Aaj ki Taaza Khabar: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के टाइटल पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. बुधवार 25 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 25 Feb 2026 11:59 AM IST


Live Updates
2026-02-25 06:29 GMT

‘यादव जी की लव स्टोरी’ के टाइटल पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म यादव जी की लव स्‍टोरी के नाम को बदलने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी. याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि यह शीर्षक यादव समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाता है. न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि फिल्म के शीर्षक में ऐसा कोई शब्द या विशेषण नहीं है जो यादव समुदाय के खिलाफ नकारात्मक अर्थ पैदा करे. कोर्ट ने ‘घूसखोर पंडित’ मामले से इसे अलग बताते हुए कहा कि वहां “घूसखोर” शब्द सीधे नकारात्मक गुण दर्शाता था, जबकि यहां ऐसा कुछ नहीं है.

2026-02-25 06:26 GMT

चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के प्रदर्शन पर रोक, पुलिस ने नहीं दी इजाजत

चंडीगढ़ पुलिस ने आज प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए हरियाणा कांग्रेस को अनुमति देने से इनकार कर दिया. पुलिस के फैसले के बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया. प्रदर्शन चंडीगढ़ में आयोजित होना था. पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी.

2026-02-25 06:23 GMT

इज़राइल के राष्ट्रपति Isaac Herzog ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इज़राइल आगमन देश के लिए खास होगा. उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इज़राइल राज्य और यहां की जनता आपका अपने देश में स्वागत करने के लिए उत्सुक है.”

2026-02-25 06:01 GMT

NCERT की किताब में ‘न्यायिक भ्रष्टाचार’ अध्याय पर सुप्रीम कोर्ट नाराज़, CJI सूर्यकांत बोले - “संस्था को बदनाम नहीं होने देंगे”

कक्षा 8 की NCERT की किताब में न्यायपालिका से जुड़े एक अध्याय को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. अदालत ने बुधवार को एनसीईआरटी की किताब में शामिल “न्यायपालिका में भ्रष्टाचार” विषयक अध्याय पर गंभीर चिंता जताई और इसे न्यायिक संस्थानों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने इस मामले का स्वतः संज्ञान (सुओ मोटो) लेने के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर के उच्च न्यायालयों में भी बेचैनी है और बार तथा बेंच - दोनों ही वर्ग इससे परेशान हैं.

2026-02-25 05:56 GMT

भुवनेश्वर में बड़ी कार्रवाई: खनन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों से 4 करोड़ से ज़्यादा कैश बरामद

भुवनेश्वर में ओडिशा विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती के ठिकानों से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किया है. यह छापेमारी आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) के मामले में की गई. सूत्रों के मुताबिक, ओडिशा विजिलेंस की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की. इनमें भुवनेश्वर स्थित उनका सरकारी आवास, निजी घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकाने शामिल हैं. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, बैंक दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात मिले हैं.

2026-02-25 05:36 GMT

खनन विभाग के अधिकारी के घर से ट्रॉली बैगों में भरे नोट बरामद

ओडिशा में भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किए गए खनन विभाग के एक अधिकारी के फ्लैट से रिकॉर्ड 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि अधिकारी के घर से ट्रॉली बैग में भरे नोटों के बंडल मिले, जिन्हें छापेमारी के दौरान जब्त किया गया था. मामले की जांच जारी है.

2026-02-25 05:06 GMT

क्‍या दिल्‍ली का नाम बदलकर किया जाएगा इंद्रप्रस्‍थ? BJP सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अमित शाह को लिखा पत्र

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने देश की राजधानी दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ रखने की मांग उठाई है. इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर औपचारिक अनुरोध किया है. अपने पत्र में प्रवीण खंडेलवाल ने कहा है कि “दिल्ली” नाम शहर के इतिहास के केवल एक सीमित कालखंड को दर्शाता है, जबकि इसका असली और गहरा सभ्यतागत संबंध प्राचीन काल से जुड़ा हुआ है. उन्होंने लिखा कि ‘इंद्रप्रस्थ’ नाम को दोबारा अपनाने से आधुनिक भारत की राजधानी अपने प्राचीन सांस्कृतिक आधार से फिर से जुड़ जाएगी.

2026-02-25 04:01 GMT

दो दिन के इज़राइल दौरे के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के इजरायल दौरे पर रवाना हो गए हैं. दौरे पर जाने से पहले अपने वक्तव्य में उन्‍होंने कहा, ''अपने प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर मैं 25 से 26 फरवरी 2026 तक इज़राइल की राजकीय यात्रा पर जा रहा हूं. भारत और इज़राइल के बीच एक मजबूत, व्यापक और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है, जिसने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति और नई ऊंचाइयां हासिल की हैं. इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ मेरी विस्तृत चर्चा होगी, जिसका उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश तथा जन-जन के बीच संपर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करना है.''

2026-02-25 03:14 GMT

जापान में सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज टोक्यो में कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंध कार्यकारी अधिकारी, कार्यकारी महाप्रबंधक, बिक्री प्रबंधन प्रभाग/घरेलू व्यवसाय प्रभारी शिगेकी तानाबे और उनकी टीम के साथ बैठक की.

2026-02-25 03:12 GMT

यह अमेरिका का स्वर्ण युग है: डोनाल्ड ट्रंप

2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "हम लगातार बेहतर होते जाएंगे. यह अमेरिका का स्वर्ण युग है. जब मैंने 12 महीने पहले इस सदन में आखिरी बार भाषण दिया था, तब मुझे एक संकटग्रस्त राष्ट्र विरासत में मिला था, जिसकी अर्थव्यवस्था ठप थी, मुद्रास्फीति रिकॉर्ड स्तर पर थी, सीमाएं खुली हुई थीं, सेना और पुलिस में भर्ती की भयानक स्थिति थी, देश में अपराध चरम पर था और दुनिया भर में युद्ध और अराजकता फैली हुई थी लेकिन आज रात, मात्र एक साल के बाद, मैं गरिमा और गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमने एक अभूतपूर्व परिवर्तन हासिल किया है और एक ऐतिहासिक बदलाव लाया है. यह वास्तव में एक ऐतिहासिक बदलाव है."

Similar News