Begin typing your search...

Jos Buttler और Harry Brook ने भारत के खिलाफ रचा इतिहास, 200 से ज्यादा रन की रिकॉर्ड साझेदारी से ध्वस्त हुए कई बड़े रिकॉर्ड

जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने भारत के खिलाफ पांचवें टी-20 मैच में इतिहास रच दिया, दोनों ने भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी की. वहीं, अक्षर पटेल के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ.

Jos Buttler and Harry Brook made history against India in 5th T20I
X

Jos Buttler और Harry Brook  

( Image Source:  X@SportsNexusoffi )

Jos Buttler Harry Brook: भारत और इंग्लैंड के बीच साउथैम्प्टन में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 102 गेंदों में 233 रन की साझेदारी की, जो इंग्लैंड के टी20 इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है.

इस दौरान बटलर और ब्रूक ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेविड मलान और इयोन मॉर्गन की 182 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वहीं, 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की 170 रन की साझेदारी भी अब पीछे छूट गई. ब्रूक ने 45 गेंदों में 95 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल हैं.

इतना ही नहीं, भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर (174*) के नाम था, जिन्होंने 2022 में गुवाहाटी में यह कारनामा किया था. अब बटलर और ब्रूक की 233 रन की साझेदारी इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गई है.

जोस बटलर का इंग्लैंड में पहला शतक

जोस बटलर ने टी-20 क्रिकेट में नौवां शतक बनाया. उन्होंने 64 गेंदों में 131 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 12 चौके शामिल रहे. यह इंग्लैंड में उनका पहला शतक है. उन्होंने 7 शतक भारत में, जबकि एक शतक यूएई में बनाया है.

अक्षर पटेल के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

इंग्लैंड की इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दौरान भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. अनुभवी ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने चार ओवर में 63 रन लुटा दिए और कोई विकेट भी नहीं ले सके. यह उनके टी20 करियर के 319 गेंदबाजी पारियों में सबसे महंगा स्पेल साबित हुआ. वे अब प्रसिद्ध कृष्णा (0/68) और वरुण चक्रवर्ती (0/64) की लिस्ट में शामिल हो गए हैं.

बटलर और ब्रूक की रिकॉर्ड साझेदारी से इंग्लैंड ने भारत के सामने 257 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. वहीं, भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया. दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज पूरे मैच में कोई असर नहीं छोड़ सके.

भारत के खिलाफ T20I में सबसे बड़े स्कोर

  • 257/3 इंग्लैंड, साउथेम्प्टन, 2026
  • 246/7 इंग्लैंड, वानखेड़े, 2026
  • 245/6 वेस्टइंडीज, लॉडरहिल, 2016
  • 227/3 दक्षिण अफ्रीका, इंदौर, 2024

T20I में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी (FM टीमें)

  • 236: ज़ज़ई-गनी (पहला विकेट) बनाम आयरलैंड, देहरादून, 2019
  • 233: बटलर-ब्रूक (दूसरा विकेट) बनाम भारत, साउथैम्प्टन, 2026
  • 223: ए फिंच-डी शॉर्ट (पहला विकेट) बनाम जिम्बाब्वे, हरारे, 2018
  • 210*: संजू सैमसन-तिलक वर्मा (दूसरा विकेट) बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2024

T20I में इंग्लैंड के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर

  • 141* - फिल साल्ट बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर, 2025
  • 131 - जोस बटलर, साउथेम्प्टन, 2026
  • 119 - फिल साल्ट बनाम वेस्टइंडीज, टारोबा, 2023
  • 116* - एलेक्स हेल्स बनाम श्रीलंका, चट्टोग्राम, 2014
क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख