Begin typing your search...

Vijay Shankar ने Retirement लेते हुए खुद को कहा 3D क्रिकेटर, सामने आया दर्द; जानें क्या है पूरा किस्सा

भारतीय क्रिकेटर विजय शंकर ने 22 मई को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया. अपने भावुक संदेश में उन्होंने क्रिकेट को अपनी जिंदगी बताते हुए BCCI, IPL टीमों, तमिलनाडु क्रिकेट और अपने परिवार का धन्यवाद किया.

Vijay Shankar
X
विजय शंकर

Vijay Shankar Retires From Domestic Cricket And IPL: भारतीय क्रिकेटर विजय शंकर ने 22 मई को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया. इसमें उन्होंने अपने क्रिकेट करियर, संघर्ष, उपलब्धियों और साथ देने वाले लोगों को याद करते हुए कई अहम बातें कहीं. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि 35 वर्षीय इस ऑलराउंडर ने विदेशी टी20 लीगों में खेलने की संभावनाओं को तलाशने के लिए घरेलू क्रिकेट को अलविदा कहा है.

विजय शंकर का घरेलू करियर बहुत दमदार रहा. उन्होंने अपने करियर का अधिकांश समय तमिलनाडु के लिए खेला और टीम की कप्तानी करते हुए उसे विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया. अपने करियर के आखिरी दौर (2025-26 सीजन) में वे त्रिपुरा की टीम से जुड़े थे.

विजय शंकर का कैसा रहा प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए करियर?

विजय शंकर ने 77 प्रथम श्रेणी मैचों में 46.74 की शानदार औसत से 4,253 रन बनाए, जिसमें 13 शतक शामिल हैं. उन्होंने इस दौरान 43 विकेट भी चटकाए. अपने आखिरी रणजी मैच में फरवरी में गुजरात के खिलाफ उन्होंने नाबाद 151 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. वहीं, लिस्ट-ए (LA) में 112 मैचों में उन्होंने 34.88 की औसत से 2,790 रन बनाने के साथ ही 73 विकेट भी चटकाए हैं.

विजय शंकर ने रिटायरमेंट लेते हुए क्या कहा?

  • क्रिकेट को अपनी जिंदगी बताते हुए विजय शंकर ने कहा कि उन्होंने 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और 25 साल बाद वह इस खेल के हर स्तर पर खेलने के लिए खुद को भाग्यशाली मानते हैं. उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन के सबसे गर्व और खुशी वाले पलों में से एक रहेगा.
  • विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है ताकि वह नए अवसरों की तलाश कर सकें और ज्यादा क्रिकेट खेल सकें. उन्होंने कहा कि वह हमेशा आभारी रहेंगे कि उन्हें वही करने का मौका मिला जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है.
  • विजय ने BCCI और भारतीय टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें यहां से कई सीख, यादें और प्रेरणाएं मिलीं. उन्होंने खासतौर पर नागपुर में वनडे डेब्यू और 2019 वर्ल्ड कप में पहली गेंद पर विकेट लेने के पल को हमेशा याद रखने की बात कही.
  • विजय ने अपनी IPL टीमों GT, SRH, CSK और DC का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि इन टीमों के अनुभव और सीख ने उन्हें आज का खिलाड़ी बनाया.
  • TNCA (तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन) का शुक्रिया अदा करते हुए विजय शंकर ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय वहीं बिताया. अंडर-13 से लेकर सीनियर टीम तक का सफर उनके लिए बेहद खास रहा. उन्होंने कहा कि चुनौतियों और ट्रॉफियों ने उन्हें बेहतर क्रिकेटर बनाया.
  • विजय ने त्रिपुरा टीम का भी धन्यवाद किया, जिसने उन्हें अपने सपने को कुछ और समय तक जीने का मौका दिया. उन्होंने TNPL की टीमों जैसे CSG, IDTT और SS का भी आभार जताया. साथ ही, इंडियन बैंक, ICF, इंडिया सीमेंट्स और टेक सॉल्यूशंस जैसी लीग टीमों को अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत का अहम हिस्सा बताया.
  • विजय ने कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ट्रेनर, मेंटल कंडीशनिंग कोच, ग्राउंड्समैन, मीडिया, डॉक्टर और न्यूट्रिशनिस्ट समेत सभी लोगों को धन्यवाद कहा. परिवार और दोस्तों को लेकर उन्होंने कहा कि शब्द उनके योगदान को पूरी तरह बयान नहीं कर सकते.

विजय का छलका दर्द, आलोचनाओं पर क्या कहा?

विजय शंकर ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में काफी नफरत और नकारात्मकता का सामना किया, लेकिन उन्होंने उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का फैसला किया. उन्होंने लोगों से सकारात्मक सोच रखने और मेहनत करने की अपील की. अंत में विजय शंकर ने लिखा- क्रिकेट मेरी जिंदगी है. आपका 3D क्रिकेटर, विजय शंकर.”

विजय शंकर को थ्री-डी प्लेयर क्यों कहा जाता है?

साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप की टीम घोषणा के दौरान तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद (MSK Prasad) ने विजय शंकर को 'थ्री-डायमेंशनल (3D)' खिलाड़ी बताया था. उनके अनुसार, शंकर खेल के तीनों विभागों में माहिर थे. वे मध्यक्रम में ठोस बल्लेबाजी कर सकते थे, जरूरत पड़ने पर मध्यम गति की उपयोगी गेंदबाजी कर सकते थे और एक बेहतरीन और चुस्त आउटफील्ड फील्डर थे. तभी से सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में उनके नाम के साथ 'थ्री-डी' का टैग हमेशा के लिए जुड़ गया.

विजय को कब और किसकी जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया?

विजय शंकर को अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायुडू (Ambati Rayudu) की जगह टीम में शामिल किया गया था. वर्ल्ड कप से कुछ महीने पहले तक खुद कप्तान विराट कोहली ने नंबर-4 के स्लॉट के लिए रायुडू को तय माना था, लेकिन अंतिम समय पर चयनकर्ताओं ने रायुडू को ड्रॉप करके विजय शंकर को चुन लिया. अप्रैल 2019 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2019 (ICC ODI World Cup 2019) की 15-सदस्यीय मुख्य भारतीय टीम में उन्हें नंबर-4 बल्लेबाज के विकल्प के रूप में जगह दी गई थी.

अंबाती रायुडू ने विजय शंकर के चयन पर क्या कहा था?

वर्ल्ड कप टीम से अचानक बाहर किए जाने से निराश होकर अंबाती रायुडू ने मुख्य चयनकर्ता के 'थ्री-डी' वाले बयान पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर एक बेहद तीखा और ऐतिहासिक पोस्ट किया था. रायुडू ने लिखा था- वर्ल्ड कप देखने के लिए अभी-अभी नए 3D चश्मों (3D Glasses) का एक सेट ऑर्डर किया है.

यह ट्वीट रायुडू के करियर का सबसे चर्चित मोड़ बना. उन्होंने सीधे तौर पर चयनकर्ताओं के फैसले का मजाक उड़ाया था, जिसकी वजह से काफी विवाद भी हुआ. बाद में टूर्नामेंट के दौरान अन्य खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद रायुडू को रिप्लेसमेंट के तौर पर नहीं बुलाया गया, जिससे निराश होकर उन्होंने तब संन्यास का ऐलान कर दिया था. हालांकि बाद में दोनों खिलाड़ियों ने साफ किया कि उनके बीच कोई व्यक्तिगत मनमुटाव नहीं था.

विजय शंकर का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा?

हार्दिक पांड्या के टीम से बाहर होने के बाद विजय शंकर को 2018 में डेब्यू का मौका मिला था. उनका अंतरराष्ट्रीय करियर सिर्फ 2 साल (2018-2019) तक चला, लेकिन वे 2019 वनडे वर्ल्ड कप की मुख्य टीम का हिस्सा बने. उन्होंने 12 वनडे मैचों की 8 पारियों में 223 रन बनाए और 4 विकेट लिए. वर्ल्ड कप 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेना उनके करियर का सबसे यादगार पल था. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर वनडे (2019) के आखिरी ओवर में 11 रन डिफेंड कर उन्होंने भारत को मैच जिताया था. यही नहीं, इस ऑलराउंडर ने 9 T20I मैचों में 101 रन बनाए और 5 विकेट भी हासिल किए.

विजय शंकर का आईपीएल करियर

विजय शंकर का IPL करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा. विजय ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 78 मैच खेले, जिसमें 26.23 की औसत और 129.79 के स्ट्राइक रेट से 1,233 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 7 अर्धशतक बनाए और 9 विकेट भी लिए.

आईपीएल में विजय ने कब किया था डेब्यू?

साल 2014 में विजय ने CSK के लिए डेब्यू किया था. उनका सर्वश्रेष्ठ आईपीएल सीजन साल 2023 (गुजरात टाइटंस) के साथ रहा, जहां उन्होंने 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 301 रन बनाए थे. वे आईपीएल 2025 में दोबारा चेन्नई का हिस्सा बने (जहां उनका सर्वोच्च स्कोर दिल्ली के खिलाफ 69 रन रहा), लेकिन दिसंबर में हुए हालिया ऑक्शन में वे अनसोल्ड रहे थे.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख