साउथ के ये 5 सुपरस्टार बन चुके हैं CM: पवन कल्याण, MGR से जयललिता तक, अब Vijay भी रेस में!
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने राजनीति में कदम रखकर मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया. अब थलपति विजय भी इस लिस्ट में शामिल होने की तैयारी में हैं.
साउथ की फिल्म इंडस्ट्री के स्टार्स का रौला पूरे देश में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में है. उनकी फिल्में, स्टाइल, एक्टिंग और फैन फॉलोइंग देखकर लगता है कि उनका जादू कभी खत्म नहीं होता. इनमें से कई सितारों ने सिर्फ फिल्मों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि राजनीति में भी कदम रखा और सफलता हासिल की. कुछ तो मुख्यमंत्री (CM) की कुर्सी तक पहुंच गए. मौजूदा समय में तमिलनाडु में टीवीके पार्टी से थलपति विजय चुनाव लड़े और जीत की तरफ बढ़ते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. ऐसे में जानते अब तक साउथ सिनेमा के कौन-कौन से कलाकार मुख्यमंत्री बन चुके हैं.
1. एम.जी. रामचंद्रन (MGR)
तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सुपरस्टार एम.जी. रामचंद्रन को लोग प्यार से MGR कहते हैं. वे तमिलनाडु के पहले ऐसे फिल्म एक्टर थे जिन्होंने मुख्यमंत्री पद हासिल किया. वे तीन बार मुख्यमंत्री बने और कुल करीब 10 साल तक इस पद पर रहे. उन्होंने फिल्मों में शानदार काम किया था, जिसके लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड, फिल्मफेयर साउथ अवॉर्ड्स मिले. इसके अलावा भारत सरकार ने उन्हें देश के सबसे बड़े सम्मान भारत रत्न से नवाजा. MGR आज भी तमिलनाडु की राजनीति और फिल्म जगत में याद किए जाते हैं.
2. एम. करुणानिधि (M. Karunanidhi)
करुणानिधि साउथ के बहुत बड़े राजनेता माने जाते हैं. शुरू में वे फिल्मों में स्क्रिप्ट लिखने का काम करते थे. बाद में उन्होंने राजनीति में एंट्री की और तमिलनाडु की राजनीति का पूरा इतिहास बदल दिया. वे 1969 से 2011 तक के लंबे समय में करीब 20 साल तक मुख्यमंत्री रहे. जनता ने उन पर 5 बार भरोसा जताया. उनकी राजनीतिक समझ, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा को आज भी लोग सराहते हैं.
3. एन.टी. रामाराव (N.T. Rama Rao)
एनटीआर भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और महान एक्टर्स में से एक हैं. उन्होंने मुख्य रूप से तेलुगु फिल्मों में काम किया. करीब 300 फिल्मों में एक्टिंग करने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया. वे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री तीन बार बने 1983-84, 1984-89 और 1994-95 में. उन्हें तीन नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिले और पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा गया. NTR को आज भी तेलुगु लोगों का बहुत सम्मान मिलता है.
4. जे. जयललिता (J. Jayalalithaa)
जयललिता साउथ इंडस्ट्री की दमदार एक्ट्रेस थी. फिल्मों में उन्होंने बहुत सारे सुपरहिट रोल किए. बाद में वे राजनीति में आईं और लोगों का भरपूर प्यार और भरोसा जीता. वे कुल 14 साल तक मुख्यमंत्री रहीं और 6 अलग-अलग बार इस पद पर पहुंची. उनकी नेतृत्व शैली और मजबूत फैसलों के लिए वे जानी जाती थीं. एक्टिंग के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स भी मिले थे.
5. जानकी रामचंद्रन (Janaki Ramachandran)
जानकी रामचंद्रन एम.जी. रामचंद्रन की तीसरी पत्नी थी. वे खुद भी साउथ फिल्मों में एक्ट्रेस रही थी. उन्होंने करीब 25 फिल्मों में काम किया. 1988 में कुछ हफ्तों के लिए वे तमिलनाडु की मुख्यमंत्री भी बनी. हालांकि उनका कार्यकाल बहुत छोटा रहा, लेकिन वे उन कम महिलाओं में शामिल हैं जिन्होंने इस उच्च पद को संभाला.
अन्य प्रमुख नाम
चिरंजीवी: तेलुगु सिनेमा के मेगास्टार. उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई और केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में भी सेवा दी. दूसरा नाम है पवन कल्याण का जो चिरंजीवी के छोटे भाई. वे फिल्मों में आज भी सक्रिय हैं और फिलहाल आंध्र प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर के पद पर कार्यरत हैं.




