भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी ने रवि किशन के साथ अपने रिश्ते और करियर की प्रतिस्पर्धा पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से कभी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं थी, हालांकि इंडस्ट्री में तुलना जरूर होती थी. मनोज तिवारी ने बताया कि जब रवि किशन पूरी फिल्म के लिए करीब ₹25 हजार लेते थे, तब उन्हें एक दिन की शूटिंग के लिए करीब ₹1.5 लाख मिलते थे. उन्होंने कहा कि उस दौर में उनकी फिल्में लगातार हिट हो रही थीं और एक साथ कई बड़ी फिल्में उनके पास थीं. मनोज ने दावा किया कि 'ससुरा बड़ा पैसा वाला' जैसी फिल्मों ने भोजपुरी सिनेमा में नए दौर की शुरुआत की और बाद में कई नए सितारों के लिए रास्ता खोला. उन्होंने कहा कि उनके बाद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', पवन सिंह और खेसारी लाल यादव जैसे कलाकार इंडस्ट्री में आए. मनोज तिवारी ने रवि किशन के संघर्ष और मेहनत की भी तारीफ की और कहा कि वह बेहद मेहनती कलाकार हैं. उन्होंने खुलासा किया कि उनकी सुपरहिट फिल्म के बाद रवि किशन खुद उनसे मिलने आए थे और उनकी सफलता पर बधाई दी थी. मनोज ने कहा कि दोनों के बीच कभी व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं रही, बल्कि मीडिया और लोगों ने प्रतिस्पर्धा का माहौल ज्यादा बनाया. उन्होंने यह भी माना कि अभिनय के मामले में रवि किशन उनसे बेहतर कलाकार हैं और आज भी शानदार काम कर रहे हैं.