Abhishek Sharma से लेकर Riyan Parag तक, खिलाड़ियों ने कब-कब IPL में नियमों का किया उल्लंघन? देखिए किसे कौन-सी सजा मिली
IPL 2026 में कई खिलाड़ियों पर कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगा है और एक डिमेरिट प्वाइंट अंक भी दिया गया है. इनमें अभिषेक शर्मा और रियान पराग जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. अब सवाल उठ रहा है कि क्या खिलाड़ियों पर नियमों का कोई असर नहीं पड़ रहा है?
IPL 2026 Discipline Under Spotlight: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आधा सीजन गुजर चुका है. इस दौरान यह टूर्नामेंट जहां रोमांचक मुकाबलों और प्लेऑफ की कड़ी रेस के लिए चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के अनुशासनहीन व्यवहार ने भी फैन्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है. अब तक 70 में से 46 लीग मुकाबले पूरे हो चुके हैं और Punjab Kings 9 मैचों में 13 अंकों के साथ टेबल में टॉप पर है, लेकिन इस बीच कई खिलाड़ियों पर जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट्स लगाए गए हैं.
इसकी शुरुआत हुई सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से... जिन पर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में अभद्र भाषा के इस्तेमाल के लिए कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.3 के तहत मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया गया. साथ ही, एक डिमेरिट प्वाइंट दिया. इसके बाद ऑफ-फील्ड नियमों का उल्लंघन करते हुए राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना झेलना पड़ा.
नीतीश राणा और टिम डेविड पर लगा जुर्माना
मैदान पर भी खिलाड़ियों का गुस्सा कई बार हावी होता दिखा. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी नीतीश राणा को अंपायर से बहस करने पर कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.3 के तहत सजा मिली, जबकि टिम डेविड ने अंपायर को गेंद लौटाने में देरी की, जिस पर कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.4 के तहत उन पर जुर्माना लगाया गया. इसी तरह, राजस्थान के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर और केकेआर के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को आक्रामक व्यवहार के लिए दंडित किया गया.
रघुवंशी और बर्गर पर क्या कार्रवाई हुई?
रघुवंशी पर कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.2 के तहत मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया. वहीं, बर्गर पर धारा 2.5 के तहत मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया.
रियान पराग पर लगा मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना
सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के मामले की रही, जिन्हें ड्रेसिंग रूम में वेप इस्तेमाल करने पर कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.1 के तहत मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया. वहीं दिल्ली के तेज गेंदबाज Kyle Jamieson को विरोधी खिलाड़ी को आक्रामक तरीके से विदा करने पर कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.5 के तहत चेतावनी दी गई. साथ ही, एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया..
स्लो ओवर रेट पर क्या कार्रवाई?
इसके अलावा, स्लो ओवर रेट भी बड़ी समस्या बनकर सामने आया है. पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को दो बार जुर्माना भरना पड़ा, जबकि शुभमन गिल, रुतुराज गायकवाड़, हार्दिक पांड्या और अजिंक्य रहाणे भी इस नियम के उल्लंघन में फंसे. लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने IPL 2026 में अनुशासन और खेल भावना को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.




