Begin typing your search...

दुनिया के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं वैभव सूर्यवंशी, 96 रन की पारी पर बोले शुभमन गिल; कहा- ऐसा बल्लेबाज पहले नहीं देखा

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा खेल दिखाया कि अब उनकी तारीफ सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल भी कर रहे हैं. गिल ने 15 साल के इस बल्लेबाज को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ T20 बल्लेबाजों में से एक बताया.

shubman-gill-praises-vaibhav-sooryavanshi
X
शुभमन गिल ने जमकर की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ
( Image Source:  IPL )

Shubman Gill Praises Vaibhav Sooryavanshi: IPL 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं, उससे क्रिकेट जगत लगातार हैरान है. अब उनकी तारीफ में एक ऐसा नाम जुड़ गया है जिसकी बात पूरी दुनिया सुनती है. गुजरात टाइटंस और भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वैभव को मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में से एक बताया है.

क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले के दौरान एक बार फिर वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया. उन्होंने 47 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. हालांकि गुजरात ने यह मुकाबला जीत लिया और शुभमन गिल ने खुद 104 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया, लेकिन मैच के बाद चर्चा वैभव की बल्लेबाजी की भी खूब रही.

IPL 2026 में वैभव ने उड़ाया गर्दा

IPL 2026 में वैभव ने 16 मैचों में 776 रन बनाए. उनका औसत 48 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा. इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े, जिनमें IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में 1000 रन पूरे करना और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड शामिल है.

गिल ने सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब शुभमन गिल से वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने खुलकर तारीफ की. गिल ने कहा, "मैंने किसी बल्लेबाज को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा. इस समय वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं. सिर्फ उनकी हिटिंग ही नहीं, बल्कि उनकी बैटिंग मैकेनिक्स, हैंड स्पीड और हर परिस्थिति में खेलने की क्षमता कमाल की है."

गिल ने आगे कहा कि वैभव का सबसे बड़ा गुण उनका मानसिक मजबूत होना है. एक बार तेज शुरुआत मिलने के बाद भी वैभव परिस्थिति के अनुसार खुद को ढाल लेते हैं और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखते हैं. गुजरात के कप्तान का मानना है कि आने वाले वर्षों में दुनिया भर के गेंदबाजों को वैभव के खिलाफ खेलने में काफी मुश्किल होगी.

रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी युवा बल्लेबाज की तारीफ करते नहीं थके. उन्होंने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी को सिर्फ ताबड़तोड़ शॉट्स मारना कहना गलत होगा. पराग ने कहा, "वह सिर्फ आंख बंद करके शॉट नहीं खेलते. वह गेंदबाजों को पढ़ते हैं, परिस्थितियों को समझते हैं और उसके हिसाब से बल्लेबाजी करते हैं. सच कहूं तो अभी तक मैं भी नहीं समझ पाया हूं कि वह इतनी कम उम्र में यह सब कैसे कर लेते हैं." उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव आने वाले समय में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और देश के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि क्रिकेट की दुनिया को यह संकेत भी दे दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक और बड़ा सुपरस्टार मिल चुका है.

आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख