Travis Head के साथ नहीं मिलाया हाथ, SRH से हार के बाद Virat का गुस्सा कैमरे में कैद; जानें कब-कब विवादों में रहे King Kohli
SRH से हार के बाद Virat Kohli ने Travis Head से हाथ नहीं मिलाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर नया विवाद शुरू हो गया. माना जा रहा है कि मैच के दौरान हुई स्लेजिंग और जवाबी तंज की वजह से दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया.
विराट कोहली और ट्रेविस हेड
Virat Kohli Travis Head Handshake Controversy: IPL 2026 में वैसे भी ड्रामा की कमी नहीं थी… लेकिन शुक्रवार रात विराट कोहली और ट्रेविस हेड ने इसमें और मिर्च-मसाला डाल दिया. मैच खत्म हो चुका था. Sunrisers Hyderabad ने Royal Challengers Bengaluru को 55 रन से हरा दिया था. खिलाड़ी लाइन में खड़े होकर हाथ मिला रहे थे. तभी कैमरा एक ऐसे पल पर टिक गया, जिसने इंटरनेट को नया मुद्दा दे दिया.
ट्रेविस हेड ने हाथ बढ़ाया… लेकिन विराट कोहली बिना देखे आगे निकल गए. कोहली ने पैट कमिंस से हाथ मिलाया, बाकी खिलाड़ियों से भी मिले, लेकिन हेड को पूरी तरह इग्नोर कर दिया. हेड कुछ सेकंड रुके… फिर हल्की मुस्कान के साथ आगे बढ़ गए... और यहीं से सोशल मीडिया पर सवाल शुरू हो गए- आखिर मामला क्या है?
“आ जाओ, कुछ गेंदें डालो”
बताया जा रहा है कि असली कहानी मैच के दौरान शुरू हुई थी. बल्लेबाजी करते समय कोहली ने मजाकिया अंदाज में हेड को स्लेज करते हुए कहा था, “आ जाओ, कुछ गेंदें डालो.” दरअसल, इस सीजन में हेड कई बार इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर अंदर-बाहर हुए हैं और विराट शायद उसी पर तंज कस रहे थे... लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब कोहली जल्दी आउट हो गए. अब जवाब देने की बारी हेड की थी.
हेड ने क्या कहा?
हेड ने तुरंत पलटकर कहा- “Mate, you got out before I even came on to bowl.” यानि विराट जिस गेंदबाजी का मजाक उड़ा रहे थे, उससे पहले ही उनका विकेट गिर चुका था. यहीं से मामला थोड़ा पर्सनल होता दिखा. मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक वाला पल सामने आया और फैंस ने इसे सीधा 'कोल्ड वॉर' मान लिया.
हेड ने इंस्टाग्राम पर कौन-सी स्टोरी लगाई?
दिलचस्प बात ये भी रही कि मैच के बाद हेड ने इंस्टाग्राम पर अपनी गेंदबाजी वाली फोटो डाली. नीचे लिखा था-Keep the body guessing.” क्रिकेट फैंस ने इसे भी विराट वाले विवाद से जोड़ लिया, क्योंकि हेड ने उसी मैच में गेंदबाजी भी की और विकेट भी लिया, वह भी RCB के कप्तान Rajat Patidar का...
हालांकि ये पहली बार नहीं है जब विराट का आक्रामक अंदाज विवाद में आया हो. IPL इतिहास ऐसे कई पलों से भरा पड़ा है. चाहे 2013 में Gautam Gambhir से भिड़ंत हो या फिर Shreyas Iyer को लेकर मैदान पर मजाकिया लेकिन विवादित सेलिब्रेशन...
कब-कब विवादों में रहे कोहली?
1. Gautam Gambhir के साथ पहली बड़ी भिड़ंत (2013)
2013 में KKR के खिलाफ मैच के दौरान आउट होने के बाद विराट और उस समय कोलकाता के कप्तान गौतम गंभीर के बीच मैदान पर तीखी बहस हो गई थी. मामला इतना बढ़ गया कि दिल्ली के ही खिलाड़ी रजत भाटिया को बीच-बचाव करना पड़ा. उसी घटना के बाद दोनों के रिश्तों में दूरी साफ दिखाई देने लगी.
2. गंभीर से फिर टकराव, इस बार नवीन-उल-हक की एंट्री (2023)
2023 में जब गंभीर Lucknow Super Giants के मेंटर थे, तब RCB और LSG मैच के दौरान विराट की अफगान गेंदबाज नवीन-उल-हक से बहस हो गई. मैच खत्म होने के बाद गंभीर भी इस विवाद में कूद पड़े और मैदान पर दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली.
3. Suryakumar Yadav को घूरने वाला मामला (2020)
2020 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान विराट ने सूर्यकुमार यादव को लगातार घूरकर दबाव बनाने की कोशिश की थी. उस वक्त सूर्यकुमार टीम इंडिया में जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे और विराट भारतीय कप्तान थे. उस घटना के बाद ऐसा लगा कि सूर्या का टीम इंडिया की तरफ से खेलने का सपना अधूरा ही रह जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
4. Shreyas Iyer पर तंज कसने वाला सेलिब्रेशन (2025)
2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद विराट ने जोश में एक अलग अंदाज में सेलिब्रेशन किया, जिसे कई लोगों ने श्रेयस अय्यर पर तंज माना. बाद में विराट ने सफाई दी कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे, लेकिन अय्यर उस समय काफी नाराज दिखाई दिए.
5. Rajat Patidar के विकेट पर अंपायर से भिड़ गए
IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में रजत पाटीदार के कैच आउट दिए जाने पर विराट काफी गुस्से में दिखे. उन्हें लगा कि जेसन होल्डर ने कैच सही तरीके से नहीं पकड़ा था. फैसले से नाराज विराट ने मैच अधिकारियों से भी बहस की.
6. बैट पटकना और अंपायरों पर गुस्सा
2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ डेवॉल्ड ब्रेविस की गेंद पर LBW दिए जाने के बाद विराट ने गुस्से में बल्ला पटक दिया था. वहीं, 2024 में हर्षित राणा की एक गेंद पर आउट दिए जाने से भी वह नाराज हो गए थे, क्योंकि उन्हें लगा गेंद कमर से ऊपर थी. हालांकि रिव्यू में फैसला सही निकला.
कोहली हमेशा से 'इन-योर-फेस' खिलाड़ी रहे हैं. उनका जुनून ही उनकी पहचान है… लेकिन कई बार वही जुनून विवाद बन जाता है. उधर ट्रैविस हेड भी कम नहीं हैं. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान उन्होंने भी भारतीय खिलाड़ियों को खूब स्लेज किया था। यानी इस कहानी में सिर्फ एक ही विलेन ढूंढना आसान नहीं है. फिलहाल IPL 2026 प्लेऑफ से पहले सबसे ज्यादा चर्चा किसी रणनीति की नहीं, बल्कि उस एक अधूरे हैंडशेक की हो रही है…जिसने क्रिकेट फैंस को दो हिस्सों में बांट दिया है.




