IPL 2026 के पहले मैच में 201 रन बनाकर भी कैसे 94 गेंद में हार गई SRH? Kohli नहीं, RCB के इस खिलाड़ी ने पलट दिया पूरा गेम
IPL 2026 के पहले मैच में SRH ने 201 रन बनाए, लेकिन RCB ने 94 गेंद में लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया. देवदत्त पडिक्कल की 26 गेंद में 61 रन की तूफानी पारी ने मुकाबला पूरी तरह पलट दिया.
Devdutt Padikkal
IPL 2026 RCB Vs SRH Match Highlights: आईपीएल के 19वें सीजन के ओपनिंग मैच में जिस मुकाबले की उम्मीद बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में फैंस कर रहे थे, बिल्कुल वैसा ही मुकाबला उन्हें देखने को मिला. चाहे वह फिल साल्ट का स्टनिंग कैच हो, देवदत्त पडिक्कल की तूफानी फिफ्टी हो या विराट कोहली की 'किंग' जैसी पारी, दर्शकों को भरपूर एंटरटेनमेंट मिला. RCB ने अपने होमग्राउंड में IPL 2026 का आगाज 'धुरंधर' अंदाज में किया. उसने सनराइजर्स हैदराबाद को महज 94 गेंद में हराकर इतिहास रच दिया. वह अब 200 से ज्यादा रन का टारगेट सबसे तेज हासिल करने वाली टीम बन गई है. इस मैच में कुल 404 बने, जो किसी भी आईपीएल सीजन के ओपनिंग मैच में सबसे ज्यादा हैं.
यही नहीं, पहली बार आईपीएल में ओपनिंग डे पर 200 से ज्यादा रन चेज हुए. इस मैच में कोहली ने चेज करते हुए 4000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर 201 रन का विशाल टारगेट बनाने के बावजूद SRH यह मुकाबला कैसे हार गई... अगर इस सवाल की गहराई से पड़ताल करें तो आरसीबी के एक खिलाड़ी ने मैच का पूरा पासा पलट दिया... यह कोई और नहीं, देवदत्त पडिक्कल हैं.
देवदत्त पडिक्कल ने कैसे पलट दिया गेम?
देवदत्त पडिक्कल ने 26 गेंद में 61 रन की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 4 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके लगाए. उन्होंने 44 गेंद में कोहली के साथ 100 रन की साझेदारी की. इससे मैच पूरी तरह हैदराबाद के पाले से बाहर चला गया. वे जब आउट हुए, उस समय टीम का स्कोर 110 रन पर 2 विकेट था. इसके बाद रजत पाटीदार ने 12 गेंद में 31 और विराट कोहली ने 38 गेंद में नाबाद 69 रन बनाकर जीत पर अंतिम मुहर लगाई.
म मुहर लगाई.
देवदत्त पडिक्कल ने पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का
- देवदत्त पडिक्कल 1.1 ओवर में फिल साल्ट का विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए. उन्होंने जयदेव उनादकट की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया.
- इसके बाद पडिक्कल ने तीसरे ओवर में नितीश कुमार रेड्डी की गेंद पर दो चौके लगाए.
- पडिक्कल यही नहीं रुके, उन्होंने चौथे ओवर में डेविड पेन की गेंद पर 2 छक्के और एक चौका जड़ा.
- पडिक्कल ने 21 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. उन्हें हर्ष दुबे ने नौवें ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया.
- पडिक्कल ने आउट होने से पहले हर्ष दुबे के ओवर की दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा था.
SRH की तरफ से किसने कितने रन बनाए?
SRH की तरफ से कप्तान ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 38 गेंद में 5 छक्के और 8 चौके लगाए. उनके अलावा, अनिकेत वर्मा ने 18 गेंद में 4 छक्के और 3 चौके लगाए हुए 43 रन बनाए, जबकि हेनरिक क्लासेन ने 22 गेंद में 31 रन जड़े. इसके अलावा, अभिषेक शर्मा ने 7, ट्रेविस हेड ने 11, नितीश कुमार रेड्डी ने 1, सलिल अरोड़ा ने 9 और हर्ष दुबे ने 3 रन बनाए. वहीं, हर्षल पटेल अपना खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि डेविड पेन 6 और जयदेव उनादकट 4 रन बनाकर नाबाद रहे. इस तरह हैदराबाद ने 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए.
RCB की ओर से जैकब डफी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उन्हें इसके लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उनके अलावा, रोमारियो शेफर्ड ने 3, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा ने 1-1 विकेट चटकाया.




