समुद्र में पकड़ा गया 'चीन का सीक्रेट गिफ्ट', ट्रंप का बड़ा बयान, आखिर ईरान को क्या भेज रहा था ड्रैगन?
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक संदिग्ध जहाज की गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है. ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने “चीन के गिफ्ट” को जब्त किया है.
Iran US Ceasefire: अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को लेकर एक बड़ा और रहस्यमय बयान दिया है. उन्होंने संकेत दिया कि चीन संभवतः ईरान को हथियार या खतरनाक सैन्य सामान दे रहा है, जो अमेरिका की तय “रेड लाइन” को पार करने जैसा हो सकता है.
मंगलवार को CNBC को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने एक जहाज पकड़ा है, जिसमें “कुछ चीजें” थीं, जो ठीक नहीं थीं. उन्होंने इशारों में कहा कि यह चीन की ओर से ईरान के लिए कोई “गिफ्ट” हो सकता है, हालांकि उन्होंने साफ तौर पर यह नहीं बताया कि वह क्या था.
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
ट्रंप ने कहा, “हमने कल एक जहाज पकड़ा, जिसमें कुछ चीजें थीं, जो अच्छी नहीं थीं. शायद यह चीन की ओर से एक गिफ्ट था, मुझे नहीं पता. मुझे लगा था कि मेरी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से समझ बनी हुई है, लेकिन युद्ध में ऐसा ही होता है.” इस मामले पर व्हाइट हाउस ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
चीन ने क्या कहा?
वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इन आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें जानकारी है, अमेरिका द्वारा जब्त किया गया जहाज एक विदेशी कंटेनर शिप है और चीन का इससे कोई संबंध नहीं है. उन्होंने इस तरह के सभी आरोपों और अटकलों को गलत बताया.
क्या मिसाइल के लिए थी सामग्री?
इससे पहले, भारतीय मूल की अमेरिकी नेता और रिपब्लिकन पार्टी की सदस्य निक्की हेली ने दावा किया था कि अमेरिकी नौसेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जो पहला ईरानी जहाज पकड़ा, वह चीन से आ रहा था और उसमें मिसाइलों के लिए केमिकल सामग्री थी.
निक्की हेली ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा, “इस सप्ताहांत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जब्त किया गया जहाज चीन से ईरान जा रहा था और इसमें मिसाइलों के लिए केमिकल सामग्री थी. उसने बार-बार रुकने के आदेश को नजरअंदाज किया.”
उन्होंने यह भी कहा कि चीन द्वारा ईरान की मदद किए जाने की संभावना अब एक सच्चाई बनती जा रही है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि चीन ईरान की सरकार को समर्थन दे रहा है.
यूएस ने कौनसा कंटेनरशिप पकड़ा है?
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘टूस्का’ नाम के एक ईरानी झंडे वाले कंटेनर जहाज को जब्त किया है. यह जहाज इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान शिपिंग लाइंस (IRISL) समूह का हिस्सा है, जिस पर पहले से अमेरिकी प्रतिबंध लगे हुए हैं. मरीन ट्रैफिक प्लेटफॉर्म के अनुसार, इस छोटे कंटेनर जहाज को रविवार को ओमान की खाड़ी में ईरान के चाबहार बंदरगाह के पास रोका गया.
ईरानी सेना ने क्या कहा?
ईरान की सेना ने कहा कि यह जहाज चीन से आ रहा था और अमेरिका पर “सशस्त्र डकैती” का आरोप लगाया. तेहरान ने यह भी कहा कि जब तक नाकाबंदी नहीं हटाई जाती, वह इस्लामाबाद में होने वाली दूसरी दौर की बातचीत में शामिल नहीं होगा.




