शव मिले , उनकी मौत कैसे हुई?
दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी कार में तीन लोगों के शव मिले. पुलिस के अनुसार मामला आत्महत्या का है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. जांच जारी है.
दिल्ली में कार के अंदर मिले तीन लोगों के शव
Delhi news, Peeragarhi flyover car bodies found: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर एक खड़ी कार के अंदर तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस को करीब 3:50 बजे पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक कार में बैठे लोग किसी भी तरह से प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं. मौके पर पहुंची टीम ने सफेद रंग की टाटा टियागो कार के भीतर तीन शव बरामद किए.
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान रंधीर (76), नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में हुई है. कार मालिक भी मृतकों में शामिल बताया जा रहा है. शुरुआती जांच में लूटपाट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं, जिससे चोरी की आशंका से इनकार किया गया है.
डीसीपी सचिन शर्मा ने क्या बताया?
डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. अब तक की तफ्तीश के अनुसार, तीनों ने किसी पेय पदार्थ के जरिए ज़हर का सेवन किया, जिसके चलते उनकी मौत हुई. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
मौत की असली वजह क्या है?
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कार की बारीकी से जांच की है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों पर पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.





