वैलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड को देना चाहता था गिफ्ट, लेकिन मिली सगाई की खबर: हताश बॉडीबिल्डर ने दी जान, सुसाइड नोट में क्या मिला?
बेंगलुरु में 26 वर्षीय जिम ट्रेनर और बॉडीबिल्डर किरण ने आत्महत्या कर ली. इसकी वजह गर्लफ्रेंड की सगाई किसी और होना बताया जा रहा है.
Bengaluru Gym Trainer Suicide Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के उत्तर इलाके में रहने वाले 26 वर्षीय जिम ट्रेनर और बॉडीबिल्डर किरण ने शनिवार शाम कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस महिला से वह पिछले करीब तीन साल से प्रेम करता था, उसकी सगाई किसी और से तय हो जाने की खबर से वह गहरे तनाव में था.
मृतक की पहचान महालक्ष्मी लेआउट के गेलेयारा बालागा लेआउट निवासी किरण के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम वह अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. काफी देर तक बाहर न आने और फोन कॉल का जवाब न मिलने पर परिवार वालों को शक हुआ. दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो किरण फांसी के फंदे पर लटका मिला.
परिजनों ने पुलिस को क्या बताया?
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीते करीब दो हफ्तों से किरण काफी परेशान था. उसकी प्रेमिका ने उसे अपनी सगाई की जानकारी दी थी और शादी का कार्ड व साड़ी भी दिखाई थी. बताया जा रहा है कि किरण वैलेंटाइन डे मनाने और उसे तोहफा देने की योजना बना रहा था, लेकिन शादी की खबर ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया.
घटना से कुछ देर पहले किरण ने अपनी मां से एक सफेद कागज और पेन मांगा था. जब मां ने वजह पूछी तो उसने कहा कि वह पैसों के लेन-देन का हिसाब लिखना चाहता है. बाद में उसी कागज पर लिखा एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला, जिसमें किरण ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां को अपने कदम के लिए जिम्मेदार बताया है. नोट में उसने अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड भी लिखा था.
परिजनों का क्या आरोप है?
परिजनों का आरोप है कि किरण ने अपनी कमाई से प्रेमिका का कर्ज चुकाने में मदद की थी और उसे अपने परिवार से मिलवाकर शादी की बात भी कही थी. किरण कई बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था और जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिवार की शिकायत के आधार पर महालक्ष्मी लेआउट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
सुसाइड करने से रोकने के लिए क्या करें?
अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत मदद लेना बहुत जरूरी है. भारत में कई भरोसेमंद सुसाइड हेल्पलाइन उपलब्ध हैं.
राष्ट्रीय और प्रमुख हेल्पलाइन नंबर
- किरण मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (सरकार द्वारा संचालित): 1800-599-0019 (24×7, मुफ्त और गोपनीय सेवा)
- स्नेहा फाउंडेशन: 044-24640050 (24×7, चेन्नई आधारित लेकिन पूरे भारत के लिए)
- आसरा हेल्पलाइन: 9820466726 (24×7, आत्महत्या रोकथाम सहायता)
- iCALL (टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज): 9152987821 (सोमवार–शनिवार, सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक)
अगर स्थिति तुरंत आपातकालीन हो, तो अपने नजदीकी व्यक्ति को साथ रखें और 112 (इमरजेंसी नंबर) पर कॉल करें.





