Sanju Samson का 'सुपर शो', नाबाद 97 रन की रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पारी से भारत सेमीफाइनल में; WI के खिलाफ इन 5 'धुरंधरों' का दिखा जलवा
India ने West Indies को सुपर-8 के मुकाबले में 5 विकेट से हराकर T20 World Cup 2026 के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है, संजू सैमसन को नाबाद 97 रन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया,
संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह
India vs West Indies T20 World Cup 2026 Super 8 Match Highlights: सैमसन, सैमसन और सैमसन... कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में जैसे ही रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर संजू सैमसन ने चौका लगाया, टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली. जीत के साथ ही सैमसन घुटनों पर बैठ गए, आसमान की ओर देखा, खुद को क्रॉस किया और हाथ जोड़कर ऊपरवाले का शुक्रिया अदा किया. शेफर्ड की गेंद फुल थी और लेग स्टंप पर थी, सैमसन आगे बढ़े और लॉफ्टेड शॉट खेला. बल्ला हाथ में थोड़ा घूम गया, लेकिन गेंद में इतनी ऊंचाई थी कि मिड-ऑन के ऊपर से निकल गई.
मिड-ऑन फील्डर ने दाईं ओर हाथ फैलाकर गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ऊपर से निकल गई. जैसे ही गेंद बाउंड्री पार हुई, सैमसन ने घुटनों पर बैठकर हेलमेट फेंक दिया और स्टेडियम में जश्न शुरू हो गया. इसका मतलब यह है कि भारत अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ने को तैयार है.
संजू सैमसन ने जैसे ही विनिंग शॉट खेला, कप्तान Suryakumar Yadav (SKY) समेत साथी खिलाड़ी दौड़कर उन्हें गले लगाते हैं. मैच खत्म होते ही हाथ मिलाने का सिलसिला शुरू हो जाता है, लेकिन सैमसन के लिए यह पल सिर्फ जीत नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष के बाद मिली संतुष्टि का था. हाल के समय में उन्होंने बहुत उतार-चढ़ाव देखे, दक्षिण अफ्रीका में इस फॉर्मेट में शतक लगाए, फिर फॉर्म गिरा, टीम से बाहर हुए. टी20 वर्ल्ड कप में मौका मिलेगा या नहीं, इस इंतजार में रहे. आखिरकार भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद उन्हें मौका मिला... और उन्होंने वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल जैसे इस बड़े मुकाबले में 195 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेल दी.
दबाव के इस महासंग्राम में सैमसन पूरी तरह शांत दिखे- न घबराहट, न जल्दबाजी. शुरुआत में उन्हें पहली 10 गेंदों में स्ट्राइक भी नहीं मिली क्योंकि Abhishek Sharma ज्यादा गेंदें खेल रहे थे, लेकिन इससे उनके फोकस पर कोई असर नहीं पड़ा. वे पूरी तरह 'ज़ोन' में थे- संयम, जिम्मेदारी और क्लास का शानदार मिश्रण. अरबों दर्शकों के सामने, सबसे बड़े मंच पर, सबसे मुश्किल हालात में सैमसन ने साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी बड़े मौकों पर ही बनते हैं. मैच के बाद उनके जश्न में वही सुकून दिखा, जो लंबे संघर्ष के बाद मिली जीत में होता है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ कौन 5 खिलाड़ी बने 'धुरंधर'?
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- हार्दिक पांड्या
- जसप्रीत बुमराह
- वरुण चक्रवर्ती
1- संजू सैमसन
संजू सैमसन ने 50 गेंद की अपनी पारी में 4 छक्के और 12 चौके लगाते हुए नाबाद 97 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 194 का रहा. सैमसन ने अपनी इस पारी के दौरान विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब वे टी-20 वर्ल्ड कप में चेज करते हुए भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली का चेज करते हुए सबसे बड़ा टी-20 वर्ल्ड कप स्कोर 82 रन है, जो उन्होंने 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में बनाया था. सैमसन को उनकी शानदार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया.
2- तिलक वर्मा
तिलक वर्मा ने 180 की स्ट्राइक रेट से 15 गेंद में 27 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 1 छक्का और 4 चौका लगाया. तिलक ने सैमसन के साथ चौथे विकेट के लिए 26 गेंद में 42 रन बनाए.
3- हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या का बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है. उन्होंने पहले बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर 1 विकेट चटकाए, वहीं बल्लेबाजी में 14 गेंद में 17 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए. पांड्या ने सैमसन के साथ 22 गेंद में 38 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
4- जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह का जलवा एक बार फिर देखने को मिला. उन्होंने 12वें ओवर में वेस्टइंडीज को 2 तगड़े झटके दिए, नहीं तो भारत को 200 से ज्यादा रन का टारगेट मिलता, जिसे चेज करने में परेशानी आ सकती थी. बुमराह ने रोस्टन चेज और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले शिमरन हेटमायर को आउट किया.
5- वरुण चक्रवर्ती
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती फिर से भारत के लिए भरोसेमंद गेंदबाज बने. उन्होंने कप्तान शाई होप को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. उन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
संजू सैमसन ने प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद क्या कहा?
- यह मेरे लिए पूरी दुनिया के बराबर है. जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और देश के लिए खेलने का सपना देखा, मैं इसी दिन का इंतज़ार कर रहा था. मैं बहुत आभारी और खुश हूं.
- मेरा सफर हमेशा उतार-चढ़ाव से भरा रहा. कई बार खुद पर शक भी हुआ, सोचता था क्या मैं कर पाऊंगा? लेकिन विश्वास बनाए रखा और भगवान का शुक्र है कि आज उन्होंने मुझे यह दिन दिखाया.
- मैं लंबे समय से इस फॉर्मेट में खेल रहा हूं, 10-12 साल से आईपीएल और करीब 10 साल से देश के साथ जुड़ा हूं. भले ही ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन डगआउट में बैठकर Virat Kohli और Rohit Sharma जैसे महान खिलाड़ियों को करीब से देखा, उनसे सीखा कि मैच कैसे खत्म किया जाता है और हालात के अनुसार खेल कैसे बदला जाता है. शायद वही अनुभव आज काम आया.
- पिछले मैच में हम पहले बल्लेबाज़ी कर रहे थे, इसलिए शुरुआत से बड़ा स्कोर बनाने की सोच थी, लेकिन आज हालात अलग थे. विकेट गिर रहे थे, इसलिए साझेदारी बनाना और अपनी प्रक्रिया पर ध्यान देना जरूरी था. मैंने बस एक-एक गेंद पर फोकस किया और अपनी भूमिका निभाने की कोशिश की. सच कहूं तो मैंने कुछ असाधारण करने के बारे में नहीं सोचा था, बस टीम के लिए खेलना चाहता था.
- दिमाग में कभी-कभी यह भी आता है कि अगर आज नहीं हुआ तो क्या होगा, लेकिन हर बार खुद को वर्तमान में वापस लाया, गेंद को देखा और उसी के अनुसार प्रतिक्रिया दी. आज वही तरीका काम कर गया. यह मेरी जिंदगी के सबसे महान दिनों में से एक है.
किसी भी मैदान पर बिना हारे किसी विरोधी टीम के खिलाफ़ सबसे ज़्यादा T20I जीत
- 6 Pak vs WI कराची में
- 6 Ind vs Ire मलाहाइड में
- 5 Aus vs NZ ऑकलैंड में
- 5 NZ vs Zim हरारे में
- 5 Pak vs Ban लाहौर में
- 5 Pak vs Zim रावलपिंडी में
- 5 Ind vs WI कोलकाता में *
T20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज़्यादा व्यक्तिगत स्कोर
- 101 सुरेश रैना बनाम SA ग्रोस आइलेट 2010
- 97*संजू सैमसन बनाम WI ईडन गार्डन्स 2026
- 92 रोहित शर्मा बनाम Aus ग्रोस आइलेट 2024
- 89*विराट कोहली बनाम WI वानखेड़े 2016
- 84*सूर्यकुमार यादव बनाम USA वानखेड़े 2026
T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा सफल चेज़
- 230 Eng vs SA वानखेड़े 2016
- 206 SA vs WI वांडरर्स 2007
- 196 Ind vs WI ईडन गार्डन्स 2026 *
- 195 USA vs कैनेडियन डलास 2024
- 193 WI vs Ind वानखेड़े 2016
T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम
- 6 पाकिस्तान (2007, 2009, 2010, 2012, 2021, 2022)
- 6 भारत (2007, 2014, 2016, 2022, 2024, 2026)
- 6 इंग्लैंड (2010, 2016, 2021, 2022, 2024, 2026)




