IND vs ENG: बटलर-हेल्स का तूफान, इंग्लैंड ने 16 ओवर में जड़े 170 रन; 10 विकेट से हारा भारत- कहानी T20 WC 2022 सेमीफाइनल की
10 नवंबर 2022 को ICC Men's T20 World Cup 2022 के सेमीफाइनल में India और England के बीच Adelaide Oval में खेले गए मुकाबले ने भारतीय फैंस को गहरा झटका दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168/6 रन बनाए, लेकिन जवाब में इंग्लैंड के ओपनर्स Jos Buttler और Alex Hales ने भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं. दोनों ने 16 ओवर में ही 169 रन का लक्ष्य बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया, जिससे भारत को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा.
10 नवंबर 2022, ऑस्ट्रेलिया का एडिलेड ओवल का मैदान और आमने-सामने थीं भारत और इंग्लैंड की टीम... कमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा के शब्द आज भी कानों में गूंजते हैं- यह 6 नहीं छाप है, ये टीम बहुत खास है... यह शब्द उन्होंने तब कही, जब इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने छक्का मारकर अपनी टीम को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पहुंचा दिया. इस मैच में भारत को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. जब भी भारत और इंग्लैंड के बीच मैच होना होता है, इस मुकाबले की कड़वी यादें फैंस के जेहन में ताजा हो जाती हैं. यह हार तब मिली, जब विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने शानदार फिफ्टी जड़ी थी.
अब फिर से टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में 5 मार्च को दोनों टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होगी. एक तरफ जहां भारत इस मुकाबले को जीतकर 2022 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला लेना चाहेगी. वहीं, इंग्लैंड फिर से हिस्ट्री को रिपीट करने की कोशिश करेगी. आइए, आपको उस मैच के बारे में विस्तार से बताते हैं...
India vs England T20 WC 2022 Semi-final Match Highlights
1- इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने एडिलेड ओवल में खले गए मैच में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया. भारत की तरफ से केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा ओपनिंग करने उतरे. राहुल ने बेन स्टोक्स की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई. हालांकि, वह दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर क्रिस वोक्स की गेंद पर विकेटकीपर बटलर को कैच थमा बैठे. उस समय टीम का स्कोर 9 रन था.
2- राहुल ने 5 गेंद में 5 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद बैटिंग करने उतरे विराट कोहली... उन्होंने वोक्स के दूसरे और भारत की पारी के चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का जड़ा. इसके बाद रोहित शर्मा ने पांचवें ओवर में सैम करन की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार 2 चौके लगाए. वहीं, चौथी गेंद पर उन्हें जीवनदान मिला.
3- भारतीय कप्तान ने नौवें ओवर में क्रिस जॉर्डन की दूसरी गेंद पर शानदार चौका लगाया, लेकिन फिर पांचवीं गेंद पर लंबा शॉट मारने के चक्कर में सैम करन को कैच थमा बैठे. उन्होंने 28 गेंद में 27 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे. रोहित जब आउट हुए, उस समय टीम का स्कोर 56 रन था. उन्होंने कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 47 रन की पार्टनरशिप की.
4- भारत को तीसरा झटका 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा, जो लंबा शॉट मारने के चक्कर में कैच आउट हुए. सूर्या ने 10 गेंद में 14 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 1 चौका शामिल रहा. उन्हें आदिल रशीद ने फिल साल्ट के हाथों कैच आउट कराया. उस समय टीम का स्कोर 75 रन था. इसके बाद बैटिंग करने आए हार्दिक पांड्या... उन्होंने विराट कोहली के बीच चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की. इस दौरान कोहली ने टी-20 इंटरनेशनल में अपने 4000 रन भी पूरे किए.
5- कोहली ने क्रिस जॉर्डन के 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डबल लेकर 39 गेंद में अपना अर्धशतक (37वां) पूरा किया. हालांकि, इसके बाद अगली ही गेंद पर वे कैच आउट हो गए. इससे पहले, इसी ओवर में हार्दिक ने लगातार दो छक्के जड़े थे. कोहली ने 40 गेंद की अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का लगाया. वे जब आउट हुए, उस समय टीम का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 136 रन था.
6- 19वां ओवर फेंकने आए सैम करन के ओवर में कुल 20 रन आए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल है. हार्दिक ने अंतिम तीन गेंदों को बाउंड्री लाइन के पार भेजा, जिसमें दो चौके और 1 छक्का शामिल रहा.
7- भारत को पांचवां झटका 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर 158 रन के स्कोर पर लगा. ऋषभ पंत 4 गेंद में 6 रन बनाकर रन आउट हुए. इस दौरान उन्होंने 1 चौका लगाया.
8- हार्दिक पांड्या ने 20वें ओवर में 1 छक्का और 1 चौका लगाया. अंतिम गेंद पर भी उन्होंने चौका लगाया, लेकिन उनका पैर स्टम्प से टकरा गया और वे हिट विकेट हो गए. हार्दिक ने 33 गेंद में 63 रन बनाए.
9- भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए. वहीं, इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन ने 3 विकेट चटकाए, जबकि क्रिस वोक्स और आदिल रशीद ने 1-1 विकेट लिए.
10- भारतीय टीम की ओर से रखे गए 169 रन के लक्ष्य का पीछा इंग्लैंड ने तूफानी अंदाज में की. एलेक्स हेल्स और जोस बटलर ने जो तूफानी पारी खेली, उस दौरान भारतीय गेंदबाज लाचार और बेबस नजर आए. मैच के खत्म होने तक वे स्टेडियम से गेंद मंगवाते ही नजर आए. पावरप्ले के बाद इंग्लैंड का स्कोर विकेट कोई विकेट खोए 63 रन था.
11- एलेक्स हेल्स ने 28 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. वहीं, इस मैच से पहले तक फॉर्म के लिए तरस रहे जोस बटलर ने भी तूफानी पारी खेली. उन्होंने 13वें ओवर में हार्दिक पांड्या की आखिरी गेंद पर छक्के के साथ 36 गेंद में हाफ सेंचुरी पूरी की.
12- इंग्लैंड ने 16वें ओवर में मोहम्मद शमी की आखिरी गेंद पर सिक्स से साथ फाइनल में एंट्री की. भारत को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. एलेक्स हेल्स ने 47 गेंद में 86 और बटलर ने 49 गेंद में 80 रन की पारी खेली. बटलर ने अपनी पारी में 3 छक्के और 9 चौके लगाए, जबकि हेल्स ने 7 छक्के और 4 चौके लगाए.
13- भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 30 रन, शमी ने 3 ओवर में 39 रन, हार्दिक ने 3 ओवर में 34 रन, अश्विन ने 2 ओवर में 27 रन, भुवनेश्वर कुमार ने 2 ओवर में 25 रन और अर्शदीप सिंह ने 2 ओवर में 15 रन दिए.
इंग्लैंड की जीत के बाद क्या बोले कप्तान Jos Buttler?
- इंग्लैंड की शानदार जीत के बाद कप्तान Jos Buttler ने टीम के जज़्बे की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि आयरलैंड से मिली हार के बाद जिस तरह टीम ने वापसी की, वह कमाल की रही. बटलर ने कहा, “हम यहां काफी उत्साह और सकारात्मक माहौल के साथ आए थे. आज 1 से 11 तक हर खिलाड़ी ने जिम्मेदारी निभाई.”
- बटलर ने टीम की बल्लेबाजी गहराई का जिक्र करते हुए बताया कि जब आदिल रशीद जैसे खिलाड़ी नंबर 11 पर बल्लेबाजी कर रहे हों, तो यह टीम की ताकत दिखाता है. उन्होंने ने एलेक्स हेल्स की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मैदान के आयामों का शानदार इस्तेमाल किया और बेहतरीन फॉर्म दिखाई.
- डेथ ओवरों में गेंदबाजी को लेकर इंग्लैंड के कप्तान ने क्रिस जॉर्डन को खास श्रेय दिया. उन्होंने कहा, “सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में आखिरी तीन ओवर डालना आसान नहीं होता. खासकर हार्दिक पांड्या जैसे वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी के खिलाफ... जॉर्डन ने दबाव को बेहतरीन तरीके से संभाला.”
भारतीय कप्तान Rohit Sharma ने हार पर क्या कहा?
भारतीय कप्तान Rohit Sharma ने हार पर निराशा जताई. उन्होंने माना कि टीम गेंदबाजी में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. रोहित ने कहा, “हमने आखिरी ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन गेंद से हम आज प्रभाव नहीं डाल पाए. नॉकआउट मुकाबलों में दबाव संभालना बहुत जरूरी होता है.” रोहित ने इंग्लैंड के ओपनर्स की तारीफ करते हुए स्वीकार किया कि टीम शुरुआत में थोड़ी नर्वस थी. उन्होंने कहा, “जब आप अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाते, तो मुश्किल में पड़ जाते हैं.”
Jos Buttler
'प्लेयर ऑफ द मैच' बनने पर क्या बोले Alex Hales ?
प्लेयर ऑफ द मैच रहे Alex Hales ने अपनी पारी को करियर की सबसे खास पारियों में से एक बताया. उन्होंने कहा, “वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ खेलना बहुत बड़ा मौका था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि दोबारा वर्ल्ड कप खेल पाऊंगा. ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा खास होता है... और आज की रात मेरे करियर की बेहतरीन रातों में से एक है.” हेल्स ने कप्तान बटलर की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने शानदार नेतृत्व किया.
भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग 11
- भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह.
- इंग्लैंड: जोस बटलर, एलेक्स हेल्स. फिल साल्ट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक. लियम लिविंगस्टन, मोईन अली, सैम करन, क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन और आदिल रशीद.




